Womens World Boxing Championship में भारत के 4 पदक पक्के
निकहत जरीन और लवलीना बोरगोहेन ने बुधवार को उम्मीदों के अनुसार प्रदर्शन करते हुए Womens World Boxing Championship के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक पक्के किये. इन दोनों के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों की चैम्पियन नीतू गंघास (48 किलो) और अनुभवी स्वीटी बूरा (81 किग्रा) भी अंतिम चार में पहुंच गयीं.
नये वजन वर्ग में खेलते हुए मौजूदा चैम्पियन निकहत (50 किग्रा) ने थाईलैंड की चुथामाट रकसात को 5-2 से हराकर अपना दूसरा विश्व चैम्पियनशिप पदक पक्का किया जबकि लवलीना (75 किग्रा) ने मोजाम्बिक की एडोसिंडा राडी ग्रामाने पर 5-0 से जीत हासिल की. हरियाणा की 22 वर्ष की नीतू रिंग में उतरने वाली पहली भारतीय रहीं, उन्होंने दूसरे राउंड में आरएससी (रैफरी के द्वारा मुकाबला रोके जाना) के आधार पर जापान की माडोका वाडा को हराया. इस तरह उन्होंने अपने और भारत के लिये कम से कम एक कांस्य पदक पक्का किया.
टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला खेल रही स्वीटी ने अपनी शीर्ष वरीयता के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए 2018 कांस्य पदक विजेता बेलारूस की विक्टोरिया केबिकावा पर 5-0 से जीत हासिल कर विश्व चैम्पियनशिप का अपना दूसरा पदक पक्का किया. उन्होंने 2014 में रजत पदक जीता था. नीतू ने पूरी आक्रामकता के साथ खेलते हुए विरोधी पर जमकर घूंसे बरसाये. रैफरी ने मुकाबला रोककर नीतू के पक्ष में फैसला दिया. वहीं, निकहत का सामना अब सेमीफाइनल में कोलंबिया की इंग्रिट वालेंसिया से होगा जो रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता हैं.
हालांकि, भारत के लिए साक्षी चौधरी (52 किग्रा) और पिछले चरण की कांस्य पदक विजेता मनीषा मौन (57 किग्रा) अंतिम चार चरण तक पहुंचने में विफल रही. राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जैसमीन लम्बोरिया (60 किग्रा) और नुपूर श्योराण (+81) को भी हार सामना करना पड़ा.

