मकर संक्रांति और वसंत पंचमी पर पतंग उडाने की मचेगी होड
मुजफ्फरनगर। मकर संक्रांति और वसंत पंचमी दोनों त्योहारों पर आसमान में खूब पेंच लड़ेंगे और कटकर गिरने वाली पतंगों को लूटने की होड़ मचेगी। त्योहारी सीजन का लाभ उठाने के लिए पतंग विक्रेताओं की भी पूरी तैयारी है।
सामान्य पतंगों के साथ ही डिजाइनर पतंगों और मांझे की डिमांड भेजी गईं हैं। १४ जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। इसके बाद ३० जनवरी को वसंत पंचमी है। दोनों त्योहारों पर लोग खूब पतंगबाजी करते हैं। वसंत पंचमी पर तो कई मोहल्लों में युवा सामूहिक रूप से पतंग उड़ाते हैं।
नुमाइश कैंप और गांधी कॉलोनी में इन दोनों त्योहारों पर खूब पतंगबाजी होती है। लोग जमकर पतंग और मांझा खरीदते हैं। इसलिए विक्रेता भी पहले से तैयारी कर लेते हैं। पतंग के थोक विक्रेता बताते हैं कि पतंगों का स्टॉक आना शुरू हो गया है। मकर संक्रांति और वसंत पंचमी के लिए डिजाइनर पतंगों और मांझे के लिए आर्डर दिए गए हैं। जल्द ही इनकी सप्लाई मिल जाएगी।
कैटरीना और ड्रैगन पतंग भी होंगी बाजार में
पतंग एवं मांझा बनाने का सबसे ज्यादा काम रामपुर और बरेली में होता है। वहां से मुजफ्फरनगर में भी पतंगों की सप्लाई होती है। विक्रेता बताते हैं कि थोक विक्रेता कुछ पतंगों के नाम हीरो-हिरोइन के नाम पर रख देते हैं।
कैटरीना, करीना और करिश्मा जैसी अभिनेत्रियों के नामों को खूब पसंद किया जाता है। ड्रैगन के आकार की पतंग भी पसंद की जाती हैं।
