उत्तर प्रदेश

गोपनीय पूछताछ: कस्बा कांधला में जम्मू कश्मीर पुलिस व एटीएस का छापा, एक गिरफ्तार

शामली। जम्मू कश्मीर पुलिस व एटीएस की टीम ने जिले के कस्बा कांधला में दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया है। सीएचसी शामली में मेडिकल कराने के बाद टीम युवक को अपने साथ ले गई है। वहीं स्थानीय पुलिस ने इस मामले में कोई भी जानकारी होने से इनकार किया है। वहीं युवक को पकड़े जाने को लेकर  कई तरह की चर्चाएं तेज हैं। 

जानकारी के अनुसार शनिवार को जिले में पहुंची जम्मू कश्मीर पुलिस व एटीएस की टीम ने कांधला के मोहल्ला मिर्दगान निवासी इजहार उर्फ सोनू (25)को पकड़ा है। टीम युवक को लेकर कोतवाली पहुंची और करीब एक घंटे तक गोपनीय तरीके से पूछताछ की। इसके बाद शामली पुलिस की तरफ से सीएचसी शामली में मेडिकल कराने के बाद टीम युवक को अपने साथ ले गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले के थाना कृष्णानगर थाने की पुलिस टीम थी और युवक के विरुद्ध वहां पर धारा 120 बी, 121 आईपीसी, 3/4 में मुकदमा दर्ज होना बताया जा रहा है, हालांकि इसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है।

एसपी सुकीर्ति माधव ने मीडिया को बताया कि जम्मू कश्मीर पुलिस व एटीएस की टीम ने कांधला निवासी युवक को पकड़ा है। उसका मेडिकल कराने के बाद टीम उसे अपने साथ ले गई है। किस मामले में ले गई, इस बारे में जानकारी होने से इंकार किया है।

 कांधला निवासी इजहार किराये पर कार चलाता है और कांधला में बस स्टैंड पर अपने चचेरे भाई के साथ साझे में फलों की दुकान भी करता है। कांधला थाने पर उसके विरुद्ध कोई मामला दर्ज नहीं है और इससे पहले कहीं पर पकड़े जाने के बारे में पुलिस ने जानकारी होने से इंकार किया है।

इजहार के परिजनों ने बताया कि वह सुबह किराये पर कार ले जाने की बात कहकर घर से गया था। इससे ज्यादा उन्हें कोई जानकारी नहीं है। बताया गया है कि टीम ने इजहार के अलावा उसके साथ कांधला के अन्य दो युवकों भी पकड़ा था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three × five =