समाचार (Muzaffarnagar News)
छपार और रामपुर तिराहा पुलिस शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा में दिन-रात तत्पर

छपार। पुलिस प्रशासन दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर जारी पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कांवड़ मार्ग पर लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, भीड़ प्रबंधन और शिवभक्तों को सुरक्षित मार्ग प्रदान करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। कांवड़ मार्ग पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी हर संभव सहायता करते दिखाई दे रहे हैं। रास्ते में किसी भी शिवभक्त को परेशानी होने पर पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद उपलब्ध करा रहे हैं। कई स्थानों पर पुलिसबल श्रद्धालुओं को सही मार्ग की जानकारी देने और यातायात को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है। तेज बारिश और भीषण उमस के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार अपनी ड्यूटी पर मुस्तैदी से डटे हुए हैं। छपार थाना प्रभारी मोहित सहरावत और रामपुर तिराहा थानाध्यक्ष सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीमें कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। दोनों थाना प्रभारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं तथा संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों व गश्त के जरिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की इस सक्रियता और मुस्तैदी से शिवभक्तों के मन में भी सुरक्षा का गहरा भाव दिखाई दे रहा है। कांवड़ मार्ग पर लगे सेवा शिविरों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की यह सेवा भावना और सहयोगात्मक रवैया क्षेत्र में खूब सराहा जा रहा है। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के गगनभेदी जयकारों के बीच पुलिसकर्मियों की तत्परता लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
बरला में कांवड़ियों के लिए भाकियू अराजनैतिक का 24 घंटे चलने वाला सेवा शिविर शुरू
छपार। पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की सेवा और सुविधा के लिए भाकियू अराजनैतिक आगे आया है। संगठन के तत्वावधान में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 स्थित बरला पर एक भव्य निःशुल्क कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन संजीव जावला ने फीता काटकर किया। इस सेवा शिविर में शिवभक्त कांवड़ियों के लिए शुद्ध पेयजल, गर्मा-गर्म चाय, ताजे फल और समय-समय पर पौष्टिक भोजन (भंडारे) का प्रबंध किया गया है। पैदल यात्रा के कारण कांवड़ियों के पैरों में पड़ने वाले छालों और शरीर की थकान को देखते हुए शिविर में योग्य डॉक्टरों की देखरेख में दवाओं और प्राथमिक उपचार (फस्र्ट एड) की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। शिवभक्तों के आराम के लिए शिविर में हवादार टेंट, पंखे, गद्देदार बिस्तरों की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, दूर-दराज से आ रहे श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट भी बनाए गए हैं। शुभारंभ के मौके पर भाकियू अराजनैतिक के मंडल महासचिव विपिन त्यागी और जानसठ तहसील अध्यक्ष अंकित जावला ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक यात्रा नहीं बल्कि अपार आस्था का पर्व है। किसानों की हमेशा से यह गौरवशाली परंपरा रही है कि वे हर राहगीर और शिवभक्त की निःस्वार्थ सेवा करें। इसी भावना के साथ यह शिविर लगाया गया है, जो कांवड़ यात्रा के संपन्न होने तक दिन-रात (24 घंटे) अनवरत रूप से चालू रहेगा।
शिविर में जलपान और विश्राम करने पहुंचे कांवड़ियों ने यहाँ की बेहतरीन व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में मुख्य रूप से रामदत्त शर्मा, सुधीर शर्मा, अब्दुल्ला त्यागी, कमलजीत, राजीव सहरावत, रविकांत त्यागी, आर्यन, नुक्कू, विभोर त्यागी सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुजफ्फरनगर पुलिस आईजीआरएस निस्तारण में पूरे प्रदेश में अव्वल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर के निर्देशन में जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायती पत्रों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर मुजफ्फरनगर पुलिस को प्रदेश भर में प्राप्त हुआ प्रथम स्थान। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित, समयबद्ध, गुणवत्ता के साथ व संतुष्टिपूर्ण निस्तारण/समाधान हेतु समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली प्रचलित है। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, संजय कुमार वर्मा के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अक्षय संजय महाडीक के निकट पर्यवेक्षण में जनपद के प्रत्येक थाने द्वारा समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है। उक्त के क्रम में उच्चाधिकारीगण के कुशल निर्देशन एवं पर्यवेक्षण, आईजीआरएस शाखा, थानों में नियुक्त आईजीआरएस कर्मचारीगण तथा समस्त जांचकर्ताओं के अथक प्रयास से समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित, समयबद्ध, पारदर्शी, गुणवत्ता के साथ व सन्तुष्टिपूर्ण निस्तारण/समाधान करते हुये तथा बिना कोई प्रार्थना पत्र डिफाल्टर हुये मुजफ्फरनगर पुलिस को वर्ष 2026 के माह जुलाई में प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जिसके लिये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर द्वारा सम्बन्धित सभी अधिकारी/कर्मचारीगण के कार्यों की प्रसंशा करते हुये भविष्य में और भी बेहतर कार्यशैली अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। साथ ही जनपद मुजफ्फरनगर के 21 थानों द्वारा भी प्रदेश भर में माह जुलाई-2026 में जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायती पत्रों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया गया है।
आस्थाः कांवड़ के साथ ला रहे भारी-भरकम घंटे
मुजफ्फरनगर। सावन माह में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार देखने को मिल रहा है। हरिद्वार की हर की पौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर गाजियाबाद के लोनी निवासी शिवभक्त मुकेश कुमार जब नगर की हृदयस्थली श्शिवचैकश् पहुंचे, तो उनकी अनोखी कांवड़ और अटूट श्रद्धा लोगों के विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई। मीडिया से बातचीत में मुकेश कुमार ने अपनी मन्नत, संकल्प और इस कठिन पदयात्रा की पूरी कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी कांवड़ में लगे भारी-भरकम पीतल के घंटे उनकी विशेष आस्था और मन्नत के प्रतीक हैं। भगवान शिव को पवित्र गंगाजल अर्पित करने के साथ ही वह श्रद्धा स्वरूप दो घंटे भी मंदिरों में दान करेंगे। इसमें से एक घंटा बाबा जाहरवीर के मंदिर में चढ़ाया जाएगा, जबकि दूसरा उत्तराखंड स्थित प्रसिद्ध माता पूर्णागिरि धाम में अर्पित किया जाएगा। यात्रा पूरी होने के बाद वह अपनी सुविधानुसार माता पूर्णागिरि धाम पहुंचकर वहां घंटा चढ़ाएंगे। शिवभक्त मुकेश कुमार ने बताया कि शुरुआत में दोनों घंटों का वजन करीब साड़े ग्यारह-साढ़े ग्यारह किलोग्राम था। लेकिन यात्रा के दौरान अचानक एक घंटा टूट गया, जिसके बाद उन्होंने हार नहीं मानी और तुरंत दिल्ली से नया घंटा मंगवाया। वर्तमान में उनकी कांवड़ में बंधे दोनों घंटों का कुल वजन लगभग 15-15 किलोग्राम (कुल 30 किलो) है, जिन्हें वह पूरी श्रद्धा, विश्वास और बिना थके अपने कंधों पर उठाकर कठिन पैदल यात्रा कर रहे हैं।
शिवचैक की परिक्रमा कर आगे बढ़ रहे कांवड़िए
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।उत्तर भारत की सुप्रसिद्ध कांवड़ यात्रा के चलते संपूर्ण जनपद का माहौल पूरी तरह से धर्ममय बना हुआ है। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के गगनभेदी जयघोषों के साथ लाखों शिवभक्त कांवड़िए शहर की हृदय स्थली शिवचैक की परिक्रमा कर अपने-अपने गंतव्य की ओर निरंतर बढ़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में आयोजित होने वाली यह ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा भगवान आशुतोष के प्रति अगाध श्रद्धा और अटूट विश्वास का अनूठा संगम है। हरिद्वार की हर की पौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर मुजफ्फरनगर से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। हरियाणा, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद तथा राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आए लाखों-करोड़ों शिवभक्त इस विशाल यात्रा का हिस्सा बन रहे हैं।
विशाल स्वरूप वाली इस कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जिला पंचायत एवं नगर पालिका द्वारा व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए हैं। जैसे-जैसे महाशिवरात्रि की तिथि समीप आ रही है, कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब और अधिक उमड़ता जा रहा है। यात्रा को सुचारु रखने के लिए आला अधिकारी लगातार क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा संपूर्ण कांवड़ मार्ग (हरिद्वार से मेरठ तक) पर जगह-जगह भव्य कांवड़ सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में शिवभक्तों के ठहरने, गर्म-ताजे भोजन, शुद्ध पेयजल, जलपान, चिकित्सा सेवा और स्नान आदि की 24 घंटे निःशुल्क व्यवस्थाएं की गई हैं। कांवड़ मार्ग पर चारों ओर केवल शिवभक्ति का ही रंग देखने को मिल रहा है।
सेवानिवृत्त हुए अवर अभियंता अरविंद नागर को दी विदाई
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत मुजफ्फरनगर में पूर्व में भी सात वर्ष तक सेवारत रहें अवर अभियंता श्री अरविन्द नागर के सेवानिवृत्त होने पर माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष डाक्टर वीरपाल निर्वाल एवं जिला पंचायत के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा फूल मालाएं पहनाकर एक सफलतम विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपने सेवानिवृत की विदाई समारोह में अरविन्द नागर जी ने कहा मैं पूर्व में भी जिला पंचायत मुजफ्फरनगर में 2013 से 2020 तक सेवारत रहा और यहां से बुलंदशहर और फिरोजाबाद में अभियंता के तोर पर पांच साल, एवं आजमगढ़ से सेवानिवृत से पूर्व पुनः मुजफ्फरनगर जिला पंचायत में स्थांतरित कर सेवानिवृत होने का अवसर मिला में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिला पंचायत के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवानिवृत्त के अवसर पर मिले प्यार का ह्रदय से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद करता हूं। जिला पंचायत अध्यक्ष सहित सभी ने अपने संबोधन में श्री अरविन्द जी के सेवानिवृत्त पश्चात उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
एडीजी ने परखीं सुरक्षा व्यवस्थाएं
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ भानु भास्कर द्वारा कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा। शिव चैक पर शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत व अभिनन्दन किया गया। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराने के उद्देश्य से देर रात्रि अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, मेरठ श्री भानु भास्कर महोदय द्वारा जनपद मुजफ्फरनगर का भ्रमण कर कांवड़ मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चैबे, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के0 मिश्रा सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा कांवड़ मार्ग पर स्थापित पुलिस सहायता केन्द्रों, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, पीएसी, होमगार्ड एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए उनकी सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा शिव चैक से अहिल्याबाई चैक से मदीन चोक तक पुलिसबल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा शिवभक्त कांवडियों से वार्ता कर उनकी कुशलक्षेम पूछी गयी साथ ही महोदय द्वारा शिव चैक पर शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान शिवभक्तों ने भी उत्साहपूर्वक पुलिस – प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। इसके साथ ही रामपुर तिराहा अस्थायी थाने का भी निरीक्षण किया गया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के समापन तक सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग पर निरंतर सतर्क दृष्टि बनाए रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, भीड़ प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करने हेतु सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से निरंतर निगरानी बनाए रखने तथा आपातकालीन सेवाओं को पूर्णतः सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए। मुजफ्फरनगर पुलिस कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है।
सीएमओ ने स्वयं संभाली कांवड़ चिकित्सा शिविरों मेंकमानः दी चिकित्सकीय सुविधा
मुजफ्फरनगर। जनपद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान स्थापित चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण करते हुए सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विभिन्न चिकित्सा शिविरों में पहुंचकर स्वयं कांवड़ियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, घायलों की प्राथमिक चिकित्सा की, पट्टियां बांधी तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। कांवड़ियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वयं चिकित्सा सेवाएं प्रदान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद के प्रमुख कांवड़ चिकित्सा शिविरों का भ्रमण किया। उन्होंने वहलना चैक स्थित चिकित्सा शिविर, नहर पटरी पर जौली में चिकित्सा शिविर, दाहाखेड़ी में चिकित्सा शिविर तथा नंगला मदौड स्थित चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों, उपकरणों, एंबुलेंस एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा पूर्ण सेवा भाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांवड़िया श्रद्धालु को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादरपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, जांच व्यवस्था एवं चिकित्सीय सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में आने वाले प्रत्येक लाभार्थी को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।
सैनिक के घर पहुंचकर कैबिनेट मंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर दी सांत्वना
भोपा। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार भोपा निवासी सैनिक शिवदत्त के आवास पर पहुंचे और सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित की। सैनिक के परिजनों माता शीलो, पत्नी राजेश देवी, बेटा शिवकुमार,अजय कुमार, पुत्रवधु मोनिका से मिले उन्हें सांत्वना देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार से जो भी सहायता संभव होगी मिलेगी। इस संबंध में बीएसएफ के उच्च अधिकारियों से भी बात करेंगे। वह इस दुरूख की घड़ी में हर समय उनके साथ है। पूर्व मंत्री योगराज सिंह, रालोद के वरिष्ठ नेता प्रभात तोमर उर्फ गुड्डू, मोहन प्रजापति आदि मौजूद रहे।
जिला पंचायत में जेई अरविंद नागर का विदाई समारोह
फूल-माला पहनाकर दी शुभकामनाएं, उत्तम स्वास्थ्य की कामना
जानसठ। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ नेे उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। संघ ने अपनी लंबित मांगों के समाधान न होने पर 5 अगस्त से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। यह ज्ञापन संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार चैधरी के नेतृत्व में दिया गया। ज्ञापन में अंतर्मंडलीय स्थानांतरण, लंबित पदोन्नति, विभागीय परीक्षा परिणाम जारी करने, भत्तों में वृद्धि और ग्राम सचिवालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। यह ज्ञापन अध्यक्ष राजस्व परिषद, लखनऊ के नाम पर दिया गया। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होता है, तो 5 अगस्त 2026 से लेखपाल अतिरिक्त हल्कों में कार्य का बहिष्कार करेंगे। वे केवल अपने मूल हल्के में ही कार्य करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार का निर्णय भी लिया जा सकता है। संघ अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार चैधरी ने बताया कि इस आंदोलन का उद्देश्य जनहित को प्रभावित करना नहीं है। इसका मुख्य लक्ष्य वर्षों से लंबित न्यायोचित मांगों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित करना है। ज्ञापन सौंपते समय तहसील के कई अन्य लेखपाल भी उपस्थित रहे।
रमात्मा का मोक्षरूपी आनंद योग और निष्काम कर्म से ही मिलना संभव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।प्रत्येक व्यक्ति नितांत दुखों से छुटकारा पाना चाहता है तथा नितांत सुखों को प्राप्त करना चाहता है। जिसको प्राप्त करने का एकमात्र उपाय योग है। उक्त विचार भारतीय योग संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में साप्ताहिक योग चर्चा में योग क्यों विषय पर योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि योग को समझने के लिए तीन वस्तुओं का ठीक-ठाक समझना अति आवश्यक है। प्रकृति, आत्मा और परमात्मा तीनों पदार्थ नित्य हैं। प्रकृति से हमें पूर्ण सुखों की प्राप्ति नहीं हो सकती है। क्योंकि सांसारिक सुख क्षणिक होते हैं और प्रत्येक सांसारिक सुख के पीछे चार प्रकार के दुख छिपे हुए हैं। संस्कार दुख, ताप दुख ,परिणाम दुख और गुणवृत्ति विरोध दुख। इसी प्रकार कोई भी जीवात्मा चाहे वह पत्नी हो, पति हो, पुत्र हो ,माता हो या पिता पूर्ण सुख नहीं दे सकता। कभी न कभी कोई ना कोई दुख प्रत्येक संबंधित और सामाजिक जीवात्मा से हमें मिलते ही रहते हैं। अब शेष बचा परमात्मा। परमात्मा सुख स्वरूप है, आनंद स्वरूप है इसलिए परमात्मा ही हमें पूर्ण सुख और आनंद दे सकता है इसके लिए महर्षि पतंजलि का अष्टांग योग सर्वश्रेष्ठ उपाय है।
परमात्मा का मोक्षरूपी आनंद योग और निष्काम कर्म से ही मिलना संभव है। हमारे पास लोग योग सीखने के लिए इस उद्देश्य से नहीं आते कि हमें परमात्मा की प्राप्ति करनी है बल्कि अधिकतर लोग कोई ना कोई रोग लेकर ही हमारे योग साधना केंद्रों में आते हैं। जब व्यक्ति नियमित योग अभ्यास करता है तो उसके रोग तो धीरे-धीरे ठीक हो ही जाते हैं, साथ-साथ हम उसको अध्यात्म की ओर प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने बताया कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ बनाता है। योग करने से व्यक्ति के विचार अच्छे होते हैं वह सुख और दुख की अवस्था में सम रहता है। गीता में योगीराज योगेश्वर श्रीकृष्ण भगवान ने कहा है कि समत्व योग उच्चते । चैधरी मनोज कुमार खेड़ी ने बताया कि जब से मैं योगाभ्यास शुरू किया है तब से मेरी दिनचर्या नियमित हो गई है। यशपाल बरवाला ने कहा कि नियमित योग अभ्यास करने से हमारे भाव अच्छे बनते हैं। जिला मंत्री राजीव रघुवंशी ने कहा कि योग हमें आत्मज्ञान कराता है। योग केंद्र के संस्थापक जिला बार संघ के पूर्व सचिव ओम सिंह तोमर एडवोकेट ने कहा कि योगाभ्यास करने से हमारी आयु बढ़ती है। इस अवसर पर केंद्र प्रमुख कविंद्र बालियान, आचार्य रामकिशन सुमन, अशोक मित्तल,अंकित गर्ग,अमित गर्ग, क्षेत्रीय प्रधान नीरज बंसल,वीर सिंह,किशोर योग साधिका सलोनी,रेशु, मुनेश मान, गायत्री शर्मा आदि ने भी संबोधित किया।
सर्वप्रथम केंद्र प्रमुख कविंद्र बालियान ने नियमित योग साधना करवाई। उन्होंने हाथ पैर और घुटनों के जोड़ों के दर्द, कमर दर्द तथा मोटापा दूर करने में सहायक क्रियाएं करवाई। तत्पश्चात योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने हास्य आसन ,अनुलोम विलोम ,कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम करवाएं। इस अवसर पर वर्षा होने के बावजूद काफी संख्या में योग साधक एवं साधिकाओं ने भाग लिया। जिसमें मुख्य रूप से डॉक्टर अक्षय बालियान,रामपाल शर्मा,देवेंद्र पाल राजेश्वर पाल, राकेश कुमार गोयल, रविंद्र धीमान आदि उपस्थित रहे।
651 लीटर गंगाजल की विशाल कांवड़ लेकर पैदल निकले मेवात के जीतू पवार
मुजफ्फरनगर। सावन के पवित्र महीने में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत रंग देखने को मिल रहे हैं। इसी आस्था की एक अनोखी और प्रेरणादायक मिसाल उस समय देखने को मिली, जब मेवात निवासी शिवभक्त जीतू पवार हरिद्वार से 651 लीटर पवित्र गंगाजल की विशाल कांवड़ लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचे। खास और हैरान कर देने वाली बात यह है कि इतनी भारी-भरकम कांवड़ को वह बिना किसी साथी की मदद के, अकेले ही अपने कंधों पर खींचते हुए पैदल यात्रा कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए शिवभक्त जीतू पवार ने बताया कि वह हरिद्वार की पावन हर की पौड़ी से 651 लीटर गंगाजल भरकर अपने गृहनगर मेवात के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह कठिन यात्रा उन्होंने किसी मन्नत या सांसारिक इच्छा के लिए नहीं शुरू की है, बल्कि यह पूरी तरह से भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। मुजफ्फरनगर पहुंचने पर स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने जीतू पवार के इस अद्भुत जज्बे और भक्ति भाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
56वें कांवड़ सेवा शिविर का 4 को शुभारंभ करेंगे मंत्री कपिलदेव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।श्री गीता मानस मण्डल के प्रवक्ता/कार्यकारणी सदस्य अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि मण्डल द्वारा संचालित 56वें कावड़ सेवा शिविर का शुभारंभ 4 अगस्त 2026 को सांय 7 बजे किया जायगा। जिसका उद्घाटन माननीय मंत्री श्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा किया जायेगा। इस अवसर श्रीमति मीनाक्षी स्वरूप अध्यक्षा नगर पालिका परिषद्,गौरव स्वरूप बंसल, भीमसेन कंसल,सतीश गोयल,अशोक कंसल पूर्व विधायक,नरेंद्र गोयल, रामकुमार सर्राफ, डॉ रमेश चंद केडिया आदि नगर के सम्मानित गणमान्य जनो की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कावड़ सेवा शिविर में भी आप सभी की उपस्थिति प्रार्थनीय है ।सहयोगी संस्थाओ सनातन धर्म सभा शहर,लायंस क्लब दिव्य,श्री रामलीला सभा शहर,शिव मूर्ति संचालक मंडल तथा श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार मुजफ्फरनगर के सभी सदस्यो, कार्यकर्ताओ से विनम्र अनुरोध है कि समय पर पधारकर कर कार्यक्रम मे सहयोग प्रदान करे। कांवड सेवा शिविर मे सहयोग/सेवा करके शिव कृपा के भागी बने। कांवड सेवा शिविर पूर्णतया कवर्ड,दो मंजिला, स्नानागार तथा टॉयलेट की साफ सुथरी व्यवस्था,सीसीटीवी कैमरो से युक्त तथा सफाई की विशेष व्यवस्था है।’शिविर मे चाय, नाश्ता,दोपहर का भोजन, अपराह्न का नाश्ता,शाम का भोजन आदि तथा चिकित्सा सुविधाओ से युक्त,शांतिपूर्ण वातावरण सहित नगर की ह्रदय स्थली शिव चैक के अति निकट होने के कारण विगत 55 वर्षाे से कांवड़िये भाईयो,बहनो का एकमात्र चहेता शिविर है।
शिवभक्तों के लिए लगाए शुद्ध पेयजल व जूस के स्टाॅल
मुजफ्फरनगर। श्रावण माह की प्रसिद्ध कावड़ यात्रा में शिव भक्त कावड़ियों की सेवार्थ हेतु इलेक्ट्रिक वायर बनाने वाली बहुराष्ट्रीय कंपनी अपार इंडस्ट्रीज द्वारा शुद्ध पेयजल एवं जूस के पैकेट आदि का वितरण किया गया जिसका उद्घाटन प्रमुख व्यापारी नेता संजय मित्तल, ने किया उन्होंने अपने संबोधन में कहा यह बहुत ही पुनीत कार्य है कांवड़ियों की जितनी भी सेवा हो सके करनी चाहिए कावड़ियों की सेवा ही सच्ची सेवा है कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर राजेश गोयल ने बताया की अपार कंपनी द्वारा जनपद में कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु चैराहों पर ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मियों के लिए वर्षा एवं धूप से बचने के लिए छतरी लगाई गई इस अवसर पर व्यापारी नेता विवेक गर्ग व कंपनी के डिप्टी मैनेजर अनुज प्रजापति, सेल्स मैनेजर प्रिंस चैधरी आदि उपस्थित रहे।
संभावित आपदा को लेकर मुजफ्फरनगर प्रशासन अलर्ट मोड पर
एसडीएम को दिए कड़े निर्देश, नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि संभावित आपदा को देखते हुए सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। निर्देशों में कहा गया है कि राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग समेत सभी संबंधित विभागों और आपदा राहत बलों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा जाए। साथ ही संवेदनशील एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक संसाधनों की अग्रिम उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने राहत चैकियो / शिविरो को चिन्हित स्थानों पर तत्काल प्रभाव से संचालन योग्य स्थिति में तैयार रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। इसके अलावा गांव स्तर तक सतर्कता बनाए रखने, स्थानीय प्रशासन, ग्राम प्रधानों तथा आपदा प्रबंधन समितियों को सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी के त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं, जिससे जनहानि और नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों, पुलों और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें। अधिक पानी भरे रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। बिजली के खंभों, टूटे हुए तारों और विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों में खेलने न जाने दें। वाहन चलाते समय गति धीमी रखें और पानी भरी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें। आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी, टॉर्च, मोबाइल चार्जर और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित स्थान पर रखें। नदी, नहर, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति, जलभराव या दुर्घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस या आपदा प्रबंधन विभाग को दें। इसके लिए 24गुणा7 कंट्रोल रूम एक्टिव है। इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के मोबाइल नम्बर 9412210080 व टोल फ्री 1077 पर कॉल करके मदद ली जा सकती है।
टीबी मरीजों की सुविधा की मांग
जानसठ। तहसील क्षेत्र के ग्राम सादपुर के ग्रामीणों ने टीबी एवं अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों की सुविधा को लेकर उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मांग की है कि वर्तमान में ग्राम गालिबपुर में लगाए जा रहे टीबी जांच एवं उपचार शिविर को तत्काल प्रभाव से सीएचसी जानसठ में स्थानांतरित किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव सादपुर से सीएचसी जानसठ की दूरी मात्र लगभग दो किलोमीटर है, जबकि वर्तमान में मरीजों को उपचार एवं जांच के लिए लगभग 20 किलोमीटर दूर ग्राम गालिबपुर जाना पड़ता है। इससे आर्थिक, शारीरिक और मानसिक रूप से मरीजों एवं उनके परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि ग्राम सादपुर में टीबी के मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। अधिकांश मरीज आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से संबंध रखते हैं, जिनके लिए बार-बार 20 किलोमीटर की यात्रा करना आसान नहीं है। कई मरीज अत्यधिक कमजोर होने के कारण लंबी दूरी तय करने में असमर्थ रहते हैं, जिससे उनका नियमित उपचार प्रभावित होता है और बीमारी गंभीर रूप धारण कर लेती है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि उपचार और जांच की सुविधा दूर होने के कारण कई मरीज समय पर चिकित्सा नहीं ले पाए। ग्रामीणों ने दावा किया कि गांव की निवासी सोनिया और शब्दकली सहित कुछ मरीजों की मृत्यु भी हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर उपचार और जांच की सुविधाएं निकट उपलब्ध होतीं तो ऐसे मरीजों को बेहतर चिकित्सा मिल सकती थी। इस कारण अब गांव के लोगों में चिंता और असंतोष का माहौल है।ग्रामीणों ने कहा कि सीएचसी जानसठ सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त सरकारी अस्पताल है और गांव सादपुर से इसकी दूरी भी बहुत कम है। यदि टीबी मरीजों का कैंप यहीं आयोजित किया जाए तो मरीजों को समय पर जांच, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा। इससे मरीजों की नियमित निगरानी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी तथा टीबी जैसी संक्रामक बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।उप जिलाधिकारी से जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए मांग की गई है कि ग्राम गालिबपुर में आयोजित होने वाले टीबी कैंप को तत्काल सीएचसी जानसठ में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्णय न केवल सादपुर बल्कि आसपास के कई गांवों के मरीजों के लिए भी राहतकारी सिद्ध होगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी गांव की वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करें और मरीजों की संख्या तथा उनकी समस्याओं को देखते हुए शीघ्र उचित निर्णय लें’। उनका कहना है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, इसलिए मरीजों को अनावश्यक रूप से दूर भेजना उन योजनाओं की भावना के विपरीत है। इस संबंध में ग्रामीणों को उम्मीद है कि उपजिलाधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करेंगे , जिससे गांव सादपुर के टीबी मरीजों को राहत मिल सके और उन्हें इलाज के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से मुक्ति मिले। इस दौरान मुख्य रूप से शकील इस्लाम, हमजा गुलजार, सजिद सहित ग्राम सादपुर के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
शिवभक्तों की थकान मसाज से की दूर
भोपा/मुज़फ्फरनगर। भोपा कांवड़ सेवा शिविर में शिव भक्तों की सेवा जारी, शिविर में शिव भोलो की थकान दूर करने के लिये मसाज सेवा जारी मसाज सेवा प्रदान कर रहे राहुल कुमार ने बताया कि वह राजधानी दिल्ली में मसाज का कार्य करते हैं।शिव भोलो की सेवा के लिये वह शिविर में निःशुल्क सेवा प्रदान कर रहे हैं। शिविर आयोजन कमेटी के मा.अजय जैन ने बताया कि शिविर में शिव भक्तों की सेवा के लिये गंग नहर पटरी किनारे उचित शीतल हवादार विश्राम गृह, निःशुल्क जलपान सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं भी जारी हैं।
विशेष पशु चिकित्सा शिविर, लम्पी रोग की रोकथाम पर दिया गया जोर
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।पशुपालकों को आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाएं उनके द्वार पर ही उपलब्ध कराने तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय तथा पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में, इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के वित्तीय सहयोग से बुढाना ब्लॉक के ग्राम भसाना में कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के मार्गदर्शन में विशेष पशु चिकित्सा शिविर आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय नियमित रूप से विशेष पशु चिकित्सा शिविर, रोग निदान, परामर्श एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि जिले में कुछ पशुओं में लम्पी स्किन बीमारी के लक्षण मिले हैं, जिसकी रोकथाम के लिए टीमें गठित कर पशुओं में रिंग वैक्सीनेशन किया जा रहा है, जिससे वायरस को फैलने से रोका जा सके।
वेटेरिनरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अमित कुमार वर्मा ने बताया कि लम्पी वायरस संक्रमण से पशुओं में पूरे शरीर, खासकर सिर व गर्दन पर गांठें पड़ती हैं, जो उपचार न होने पर घाव बन जाती हैं। यह वायरस मच्छर, मक्खियों व खून चूसने वाले कीटों से एक से दूसरे पशु में फैलता है। आंख व नाक से पानी आना, मुंह से लार बहना तथा तेज बुखार इसके प्रमुख लक्षण हैं और गंभीर स्थिति में पशु की मृत्यु भी हो सकती है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि पशुओं को प्रतिदिन नीम की पत्तियों से तैयार पानी से नहलाएं तथा पशुशाला की नियमित सफाई रखें तथा मक्खी, मच्छर एवं अन्य कीटों की रोकथाम के लिए स्वीकृत कीटनाशकों का समय-समय पर छिड़काव करें। साथ ही पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए प्रत्येक पशु को प्रतिदिन 50 ग्राम खनिज मिश्रण एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराएं। शिविर के दौरान डॉ. अफरोज, डॉ. तरुण कुमार, डॉ. शुभमदीप, डॉ. आशुतोष राय, डॉ. स्नेहा गुप्ता, डॉ. इशिता एवं डॉ. ईशान की टीम ने 180 से अधिक पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक उपचार, कृमिनाशक दवाएं, खनिज मिश्रण एवं रोगों की रोकथाम संबंधी परामर्श प्रदान किया। शिविर के सफल आयोजन में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी बुढाना डॉ. शिव कुमार गंगवार, पशुधन प्रसार अधिकारी, तथा विक्रम सहित स्थानीय ग्रामीणों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
भक्तमाल कथा का उल्लेख किया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि श्री दुर्गा मंदिर नुमाइश कैंप में 27 जौलाई से 02 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सांय 04 बजे से 06 बजे तक होने वाली श्री शिव महापुराण कथा के छटवें दिन कथा व्यास आचार्य पं होती लाल शर्मा ने प्रवचन मे कहा कि भक्तमाल का पाठ करने से मन में भगवान के प्रति प्रेम और भक्ति बढ़ती है,संतों के जीवन से विनम्रता और प्रेरणा मिलती है तथा जीवन के सभी कष्ट व नकारात्मकता दूर होती है।कथा मे अतुल कुमार गर्ग देवराज पंवार,सुभाष गर्ग, रामबीर सिंह,सोनिया सिंह,राजेश वर्मा,दीपाली, राकेश तनेजा,रजनी,उषा चैहान, शुभम वत्स,संजीव वर्मा, पूनम, संगीता, उमा, नवीन,चंद्रकांता,ज्योति, संदीप दास,पंडित ब्रजेश दूबे, नंदिनी शर्मा,सारिका, नूतन, आदि काफी संख्या मे सहयोगी संस्थाओ आचार्य कुल परिवार, बालकृष्ण सेवा संस्थान,गुडविल सोसाइटी, श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार परिवार के सदस्य आदि तथा बडी संखया मे मातृशक्ति उपस्थित रही। आरती तथा प्रसाद वितरण के उपरांत कथा को विश्राम दिया गया।
अब जिला अस्पताल व मीनाक्षी चैक रास्ते के लिए कांवड के दौरान विकल्प
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए नगर पालिका व यातायात पुलिस ने नगर के सभी कट व चैराहे बैरिकेडिंग लगाकर बंद करा दिए हैं। नगर में इधर से उधर जाने के लिए केवल जिला अस्पताल व मीनाक्षी चैक को खुला छोड़ा है। ई-रिक्शाओं का मार्ग भी बदल दिया गया। ई-रिक्शा व चैपहिया वाहनों के आने-जाने के दौरान नगर की गलियों व जिला अस्पताल चैराहे पर जाम लग रहा है। नगर में कांवड़ियों का बड़ी संख्या में आना शुरू हो गया। सुरक्षा व व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। दिन-रात में कांवड़ियों के जत्थे गुजर रहे हैं। कांवड़िये दिल्ली-देहरादून हाईवे से सिसौना कट से बझेड़ी गांव से होकर बझेड़ी अंडरपास से कच्ची सड़क से होते हुए जिला अस्पताल, रुड़की रोड, शिव चैक, मीनाक्षी चैक, मेरठ रोड, भगत सिंह रोड से होकर हरियाणा के लिए रवाना हो रहे हैं। नगर पालिका व यातायात पुलिस ने कच्ची सड़क से लेकर सुजडू तक पड़ने वाले सभी कट व चैराहों पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें बंद कर दिया है। वहां पर पुलिस निगरानी कर रही है।
नगर का नॉवल्टी, आलू मंडी व शिव चैक सबसे व्यस्ततम चैराहे हैं। तीनों चैराहों को सामान्य लोगों के वाहनों के लिए बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है। यहां से कांवड़ियों के निकलने के कारण पैदल ही जाया जा सकता है। इन चैराहों से होकर दूसरी तरफ जाने वाले वाहन चालकों को घूम कर जाना पड़ रहा है।
शिव चैक, रुड़की रोड, मेरठ रोड पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला अस्पताल और मीनाक्षी चैक का रास्ता खुला छोड़ा गया है। इन दोनों रास्तों से नगर में इधर से उधर आया व जाया जा सकता है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बनाई यातायात व्यवस्था के चलते ई-रिक्शाओं के मार्ग भी बदले गए हैं। रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन की तरफ से शामली बस अड्डा, चरथावल बस अड्डा व बघरा तांगा अड्डे पर जाने के लिए महावीर चैक, आर्य समाज रोड व मीनाक्षी चैक से होकर जाना होगा। इसके अलावा जिला अस्पताल से शामली रोड पर जाने के लिए लद्धावाला, चुंगी नंबर दो से होकर जाना होगा। इस मार्ग पर चुंगी नंबर दो व लद्धावाला वाली गली संकरी होने के कारण वहां पर जाम लग रहा है। इस वजह से चैपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। अतुल कुमार चैबे, एसपी यातायात ने कहा कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यातायात व्यवस्था बनाई है। यदि कहीं पर समस्या सामने आती है, तो सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।


