समाचार
मुजफ्फरनगर में रविवार को नहीं लगेगा कर्फ्यू, मंगलवार और शुक्रवार को भी नहीं होंगे बाजार बंद
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे द्वारा पूर्व में आदेश जारी करते हुए जनपद में प्रत्येक रविवार को पूर्ण बंद लॉकडाउन (कर्फ्यू )घोषित किया गया था। जिसमें सभी प्रकार के व्यापारिक प्रतिष्ठान, दुकाने, होटल, मॉल एवं रेस्टोरेंट इत्यादि बंद किए जाने के आदेश किये गए थे। माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा मंगलवार, शुक्रवार को पूरा दिन एवं अन्य दिनों की भांति रविवार को भी बाजार खोले जाने की लगातार मांग की जा रही है।
कोविड-19 के केस कम होने तथा जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारिक संगठनों की मांग को दृष्टिगत रखते हुए जनहित में मंगलवार, शुक्रवार को अपराहन 1ः00 बजे से बाजार बंद करने संबंधी आदेश एवं रविवार को लॉक डाउन (कर्फ्यू) संबंधी आदेश वापस लिये जाते हैं । बाजार की साप्ताहिक बंदी के संबंध में नगर क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत निर्णय लेकर अवगत कराएंगे।
मिनी ट्रक की टक्कर से किसान की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली बुढ़ाना के गांव अलीपुर अटेरना में शनिवार की सुबह घर के बाहर सफाई कर रहे किसान को मिनी ट्रक ने कुचल दिया। जिससे किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर बुढ़ाना- खतौली मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव अलीपुर अटेरना निवासी प्रवीण उर्फ बिल्लू पुत्र अतर सिंह शनिवार की सुबह करीब 6 बजे खतौली- बुढ़ाना मार्ग पर गांव में स्थित अपने घर के बाहर झाड़ू लगाकर सफाई कर रहा था। वहीं पर गोबर से भरी बुग्गी खड़ी थी। तभी खतौली की और से आ रही एक डीसीएम अनियंत्रित होने पर सड़क के किनारे खड़ी गोबर से भरी बुग्गी में सीधी टक्कर मार दी। तब बुग्गी टूटने के बाद प्रवीण को लग गई और डीसीएम ने भी प्रवीण को अपनी चपेट में ले लिया। प्रवीण ने मौके पर दम तोड़ दिया। इस घटना को देखकर सड़क के इर्द-गिर्द अपने अपने घरों के बाहर खड़े ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। डीसीएम चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम बुढ़ाना मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को उचित मुआवजा दिलाने का तथा गांव के बीच निकल रहे मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने का आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया।
युवती ने खुद को फांसी लगाकर की आत्महत्या
मुजफ्फरनगर। अज्ञात कारणो के चलते एक युवती ने खुद को फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला भरतिया कालोनी निवासी राजू की बेटी उर्वशी ने अज्ञात कारणो के चलते खुद को फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। इस दुखद हादसे से परिजनो मे कोहराम मच गया। मामले की जानकारी पर पडौसियो सहित अनेक लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मौहल्लावासियो की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने फांसी पर लटके शव को नीचे उतरवाया तथा पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। बताया जाता है कि भरतिया कालोनी निवासी राजू की विवाहित बेटी उर्वशी अपने बेटे के साथ आजकर अपने मायके आई हुई थी। कि आज सुबह अज्ञात कारणो के चलते विवाहिता उर्वशी ने खुद को फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। महिला की मौत का कारण पता नही लग पाया है। वहीं दूसरी और पुलिस सूत्रो का कहना है कि पोस्ट मार्टम रिर्पोट व मामले की छानबीन के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकेगा। महिला की मौत से मौहल्लावासियो मे शोक छाया हुआ है।
पीएम केयर में सहयोग किया
मुज़फ्फरनगर। टैक्स बार एसोसिएशन मुजफ्फरनगर रजिस्टर्ड का एक डेलिगेशन केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान से मिला तथा कोरोना आपदा के लिये संघ ने अपने सदस्य के माध्यम से जुटाया गया ५१००० का चेक पीएम केयर फ्रेंड में दिया। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान से भेंट करने वालों में टैक्स बार एसोसिएशन से संघ अध्यक्ष आर के शर्मा एडवोकेट जनरल सेक्रेटरी असग़र मेहंदी एडवोकेट संघ के वरिष्ठ सदस्य शलभ कौशिक रोहताश कर्णवाल एडवोकेट सुधीर कुमार गर्ग एडवोकेट शलभ गर्ग एडवोकेट वित्त सचिव संघ दीपक शर्मा सचिव इनकम टैक्स एवं मीडिया प्रभारी नमन मित्तल एडवोकेट आदि शामिल रहे।
चेयरमैन श्रीमती अंजू अग्रवाल की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक संपन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा
नगर पालिका की बोर्ड बैठक में 151 करोड रुपए का बजट पास हुआ
मुजफ्फरनगर। ८ महीने ८ दिन बाद नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की बोर्ड बैठक पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल जी के प्रयासों से आज आयोजित की गई शासन की गाइड लाइन के हिसाब से सभी बिंदुओं का ध्यान रखा गया था मीडिया के बंधुओं की बैठने की अलग व्यवस्था अधिशासी अधिकारी के कमरे में कराई गई थी और वहां पर एलईडी के माध्यम से वह लोग लाइव टेलीकास्ट देख रहे थे ऐसे ही पति सभासदों की बैठने की व्यवस्था पालिका अध्यक्ष के कमरे में अलग कराई गई थी और वह भी एलईडी के माध्यम से बोर्ड बैठक का लाइव टेलीकास्ट देख रहे थे होल के अंदर भी सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा गया था सर्वप्रथम पालिका अध्यक्ष ने अपने संबोधन में चीन द्वारा हिंदुस्तान के मारे गए सैनिकों के बारे में चीन की निंदा की और सदन में निंदा प्रस्ताव रखा और फिर बाद में कोविड-१९ में पालिका के कर्मचारियों अधिकारियों एवं माननीय सभासदों द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की विशेष तौर पर सफाई कर्मचारी संघ द्वारा किए गए कार्यों की पालिका अध्यक्ष द्वारा उन लोगों का आभार जताया गया आगे बोलते हुए पालिका अध्यक्ष ने कहा पूरा बोर्ड अब एक है ढाई साल हो चुका है बचे हुए ढाई सालों में शहर में और बहुत से विकास कार्य कराने है जनता को हमारे से बहुत आशाएं हैं इसके बाद राष्ट्रीय गान के साथ बैठक की कार्यवाही आरंभ की गई लगभग १५१ करोड रुपए का बजट पास कराया गया ७१ प्रस्तावों में से ७० प्रस्ताव पास किए गए एक प्रस्ताव संख्या २५९.२६९.२७१.२७२. को आगामी बोर्ड बैठक में रखने पर प्रस्ताव पास होगा बनी लगभग सभी बिंदुओं पर पूरे बोर्ड ने सर्व सहमति से एजेंडे को पास किया जेई मूलचंद को बहुमत के आधार पर हाथ उठाकर रिलीज किया गया और आखिर में राष्ट्रीय गान के साथ बैठक को समाप्त किया गया इसके बाद पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल जी पिछले कई दिनों से नगर पालिका परिषद सभागार में धरने पर बैठे ठेकेदारों के बीच पहुंची और ठेकेदारों के अध्यक्ष श्री आदेश त्यागी जी को कहां मैंने पूरा प्रयास किया था कि आप लोगों का पेमेंट ना रुके और आगे भी मैं कोशिश करूंगी फिर जल्द से जल्द आप लोगों का पेमेंट करा दिया जाए आप लोग मेरे परिवार का हिस्सा है आपकी परेशानी मेरी परेशानी है आप लोग जल्द से जल्द रुके हुए कार्यों को पूरा करें और जो नए कार्य हैं उन्हें भी आरंभ किया जाए पालिका अध्यक्ष का आश्वासन मिलने के बाद ठेकेदार यूनियन द्वारा अपना धरना समाप्त कर दिया गया बैठक में जिला बैठक में पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल अधिशासी अधिकारी विनय कुमार त्रिपाठी जिला विद्यालय निरीक्षक एवं अन्य लोग शामिल है।
एक जुलाई से खुलेंगे स्कूल-कॉलेज
मुजफ्फरनगर। एक जुलाई से जनपद के समस्त हाई स्कूल व इण्टर मीडिएट कॉलेज खुला करेंगे तथा सभी शिक्षको एवं विद्यालय स्टाफ को प्रतिदिन विद्यालय आने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय का समय प्रातः साढे सात बजे से दोपहर एक बजकर पचास मिनट रहेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक गजेन्द्र कुमार ने जारी प्रेस विज्ञप्ति मे अवगत कराते हुए बताया कि प्रमुख सचिव, माध्यमिक शिक्षा उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्ष्ता मे दिनांक 16 जून 2020 को वीडियो कान्फ्रेस आहूत की गई। जिसमें अन्य बिन्दुओ के साथ-साथ माह जुलाई 2020 से विद्यालय खोलने तथा विद्यालय में शिक्षको सहित स्टाफ की उपस्थिती के सम्बन्ध मे निर्देश दिये गए हैं।
अतः प्रमुख सचिव, माध्यमिक शिक्षा उत्तर प्रदेश शासन द्वारा दिए गए निर्देशो के अनुपालन मे निम्नवत निर्देश दिए गए हैं। जिनके अनुसार 01 जुलाई 2020 से विद्यालय खुलेंगे तथा विद्यालय का शैक्षिक पंचाग के अनुसार प्रातः 7ः50 से दोपहर 12ः50 रहेगा। विद्यालय मे समस्त स्टाफ विद्यालय विद्यालय समय पर उपस्थित रहेगा तथापूरे समय विद्यालय मे रहेगा। शिक्षको द्वारा विद्यालय मे उपस्थित रहकर ही ऑनलाईन कक्षाओ का संचालन किया जाएगा। विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा एक पंजिका तैयार की जाएगी। जिसमें कक्षावार ऑन लाइन पंजीकरण संखया तथा लाभान्वित छात्र संख्या प्रतिदिन अंकित की जाएगी।
डीआईओएस गजेन्द्र सिह ने बताया कि विद्यालय प्रवेश प्रक्रिया 01 जुलाई 2020 से प्रारम्भ कर 05 अगस्त 2020 तक नियमानुसार प्रवेश किये जा सकते हैं। सोशल डिस्टेंसिग का अनुपालन कराते हुए छात्रो से नियमानुसार शुल्क जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि भीड एकत्रित ना हो। विद्यालय के अन्य समयबद्ध सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाए।
हाईस्कूल व इंटर के रिजल्ट घोषित
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिये गये है उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित किये गये हाईस्कूल के परिणामों में मुजफ्फरनगर के आर्य एकेडमी इंटर कालेज शाहपुर के छात्र देवकुमार ने 92.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कालेज केशवपुरी की छात्रा छवि ने 90.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। अभिषेक, जयन्त लाला लाजपत राय सरस्वती इंटर कालेज मुजफ्फरनगर ने 90.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान पाया है। इसके अलावा सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र वैभव शर्मा ने 90.33, शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कालेज के छात्र अजय कुमार शर्मा ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किये है। एमडीएस विद्या मंदिर मिल मंसूरपुर के छात्र नीटू ने 89.67 प्रतिशत अंक प्राप्त किये है। भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज की छात्रा हिमानी शर्मा ने 89.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किये है। बरला इंटर कालेज बरला के छात्र मनीष कुमार को 89 प्रतिशत, शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कालेज के छात्र आर्थव गुप्ता को 88.83 प्रतिशत अंक मिले है। कुंवर जगदीश प्रसाद एसडी हाईस्कूल के छात्र सम्भव वर्मा को 88.83 प्रतिशत अंक मिले है। केके कन्या इंटर कालेज काजीखेडा मुजफ्फरनगर की छात्रा तनु पंवार को भी 88.83 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए है। एमडीएस विद्या मंदिर मिल मंसूरपुर की छात्रा नेहा को भी 88.83 प्रतिशत अंक मिले है। भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज की छात्रा निधि को 88.67 प्रतिशत अंक मिले है। इसी स्कूल की प्रिया पुंडीर को 88.67 प्रतिशत प्राप्त किये है। एमडीएस विद्या मंदिर मिल मंसूरपुर की छात्रा पलक को 88.67 प्रतिशत अंक मिले है। शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कालेज के आयुष राणा को 88.50 प्रतिशत अंक मिले है। इंटर मीडिएट परीक्षा में भागवन्ती सरस्वती इंटर कालेज की छात्रा सुभाजंलि शर्मा को 86.40 प्रतिशत अंक मिले है। विशाल इंटर कालेज खतौली के छात्र विपुल कुमार को 85.20 प्रतिशत अंक मिले है। डीएवी इंटर कालेज मुजफ्फरनगर के छात्र आकाश शर्मा को 84.80 प्रतिशत अंक मिले है। एसडी इंटर कालेज मीरांपुर के छात्र श्रीकांत कपासिया को 84.20 प्रतिशत अंक मिले है। एनएएम गर्ल्स इंटर कालेज की छात्रा शाहिन को 84 प्रतिशत अंक प्राप्त किये है।
फीस माफी की मांग को लेकर दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के दौरान फीस माफी की मांग को लेकर आंदोलन चला रहे अभिभावकों ने आज कचहरी में डीएम कार्यालय पर पहुंचकर एक ज्ञापन दिया और शासनादेश की अनदेखी कर जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा निजी स्कूलों के पक्ष में लिखित आदेश दिये जाने पर आक्रोश व्यक्त किया है। ऑल स्कूल पेरेंटस एसोसिएशन के बैनर तले कचहरी पहुंचकर अभिभावकों ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन देकर बताया कि प्रमुख सचिव आराधना शुक्ला द्वारा कोरोना वायरस लॉकडाउन की अवधि में शुल्क न लिये जाने के सम्बंध में शासनादेश जारी किया था, जिसमें स्पष्ट उल्लेख है कि कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत लॉकडाउन के कारण अनेको छात्रों के अभिभावको के रोजगार भी प्रभावित हुए है। ऐसी स्थिति में उनके द्वारा शुल्क जमा किया जाना संभव नहीं हो पा रहा है यदि आपदा की अवधि में शुल्क को स्थगित किये जाने का अनुरोध अभिभावकों द्वारा किया जाये, तो विद्यालय प्रबंधक व प्रधानाचार्य द्वारा आपदा को दृष्टिगत रखते हुए शुल्क को स्थगित करने पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाये। एसोसिएशन के अध्यक्ष उमंग वत्स व सचिव पंकज त्यागी ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि वर्तमान समय में व्यापार ठप होने के कारण अभिभावकों द्वारा फीस जमा कराया जाना संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसे में फीस माफी के आदेश जारी किये जाये। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन द्वारा लगातार फीस जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है और छात्र छात्राओं व अभिभावकों को परेशान किया जा रहा है, जबकि अभिभावक फीस जमा कराने की स्थिति में नहीं है। अभिभावकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव मंडलायुक्त व संयुक्त शिक्षा निदेशक को भी ज्ञापन की प्रति भेजी है।
पांच दिन से चल रहा धरना समाप्त 
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिसर में भुगतान संबंधी मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से ठेकेदार धरना दे रहे थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि जब तक उन्हे भुगतान नहीं दिया जायेगा उनका अांदोलन जारी रहेगा। शनिवार को पालिका बोर्ड की बैठक हुई। बैठक के बाद चेयरमैन अंजू अग्रवाल धरनारत ठेकेदारों के बीच में पहुंची। उन्होंने कहा कि आपने अपनी जेब से पैसा लगा रखा है इसका हमे भी ख्याल है। आपका रनिंग भुगतान तत्काल कराया जायेगा। इसके अलावा जो कार्य पूर्ण हो चुके है उनके संबंध में जिला प्रशासन को पत्र लिखा जायेगा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आपका पूरा भुगतान कर दिया जायेगा। पालिकाध्यक्ष के आश्वासन पर ठेकेदारों ने पांच दिन से चल रहा धरना समाप्त कर दिया।
शराब तस्कर गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना चरथावल पुलिस द्वारा ग्राम रोनीहरजीपुर में चल रही अवैध शराब की भट्टियों का भण्डाफोड करते हुए ०१ शराब तश्कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त शराब में यूरिया मिलाकर उसकी तीव्रता बढाकर बेचता था। पूछताछ में राहुल पुत्र रणजीत निवासी मोहल्ला नई बस्ती नंदग्राम आश्रम थाना सिहानी गेट जिला गाज़ियाबाद हाल निवासी ग्राम रोनीहरजीपुर थाना चरथावल जनपद मुजफ्फरनगर बताया जिनसे २५ लीटर कच्ची शराब, ०५ लीटर अपमिश्रित शराब, ०२ किलोग्राम यूरिया, २७० लीटर लाहन (नष्ट किया गया), शराब बनाने के उपकरण( पतीला, ड्रम, बाल्टी,मग्गा, कीप आदि) बरामद की।
त्रैमासिक पत्रिका ओजस्वी मन का विमोचन
मुज़फ्फरनगर। त्रैमासिक पत्रिका ओजस्वी मन का विशेषांक केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ.संजीव बालियान के जीवन,उपलब्धियों व कार्या को लेकर प्रकाशित किया गया है।जिसका विमोचन शनिवार को डॉ.संजीव बालियान ने अपने आवास पर किया। इस अवसर पर पत्रिका के सम्पादक पं.दीपक कृष्णात्रेय ने कहा कि डॉ.संजीव बालियान जी ने कठिन परिश्रम और जनहित के अपने कार्या के बल पर एक अलग पहचान बनायी है। सभी के प्रति उनका व्यवहार स्नेहपूर्ण रहता है।वे प्रत्येक स्थिति में सामंजस्य स्थापित कर चलने वाले, विकास को प्राथमिकता देने वाले हैं।डॉ.संजीव बालियान बहुत से युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत है।कृष्णात्रेय ने बताया कि जनपद के वरिष्ठ समाजसेवी कुंवर देवराज पंवार की प्रेरणा से यह विशेषांक डॉ.संजीव बालियानके जनहितकारी कार्या को लेकर प्रकाशित किया गया है। हिन्दू युवा वाहिनी मुज़फ्फरनगर के जिलाध्यक्ष मुकेश राणा ने कहा कि डॉ.संजीव बालियान जी ऐसे नेता हैं जो प्रत्येक व्यक्ति के सुख-दुख में मजबूती से साथ खड़े दिखाई देते हैं।उनसे मिलकर आत्मीयता का अनुभव होता है।ऐसा आदर्श नेतृत्व मिलना जनपद के लिए सौभाग्य की बात है।डॉ.संजीव बालियान जी के विकासवादी कार्या को लेकर ओजस्वी मन पत्रिका का विशेषांक प्रकाशित करना वास्तव में सराहनीय कार्य है।इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री के भाई विवेक बालियान,वरिष्ठ समाजसेवी त्रिलोचन सिंह गम्भीर,व्यापारी नेता ब्रजभूषण अग्रवाल,हिन्दू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री विनोद पुंडीर,ओजस्वी मन के सह-संपादक अंकुर पहलवान,शुभम बालियान आदि उपस्थित रहे।
दवाईयां वितरित की
मुजफ्फरनगर। उद्योगपति भीमसैन कंसल ने कोरोना वायरस में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली 11 हजार दवाईयों की शीशी केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान के हाथों से सीएमओ डा. प्रवीन चौपडा को सुपुर्द की।
उद्योगपति भीमसैन कंसल ने केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद संजीव बालियान के आवास पर 11 हजार रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढाने वाली आर्सेनिक एल्बम ३० की दवाइयों की शीशी सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा को सुपुर्द की। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने अपने आवास पर आये क्षेत्र से आए लोगों को अपने हाथों से दवाइयां वितरित की। केंद्रीयमंत्री ने उद्योगपति भीमसेन कंसल का समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए उन्हे शुभकामनाएं देते हुए आभार प्रकट किया।
मुजफ्फरनगर में रेल से कट गयी 6 भैंस, पीडित को मिले मुआवजा,एडीएम को दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। बामनहेडी रेलवे ट्रेक के पास बीते दिनों मालगाडी से हुये हादसे में 6 भैसो की मौत हो गई थी, उसी पीडित परिवार को लेकर आज सपा नेता शमशेर मलिक जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे व अपर जिलाधिकारी से मुलाकात। की,जिसमे शमशेर मलिक ने पीडित परिवार के लिए 5 लाख रूपये मुआवजे की मांग की है। सपा नेता शमशेर मलिक ने बताया कि 2 दिन पूर्व मदीना कॉलोनी निवासी शमशाद का पुत्र बामनहेडी के पास अपनी 6 भैंस चरा रहा था।
नेता ने अपर जिलाधिकारी को बताया कि शमशाद बेहद गरीब है,और शमशाद पशुपालन करके ही अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था,अब शमशाद के परिवार के सामने रोजी रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।इसी लिए सपा नेता ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द 5 लाख रूपये का मुआवजा दिलाने की मांग की है।जिससे पीड़ित अपने परिवार का पालन पोषण कर सके। एडीएम आलोक कुमार ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को उचित मदद दिलाए जाने का भरोसा दिलाया है।
तेल के दाम बढ़ने के खिलाफ भाकियू का 30 जून को हल्ला बोल
मुजफ्फरनगर । डीजल और पेट्रोल के मूल्य में बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन 30 जून को देश भर में हल्लाबोल आंदोलन करेगी। जिसके तहत देश की सभी तहसीलों पर प्रदर्शन किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को कहा कि आज किसानों पर महंगी बिजली, खाद के दामों में बढ़ोतरी के बाद अब महंगे डीजल की एक ओर मार पड़ी है। देश के इतिहास में पहली बार डीजल की कीमत पेट्रोल से ऊपर है। 2014 में महंगाई को मुद्दा बनाने वाली भाजपा आज महगाई पर चुप है। किसानों की फसलो की खरीद नही हो पा रही है। किसानों को महगाई के अनुरूप दाम नहीं मिल पा रहा है। किसानों को सरकार कोई राहत नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का कार्य जनकल्याण होता है। जबकि सरकार विपरीत परिस्थितियों में भी जनता की जेब से टैक्स के नाम पर पैसा निकालकर खजाना भर रही है। सरकार पब्लिक लिमिटेड कंपनी की तरह कार्य कर रही है। आज डीजल पर लगभग 50 रुपए की एक्ससाइज ड्यूटी वसूली जा रही है। सरकार तेल व बिजली पर व्यापार कर रही है। भारतीय किसान यूनियन अब चुप रहने वाली नहीं है। जनता के साथ अन्याय में भाकियू संघर्ष के लिए तैयार है। आगामी 30 जून को भाकियू तहसील स्तर पर डीजल मूल्य में वृद्धि, बिजली की बढ़ी दर, वाहनों पर भारी भरकम चालान, किसानों को नलकूप का सामान न मिलने आदि समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन करेगी।

