उत्तर प्रदेश

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी बस

हिमाचल प्रदेश से बरेली जा रही निजी बस ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर खेकड़ा स्टेडियम के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 28 मजदूर घायल हुए हैं।

पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण मेरठ रेफर किया गया है। डीएम शकुंतला गौतम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। डबल स्टोरी बस में एक सौ से अधिक मजदूर सवार थे।

हिमाचल प्रदेश के बद्दी की साबुन फैक्टरी से निजी बस में सवार होकर मजदूर दीपावली मनाने के लिए अपने घर बरेली लौट रहे थे। रात करीब ढाई बजे खेकड़ा थाना क्षेत्र के मवी कलां इंटरचेंज से आगे निकलते ही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। 

वहीं एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे वाहन चालकों ने हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बस से निकाला।

एसडीएम खेकड़ा अजय कुमार और सीओ खेकड़ा मंगल रावत भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। 

उधर, डीएम शकुंतला गौतम, सीएमओ डॉक्टर आरके टंडन, सीएमएस डॉक्टर बीएल कुशवाह, जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का उपचार कराया। डीएम शकुंतला गौतम ने बताया कि 28 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर होने के कारण मेरठ रेफर कर दिया गया है। 

वहीं मजदूरों ने बताया कि बस डबल स्टोरी थी और एक सौ से अधिक लोग सवार थे। सबको बरेली में अलग-अलग जगह जाना था।

बरेली के सिरोही गांव निवासी अभिषेक (12), आरती (32), विवेक (18), हरदोई की ज्ञानवती (32) और रुचि (12) को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जिला अस्पताल से चार घायलों को छुट्टी दे दी गई है। 19 घायल भर्ती है।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three + two =