Ayodhya News: रामजन्मभूमि परिसर के नो फ्लाइंग जोन के ऊपर दिखा हेलीकॉप्टर, अलर्ट मोड में अधिकारी
Ayodhya News: शनिवार को रामजन्मभूमि परिसर के नो फ्लाइंग जोन के ऊपर हेलीकॉप्टर दिखने की सूचना जैसे ही उच्चाधिकारियों को मिली तो उनके कान खड़े हो गए। तुरंत अलर्ट जारी कर दिया गया। दिल्ली तक फोन खड़कने लगे। लेकिन थोड़ी देर बाद स्थिति स्पष्ट होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
अयोध्या और रामजन्मभूमि परिसर आतंकी हमले के खतरे को लेकर बेहद संवेदनशील है। इसे लेकर अधिकारी हमेशा अलर्ट मोड में रहते हैं। दर्शनार्थियों को भी व्यापक जांच पड़ताल के बाद ही सीमित संख्या में जाने दिया जाता है।
फिलहाल देर शाम एसपी सुरक्षा पंकज पाण्डेय ने बताया कि थल सेना के नार्दन कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल वाई के जोशी को अयोध्या दर्शन करने के लिए आना था। इसलिए सेना का हेलीकॉप्टर ऊपर से निरीक्षण कर रहा था, लेकिन दोपहर में मंदिर के कपाट बंद होने का समय होने के कारण उन्हें वापस जाना पड़ा।
गौरतलब है कि अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कई बार यहां आतंकवादी घटनाएं घट चुकी है। एक बार तो पांच आतंकवादियों को पुलिस ने मार गिराया भी है, जिस कारण अयोध्या में पुलिसकर्मी काफी सतर्क रहते हैं कि कहीं कोई अप्रिय घटना ना हो जाए।

