समाचार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की घोषणा, मुजफ्फरनगर में 6 ऑक्सीजन प्लांट ओर लगेंगे
मुज़फ्फरनगर। कोरोना के खिलाफ जंग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महानगरों के दौरे पर हैं। सोमवार को सुबह ११ बजे वह हेलीकाप्टर से मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट में बने कोविड सैन्टर का निरीक्षण किया। मीटिंग के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान हमारे लिए महत्वपूर्ण है और शासन व प्रशासन पूरी तरह से कोरोना संक्रमित लोगों को बचाने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना वारियर्स इस आपदा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है यदि उन पर किसी व्यक्ति ने हमला किया तो प्रशासन ऐसे लोगों के साथ सख्ती के साथ पेश आयेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे कोरोना से पीड़ित लोगों का मनोबल बढाये और कोरोना की इस आपदा में बढ चढकर लोगों की मदद करे। इस दौरान भारी पुलिस बल पहले से ही तैनात की गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में ऑक्सीजन के ६ और प्लांट को मंजूरी दे दी है।
पत्रकारों से वार्ता करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।#news #Update #COVID19 #YogiAdityanath #Muzaffarnagar #NewsAlert pic.twitter.com/mQm7ICuthd
— News & Features Network (@mzn_news) May 17, 2021
उन्होंने बताया कि पीड़ित लोगों के लिए मेडिकल किट की व्यवस्था की गई है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा कोविड टेस्ट हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब कोरोना पाजिटीवों का ग्राफ लगातार गिर रहा है। 24 अप्रैल को प्रदेश में 38055 केस आये थे अप्रैल के अंतिम सप्ताह में इनमे लगातार गिरावट आनी शुरू हो गयी है। 30 अप्रैल तक प्रदेश में एक्टिव पाजिटीव केस की संख्या 310000 थी जिसमे लगातार गिरावट हो रही है मई के प्रथम सप्ताह में पाजिटीव केस का कुल 16.5 प्रतिशत रह गया है। मई के दूसरे सप्ताह में अब पूरे प्रदेश में केवल 3.5 प्रतिशत केस रह गये है। उन्होंने कहा कि मई के दूसरे सप्ताह में 1लाख 61 हजार मरीज ठीक होकर घर गये है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपद में हमने साढे चार करोड टैस्ट कराये है और ईश्वर की कृपा से अब हमने 90 प्रतिशत रिकवरी प्राप्त कर ली है। उन्होंने कहा कि 18 से 44 वर्ष के कुल डेढ करोड व्यक्तियों को भी हमने वैक्सीन लगवायी है। उन्होंने कहा कि हमने हास्पिटलों की संख्या को बढाया है। जहां पहले एल-1 में प्रदेश में कुल 1 लाख 16 हजार बैड थे अब एल-2 और एल-3 हास्पिटल बनाकर इनकी संख्या में लगातार बढोत्तरी की जा रही हैं आज प्रदेश में आक्सीजन की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। कोविड 19 के पहले फेस में आक्सीजन की मांग तीन सौ मीट्रिक टन थी जो दूसरे फेस में बढकर 1000 मीट्रिक टन हो गयी। अब हर जनपद में आक्सीजन की कमी नहीं रहेगी। पूरे प्रदेश में 300 आक्सीजन प्लांट लगाये जायेंगे। मुजफ्फरनगर में 4 आक्सीजन प्लांट पहले से ही काम कर रहे है अब 6 आक्सीजन प्लांट और लगाने की मंजूरी दी गयी है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इसके अलावा गांव में फैलते संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। 5 मई से घर-घर जाकर निगरानी समितियां जांच कर रही है यदि किसी को कोविड का लक्षण भी पाया जाता है उसे मैडिकल किट दी जा रही है। होम आइसोलेशन की भी व्यवस्था की गयी है प्रदेश के प्रत्येक गांव प्रधान को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अपने गांव में पांच बैड की व्यवस्था करे ताकि वहां आइसोलेट मरीजो को रखा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में किसी को भी भूख से नहीं मरने दिया जायेगा। सरकार ने पूरे प्रदेश में जगह जगह कम्यूनिटी किचन की स्थापना की है। जनपद मुजफ्फरनगर में भा सरकार के साथ मिलकर अनेक स्वंयसेवी संस्थाएं कोविड मरीजो और उनके तिमारदारों को भोजन उपलब्ध करा रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आशंका जताई जा रही है कोविड का तीसरा फेस आने वाला है जोकि बच्चों पर भारी पडेगा। बच्चों में भी इस बीमारी के रोकने के लिए सरकार ने पूरी व्यवस्था कर ली है बच्चों के लिए इलैक्ट्रिक आईसीयू बनाये जा रहे है। इसके अलावा ब्लैक फंगस के मरीजों की भी जांच कर उन्हे दवाई दी जा रही है। उन्होंने सभी से अपील की है कि भय के बजाये धैर्य रखे। उन्होंने कहा कि कोरोना पर विजय तभी प्राप्त की जा सकती है जब हम सब सतर्कता और सुरक्षा अपनायेंगे। साठ साल के बुजुर्ग व बीमारी से ग्रसित व्यक्ति व गर्भवती महिलाएं घरों से बाहर न निकले। दस साल तक की उम्र के छोटे बच्चों को घर में ही रखे। जरा सी भी परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सालय में जाकर सम्पर्क करे। यदि सब सुरक्षा चक्रम अपनायेंगे तो निश्चित तौर पर हम विजयी होगे और कोराना हारेगा। हेलीपैड पर केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान, प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, बुढाना विधायक उमेश मलिक, विधायक प्रमोद ऊंटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला आदि मौजूद रहे। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने उन्हें विस्तार से तमाम जानकारी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल ने एसएसपी अभिषेक यादव के साथ जिला कचहरी में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन की आहट ने ही जिले के अधिकारियों की नींद उडा दी। देर रात तक पूरा प्रशासन व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त करने में जुटा रहा। तमाम अधिकारी भी सक्रिय भूमिका में दिखाई दिए।
सीएम योगी का हैलीपैड पर स्वागत किया
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हैलीकॉप्टर द्वारा पुलिस लाइन मे पहुंचने पर केंन्द्रीय राज्यमंत्री और मुजफ्फरनगर के सांसद डा.संजीव बालियान,मंत्री कपिलदेव अग्रवाल,जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला,विधायक उमेश मलिक,विधायक विक्रम सैनी,डीएम सेल्वा कुमारी जे., एसएसपी अभिषेक यादव आदि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियो ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हैलीपैड पर स्वागत किया। जिसके पश्चात सीएम योगी का काफिला पुलिस लाइन से कचहरी के लिए रवाना हुआ।
प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट
मुजफ्फरनगर। कोविड-19 को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद दौरे को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कचहरी परिसर छावनी मे तब्दील कर दी गई। कचहरी गेट से लेकर कचहरी परिसर तक प्रत्येक स्थान पर पुलिसबल तैनात रहा। पुलिस द्वारा कचहरी के दोनो गेट के अलावा कचहरी परिसर मे भी कई जगह बैरीकेटिंग की व्यवस्था रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर कडे सुरक्षा प्रबन्ध रहे। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल ने कचहरी प्रांगण मे व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान आईजी प्रवीण कुमार,एसएसपी अभिषेक यादव,एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय,सीओ सिटी कुलदीप कुमार,इंस्पैक्टर सिविल लाइन,एलआईयू प्रभारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम की बैठक में चेयरमैन को नहीं मिली एंट्री, नाराज होकर सभागार के बाहर बैठी, सीओ सिटी मनाकर अंदर ले गए
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल को सीएम योगी की बैठक में जाने से रोका गया तो वह फफक कर रो पड़ी। जिला पंचायत के सभागार में सीएम द्वारा ली जा रही जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक में चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल को जाने से रोक दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि लिस्ट में उनका नाम नहीं है। यह सुनकर वे रो पड़ी। उन्होंने कहा कि मैं नगर की प्रथम महिला हूं, मुझे सीएम की बैठक में शामिल न कर यह अन्याय किया जा रहा है। चेयरपर्सन सभागार के बाहर कुर्सी पर अकेले बैठी रही। काफी देर बाद सीओ सिटी कुलदीप कुमार ने अधिकारियों से वार्ता की और तब चेयरपर्सन को अंदर बैठक में भेजा गया।
सीएम योगी ने रामपुर गांव में ग्रामीणों को संबोधित किया
मुज़फ्फरनगर। कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से वार्ता की। इसके बाद इनका काफिला रामपुर गांव की रवाना हुआ। रामपुर में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस गांव के ग्राम प्रधान और अन्य लोग पूरी मेहनत से कोरोना महामारी के प्रति गम्भीरता दिखा रहे है। उन्होंने कहा कि इस महामारी को सतर्कता और सुरक्षा अपनाकर ही खत्म किया जा सकता है कोरोना पर तभी विजय प्राप्त होगी जब सभी लोग बगैर मास्क के घर से नहीं निकलेंगे तथा बार बार साबुन से हाथ धोए। मुख्यमंत्रीं योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार आप लोगों के सहयोग से कोरोना पर पूरी तरह से विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की मांग पर गांव में एक शमशान घाट बनवाने की भी संस्तुति की।
पुलिस ने कई वांछितों को दबौचा
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई वांछितों को गिरफ्तार किया। थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 भूपेन्द्र सिंह द्वारा वांछित अभियुक्त युसूफ पुत्र जहूर निवासी पिन्ना थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर को पिन्ना गेट से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 अक्षय शर्मा द्वारा अभियुक्तगण मजहर उर्फ मजरु पुत्र हाजी इसलाम, तहसीन पुत्र सलीम, तसलीम पुत्र इरशाद, बिट्टू उर्फ मौहम्मद शादाब पुत्र तसलीम, अब्दुल कादिर पुत्र तसलीम निवासीगण खालापार थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर को अभियुक्तगण के मसकन से गिरफ्तार किया। वहीं थाना जानसठ पर नियुक्त उ0नि0 मनमोहन सिंह द्वारा पोक्सो अधि0 में वांछित अभियुक्त गौरव पुत्र सुशील निवासी सादपुर थाना जानसठ मुजफ्फरनगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना भोपा पर मौहम्मद शाहिद पुत्र साजिद निवासी ग्राम सिकरी थाना भोपा मुजफ्फरनगर द्वारा अभियुक्त गुलसन्नवर पुत्र नईम अहमद निवासी ग्राम सिकरी थाना भोपा मुजफ्फरनगर को ग्राम सिकरी से पकडकर थाना भोपा पुलिस के सुपुर्द किया गया। इसके अलावा थाना ककरौली पर नियुक्त व0उ0नि0 महेन्द्र त्यागी द्वारा वांछित अभियुक्तगण विशाल पुत्र प्रवीण, कालू पुत्र नरेश, पप्पू पुत्र ओमप्रकाश निवासीगण निजामपुर थाना भोपा मुजफ्फरनगर को अभियुक्त विशाल के मसकन से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गोमांश के साथ गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। थाना मन्सूरपुर पर नियुक्त उ0नि0 गजेन्द्र सिंह द्वारा अभियुक्त शहीदूउलजफर उर्फ बबलू पुत्र हमीदूलजफर निवासी संधावली थाना मन्सूरपुर मुजफ्फरनगर को जंगल ग्राम संधावली से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 80 किलोग्राम गौ-मांस व गौकशी के उपकरण बरामद किये गये।
मुजफ्फरनगर। थाना शाहपुर पर नियुक्त उ0नि0 बीरेन्द्र सिंह द्वारा अभियुक्तगण फारुख पुत्र इलियास, ईनाम पुत्र सब्बीर निवासीगण हजूरनगर थाना शाहपुर मुजफ्फरनगर को दौराने पुलिस कार्यवाही हजूरनगर वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त फारुख के कब्जे से 01 तमंचा मय 01 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर तथा अभियुक्त ईनाम के कब्जे से 01 चाकू बरामद किया गया।
व्यापारी का बीमारी के चलते निधन
खतौली। कस्बे के प्रतिष्ठित व्यापारी का बीमारी के चलते निधन हो गया। व्यापारी के निधन से कस्बावासियो मे शोक छा गया। जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी व्यापारी राम जी अरोरा पिछले कई दिनो से काफी बीमार चल रहे थे। बताया जाता है कि व्यापारी श्री राम जी अरोरा का मेरठ के एक निजी अस्पताल मे उपचार चल रहा था। जिनका उपचार के दौरान निधन हो गया।
पुलिस ने चैकिंग अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने चलाया चैकिंग/तलाशी अभियान। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रो सहित नगर क्षेत्र मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद भ्रमण को लेकर चैकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने इस दौरान कई स्थानो पर बैरीकेटिंग भी की। सीएम योगी के आगमन को लेकर प्रकाश चौक,कोर्ट रोड, कचहरी गेट तथा कचहरी परिसर मे सुदृढ व्यवस्था रखी। पुलिस ने मुख्यमंत्री के आगमन एवं कोरोना कर्फ्यू के मददेनजर बिना किसी जरूरी कार्य के घूमने वालो को रोककर उनसे पूछताछ की। पुलिस ने इस दौरान कई वाहन चालको के ई-चालान भी काटे। पुलिस ने इस दौरान कई लोगो को जमकर हडकाते हुए वापिस घर लौटाया। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के अनुपालन मे पुलिस ने चैकिंग अभियान चलाया। सीओ सिटी कुलदीप कुमार के निर्देशन मे शहर कोतवाल योगेश शर्मा, इंस्पैक्टर थाना सिविल लाइन उम्मेद कुमार ने चैकिंग अभियान चलाया। वहीं दूसरी और सीओ नई मन्डी हिमांशु गौरव के निर्देशन मे इंस्पैक्टर नई मन्डी कोतवाल अनिल कप्परवान की मौजूदगी मे जानसठ अडडा, द्वारकापुरी मोड, जानसठ रोड आदि विभिन्न स्थानो पर चैकिंग तलाशी चलाया।
हनुमान चालीसा का पाठ किया
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस स्वाहा के जाप से गुंजायमान हुए गांधी कॉलोनी के सभी मंदिर। सभी जगह विशेष प्रार्थना विश्व कल्याण के लिए की गयी। गाँधी कॉलोनी हाउसिंग सोसाइटी की और से इस आयोजन की शुरुआत की गयी सोसाइटी अध्यक्ष पवन छाबड़ा द्वारा सभी से इस महायज्ञ में अपनी आहुति डालने का आह्वान किया गया इस दौरान सभी जगह हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और कोरोना से बचाव हेतु विश्व में शांति की कामना की गयी. श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में पंडित गौरव, राकेश हुडिया, भवानी मलिक, देवराज श्री श्री गोलोक धाम में सतीश जी, बृजमोहन जी, विजय कृष्ण, सुमित छाबड़ा, नरेश चावला, कृष्ण ठकराल श्री वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन अनेजा, हरीश चढा, हनुमान मंदिर में राकेश कंसल, पप्पू भाई प्रोपर्टी वाले, श्री अनंततेश्वर महादेव मंदिर में महात्मा सर्वानंद पुरी जी, पंडित सतीश शर्मा, प्रियांशु शर्मा, अनिल धमीजा, अमर लाल धमीजा, मुल्कराज तागरा, वेद प्रकाश वाधवा, महेंद्र मलिक आदि द्वारा इस विश्व कल्याण कार्यक्रम का आयोजन कराया गया ! कोरोना वायरस आज पूरे विश्व की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है. इस वायरस के बचाव और इलाज को लेकर कई स्तर पर काम हो रहा है. एक तरफ डॉक्टर खुद का बचाव करते हुए कोरोना पॉजिटव का इलाज कर रहे हैं तो रिसर्च संस्थानों में दवाई ईजाद करने के लिए शोध हो रहे हैं. वहीं, धर्म में विश्वास रखने वाले लोग भी अपने अपने स्तर से विभिन्न मंदिरो में विशेष पूजा-पाठ एवं प्रार्थना कर रहे हैं. इसी क्रम में आज गांधी कॉलोनी क्षेत्र के सभी मंदिरों मे कोरोना के नाश हेतु हवन पाठ का आयोजन हुआ ! विश्व कल्याण की भावना के साथ अनेको जगह हवन का आयोजन किया गया जिसमें शामिल भक्तों ने विश्व कल्याण के साथ ही कोरोना वारयस के प्रभाव को कम करने के लिए प्रार्थना और हवन किया. इस कार्यक्रम के आयोजन में कॉलोनी के सभी लोगो ने अपना सहयोग दिया इस अवसर पर पवन छाबड़ा, प्रेमी छाबड़ा, विवेक चुघ आदि प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे !
कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया
मुजफ्फरनगर। कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए अधिकारी गांवों का भ्रमण कर रहे हैं। गांवों में बनाई गई निगरानी समिति को अलर्ट रहने के साथ गांव की जरूरत से भी अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। गांव में संक्रमण के अलावा अन्य गंभीर बीमारी के रोगियों को घर पर ही उपचार मिलेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ई-रिक्शा मोबाइल टीम का सहयोग किया जाए। ग्राम पंचायत सचिव अपने-अपने गांवों में सैनेटाइजेशन, फागिग और सफाई की जिम्मेदारी उठाएं।
एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी, खंड विकास अधिकारी पवन कुमार विश्वकर्मा ने अंतवाड़ा, बोपाड़ा के साथ कई गांवों का दौरा किया। अधिकारियों ने गांवों में बनी निगरानी समिति के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, समस्याओं पर मंथन किया। गांव में बाहर से आने वाले लोगों की जांच कराई जाए। इसके लिए गांवो में ई-रिक्शा मोबाइल टीम लगाई गई है। आशा कार्यकत्रियां घर-घर जाकर जानकारी जुटाने में लगी है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सचिव भी अपने क्षेत्रों के गांवों पर नजर रखें। औचक निरीक्षण करें और आइसोलेशन रूम की व्यवस्था को दुरूस्त रखा जाए। अंतवाड़ा के ग्राम पंचायत सचिव विजय शेखर से एसडीएम ने सैनेटाइजेशन, फागिग और साफ-सफाई की जानकारी ली। उन्हें रोजाना गांवों में पहुंचकर निगरानी समिति, आइसोलेशन रूम की जरुरतों को पूरा कराने के निर्देश दिए। सामूहिक पहल के बाद ही महामारी को गांवों में बढ़ने से रोका जा सकता है। ग्राम पंचायत सचिव विजय शेखर ने बताया कि उनके क्षेत्र के सभी गांवों के प्राथमिक विद्यालयों में आइसोलेशन रूम बन गए हैं। सफाई कर्मचारियों को लगाकर कार्य कराए जा रहे हैं। कहीं भी गंदगी का नामोनिशान नहीं रहने दिया जाएगा।
युवक ने किया जहरीले पदार्थ का सेवन
मुजफ्फरनगर। अज्ञात कारणो के चलते एक युवक ने घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड गई। युवक के परिजनो ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। सूत्रो के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के निकटवर्ती गांव सूजडू के मौहल्ला कुंगरपटटी निवासी एक युवक ने आज सुबह घर मे हुई आपसी कहासुनी पर घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड गई। इस हादसे से घबराये परिजनो ने पडौसियो की मदद से उक्त युवक को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भिजवाया। पुलिस ने इस हादसे की जानकारी होने से इन्कार किया है।
आपसी विवाद में मारपीट
शाहपुर। आपसी विवाद मे कुछ लोगो के बीच मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ युवको को हिरासत मे लेते हुए पूछताछ शुरू की। सूत्रो के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव मे किसी बात को लेकर आपसी विवाद मे हो गया। बताया जाता है कि इस दौरान उक्त दोनो पक्षो के बीच हुई आपसी कहासुनी मारपीट मे तब्दील हो गई। गांव मे आपसी विवाद व मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आपस मे झगड रहे कुछ युवको को हिरासत मे लेते हुए उनसे पूछताछ शुरू की। पुलिस सूत्रो का कहना है कि मामले की जांच पडताल व पूछताछ के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस इस घटना की छानबीन मे जुट गई है।
संघ कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर हवन सामग्री
मुजफ्फरनगर। संघ कार्यकर्ताओं ने कोरोना वायरस से खत्म करने के लिए कस्बे में रेहडे पर हवन सामग्री जलाकर धुमाया। साथ ही कार्यकर्ता ने घर घर जाकर हवन सामग्री बांटते हुए लोगों को काढ़े के पैकेट भी दिए।
कस्बे में बढते कोरोना के लक्षण के चलते संघ के कार्यकर्ताओं ने कस्बे में हवन सामग्री जलाते हुए भ्रमण किया। संघ कार्यकर्ता पूरे कस्बे की गलियों में भ्रमण करते हुए हवन सामग्री का धुआं कराया। उनके द्वारा कस्बे के घरों में जाकर हवन सामग्री के पैकेट व काढ़े के पैकेट बंटवाए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि प्रतिदिन लोग अपने घरों में हवन करे। जिससे वातावरण शुद्ध होगा और कोरोना वायरस से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने काढ़े का पैकेट देते हुए बताया कि सब लोग सुबह शाम इसका सेवन करे इससे कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं होगा। प्रदीप संगल सह खंड कारवाह, नवीन सैनी, नेत्रपाल, मनोज सैनी, गौरव जैन, अमित सैनी, समेत गांव देहात के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
चुनावी रंजिश में कातिलाना हमला करने वाले तीन गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। निजामपुर गांव में चुनावी रंजिश के चलते मारपीट के बाद धारदार हथियारों से कातिलाना हमला कर बलवा करने के आरोप में फरार चले रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हे जेल भेजा गया है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी अमर पाल ने बीते बुधवार को थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था कि उसका भाई भूषण, दुष्यंत व भतीजे शनि पर चुनावी रंजिश चलते के गांव के ही शशिकांत, विशाल, बोबी, नरेश, अजीत, कालू, नरेंद्र, पप्पू, प्रदीप ने लाठी डंडे व धारदार हथियारों से कातिलाना हमला कर घायल कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी पर भर्ती कराया था जहां गंभीर हालत के चलते तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। घटना का लाठी डंडों व फावड़े से हमला करने का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित शशिकांत, नरेश, अजीत, बोबी, नरेंद्र व प्रदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। थानाध्यक्ष मुकेश सोलंकी ने बताया कि पुलिस ने फरार चल रहे विशाल, कालू, पप्पू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हे जेल भेजा गया है।
लॉकडाउन में सुधर रहा प्रदूषण, सुहानी हो गई आबोहवा
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन से जहां कामकाज बंद होने से लोगों की आर्थिक स्थिति खराब होने की चिता हर किसी को है। वहीं प्रदूषण का ग्राफ उम्मीद से नीचे तक आने से सुधर रही आबोहवा राहत की सांस भी देती है। सामान्य दिनों में बहुत अधिक खराब स्थिति में पहुंचा प्रदूषण का ग्राफ इन दिनों काफी नीचे गिर आया है, जो अब संतुलित स्थिति में आकर स्वस्थ्य के लिए लाभकारी माना जाने लगा है। प्रदूषण का ग्राफ गिरने से मौसम में भी परिवर्तण देखने को मिला है, जो शाम होते ही ठंडी हवा का अहसास कराता है।
एनसीआर में शामिल मुजफ्फरनगर में औद्योगिक इकाईयों और वाहनों से निकलने वाला प्रदूषण आबोहवा को जहरीला बना चुका था। जनपद में एक समय ऐसा भी आ गया था, जहां प्रदूषण का ग्राफ बहुत खराब स्थिति में पहुंचा गया था। यहीं कारण है कि दीपावली पर पटाखों की आतिशबाजी से पहले ही क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कई औद्योगिक इकाईयों पर कार्रवाई कर मोटा जुर्माना लगा पड़ा, लेकिन गत वर्ष लाकडाउन में हालत सुधरे दिखाई दिए थे, जो फिर से दीपावली पर खराब हो गए थे। शहरी क्षेत्र के नई मंडी और तहसील पर प्रदूषण जांच के लिए लगी मशीनों में दर्ज किया गया एयर क्वालीटी इंडेक्स (एक्यूआई) ३५० तक पहुंच गया था, जो हवा में प्रदूषण के कण बढ़ने पर स्वास्थ्य की समस्या पैदा करने के संकेत देकर चिता बढ़ाता है। अप्रैल में लाकडाउन लगने के बाद वाहनों की आवाजाही और औद्योगिक इकाइयों की चिमनियों से निकलने वाला धुंआ कम होने पर जनपद को राहत मिलनी शुरू हो गई है। मई महीने में एक्यूआई ९८ तक पहुंच गया था, जो संतुष्ट वाली श्रेणी को दर्शाता है, हालाकि कि ९८ केवल शुक्रवार यानी ईद के दिन दर्ज हुआ है। इसके अलावा १०० से १५० के बीच हिलोरे ले रहा है, जो संतुलित श्रेणी में रूकने पर संतुष्ट करता है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई विपुल कुमार ने बताया कि मई में प्रदूषण का ग्राफ काफी घटा है, जिसका कारण लाकडाउन है।
प्रदूषण घटने से हवा हुई बेहतर-लाकडाउन में प्रदूषण घटने से हवा में प्रदूषण के कणों की मिलावट बहुत कम हो गई है। उधर इस वक्त शाम के समय मौसम सुहाना होने के साथ हवा भी ठंडी हो रही है। चिकित्सकों की माने तो इस समय सुबह और शाम को हवा लेने से भी लोगों को अधिक लाभ मिल रहा है, लेकिन कोरोना के कारण भीड़ वाले स्थान पर मास्क हटाकर हवा को महसूस करने की गतली न करें। तभी हवा का आंनद ले, जब मनुष्य बिलकुल अकेला हो, जहां मास्क हटाकर आधे घंटे तक हवा ले सके।

