Madhya Pradesh- PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कांग्रेस नेता राजा पटेरिया को जमानत
Madhya Pradesh हाई कोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया की जमानत अर्जी स्वीकार कर ली है. जस्टिस संजय द्विवेदी की सिंगल बेंच ने उन्हें 1 लाख रुपये के निजी मुचलके पर जेल से रिहा करने के आदेश दिए हैं.
राजा पटेरिया पिछले ढाई महीने से पन्ना जिले की पवई उपजेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं. यहां बता दें कि पिछली दफा राजा पटेरिया की जमानत अर्जी खारिज करते हुए जस्टिस संजय द्विवेदी ने अपने फैसले में कहा था कि आजकल यह फैशन बन गया है. कोई भी नेता लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह का बयान दे रहा है. इस बात की परवाह भी नहीं की जा रही है कि इसका अंजाम क्या होगा. अगर इस मामले में ज़मानत का लाभ दिया गया तो समाज में ग़लत संदेश जाएगा.
राजा पटेरिया की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान पिछली बार मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कांग्रेस नेता को इतनी राहत जरूर दी थी कि वह 30 दिन बाद किसी सक्षम न्यायालय में जमानत आवेदन फिर से लगा सकते हैं. इसी आधार पर 1 महीने बाद उनकी जमानत का अवेदन फिर से हाई कोर्ट में लगा था, जिसकी सुनवाई सोमवार को हुई. अब जाकर हाई कोर्ट ने उनकी जमानत अर्जी मंजूर कर ली.
यहां बता दें कि कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के खिलाफ 13 दिसम्बर 2022 को पन्ना जिले के पवई थाना में प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 451, 504, 505(1)(बी), 505(1)(सी), 506, 153-बी(1)(सी), 115, 117 के तहत मामला दर्ज किया गया था.
Madhya Pradesh के पन्ना जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित तौर पर हत्या से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने से सियासी बवाल मच गया था. इस वीडियो में कांग्रेस से वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया कहते हुए दिख रहे हैं कि संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहो. वीडियो वायरल होते ही बीजेपी ने इसे मुद्दा बना लिया. गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दे दिए थे. इसके तुरंत बाद राजा पटेरिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था.

