लुटेरी दुल्हन: रात के खाने में मिलाया नशीला पदार्थ,70 हजार रुपये व गहने समेत लाखों का सामान समेटकर फरार
मेरठ जिले के शामली शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नवविवाहिता परिवार के सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए 70 हजार रुपये व गहने समेत लाखों का सामान समेटकर फरार हो गई। पीड़ित पति ने बागपत जिले के एक युवक के साथ पत्नी के फरार होने की आशंका जताई है।
शनिवार सुबह शहर कोतवाली में एक गांव निवासी युवक ने तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी एक माह पहले 25 नवंबर को जिला बागपत के बड़ौत क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से हुई थी।
आरोप है कि नवविवाहिता ने शुक्रवार रात को परिवार के सभी सदस्यों को खाने में कोई नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे रात में उन्हें कुछ पता नहीं रहा।
रात में नवविवाहिता घर में रखे 70 हजार रुपये, सोने की दो तोले की चैन, दो अंगूठी, टीका, चांदी की 20 तोले की पाजेब, बिछुए, मंगलसूत्र आदि समेटकर फरार हो गई।
सुबह जब उनकी आंख खुली तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने बताया कि सुबह उसे अपनी पत्नी के घर पर पता किया तो वहां से बड़ौत क्षेत्र के दूसरे गांव के युवक का नाम सामने आया।
पीड़ित ने उस युवक के साथ फरार होने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि यह मामला जानकारी में आया है। मामले की जांच की जा रही है।

