अमेरिका : जॉर्जिया में छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त, पांच लोगों की मौत
अमेरिका के जॉर्जिया में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई है। ये सभी एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
पुतनाम काउंटी के शेरिफ होवार्ड सिल्स ने बताया कि विमान दोपहर 3.15 बजे (अमेरिकी समयानुसार) दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आपातकालीन दल मौके पर पहुंचा और उसने आग बुझाई लेकिन उसे वहां कोई भी जिंदा नहीं मिला।
Five killed in small plane crash in Georgia, USA including four family members who were travelling to a funeral: The Associated Press
— ANI (@ANI) June 6, 2020
अधिकारियों का कहना है कि परिवार में दो छोटे बच्चे शामिल थे जिनकी उम्र चार और छह साल है। पायलट और विमान के मालिक की पहचान फ्लोरिडा मे रहने वाले 67 साल के रे प्रुईट के तौर पर हुई है।
इसके अलावा हादसे में जान गंवाने वालों में 41 साल के शॉन चार्ल्स लेमोंट और उनकी 43 साल की पत्नी जोडी रे लेमोंट शामिल हैं। जोड़े के छह साल के बेटे का नाम जेस और चार साल की बेटी का नाम एलिस है।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के अनुसार दो इंजन वाले पाइपर पीए-31टी ने फ्लोरिडा के विलिस्टन से उड़ान भरी थी और विमान इंडियाना जा रहा था। सिल्स ने कहा कि परिवार को न्यूकैसल में एक अंतिम संस्कार में शामिल होना था। एफएए विमान हादसे की जांच कर रहा है
