खतौली/Muzaffarnagar News: भगवान श्रेयांसनाथ का धर्मनगरी खतौली में निर्वाण महोत्सव मनाया
खतौली।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। धर्म नगरी खतौली के कानूनगोयान स्ट्रीट स्थित भगीरथी जैन मंदिर में आचार्य भारत भूषण महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में ११वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ का निर्वाण मोक्ष कल्याणक महोत्सव धर्म आराधना के साथ मनाया गया।इस अवसर पर स्त्री,पुरुष तथा बच्चे पीत वस्त्रों में धर्म पूजा के लिए एकत्रित हुए।
इस मांगलिक अवसर पर आचार्य श्री भारतभूषण द्वारा रचित खतौली में प्रथम बार लघु शांति विधान का भव्य आयोजन किया गया। लघु शांति विधान का विमोचन करने का पुण्यार्जन संदीप जैन शशांक जैन महलका परिवार को प्राप्त हुआ।
विधान आयोजित कराने का परम सौभाग्य जिनेंद्र जैन अरविंद जैन पेंट सहित समस्त बड़ौदा परिवार को प्राप्त हुआ। आज मुनि संघ की सामूहिक आहार चर्या का विशेष आयोजन जैन साधु भवन सर्राफान में किया गया। जिनेंद्र भगवान के चित्र का अनावरण दीप प्रज्जवलन आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन व शास्त्र भेंट के कार्य भक्ति भावना से श्रद्धालुओं ने किए। संगीतमयी भक्ति के साथ भगवान श्रेयांसनाथ की पूजा की गई तथा निर्वाण कांड पढ़कर निर्वाण लाडू समर्पित किये गए।
आज इस पावन अवसर पर आयोजित धर्म सभा में आचार्य श्री ने अपनी मंगल भारत देशना में बताया श्रमण संस्कृति की रक्षा के महापर्व रक्षाबंधन के पावन अवसर पर हमें ७०० मुनिराजो के प्रति अपनी आस्था व श्रद्धा श्रीफल के माध्यम से अर्घ्य के रूप में समर्पित करने का सुअवसर मिलता है। इस भारतीय वसुंधरा की शोभा ऋषि महर्षियो से है। रक्षाबंधन पर्व हम सभी को कर्तव्य निष्ठा वात्सल्य एवं सहिष्णुता का पाठ सिखाने आता है।
इस दिन श्री विष्णु कुमार मुनिराज ने परम पूज्य अकम्पनाचार्य आदि ७०० मुनिराजो के ऊपर आए हुए उपसर्गों का निवारण किया तथा श्रावकों ने उपसर्ग निवारण के पश्चात अपने घरों में चौका लगाकर मुनिराजो को आहार दिया था। इस पर्व को भाई बहन के रक्षा सूत्र पर्व के रूप में भी मनाया जाता है उपस्थित लोगों ने राष्ट्र ,संस्कृति, धर्म तथा समाज में वात्सल्य संरक्षण का संकल्प लिया।
जय भारत जैन यूथ ग्रुप का विशेष सहयोग रहा। संयम महोत्सव व वर्षा योग समिति तथा समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसी के साथ नगर के नौ जैन मंदिरों में धार्मिक पूजा अर्चना के सामूहिक कार्यक्रम आयोजित हुए।

