Baghpat News: ट्रैक्टर चलने से उड़ी धूल को लेकर हुई कहासुनी, मार दी गोली
Baghpat News: उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के सिंघावली अहीर क्षेत्र में ट्रैक्टर सवार युवक को बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी और फरार हो गए. सीओ विजय कुमार ने बताया कि अभी ट्रैक्टर चालक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसको इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया.
ट्रैक्टर के चलने से सड़क पर धूल उड़ रही थी, जिस कारण युवकों और ट्रैक्टर सवार युवक में कहासुनी हुई. जिसके बाद उन्होंने युवक को गोली मार दी और फरार हो गए.
दरअसल, मामला थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र का है, जहां मवी कलां गांव का रहने वाला मोनू पुत्र मदनपाल शर्मा ट्रेक्टर ट्रॉली में ईंट लेकर ढीकोली गांव गया था और ईंट उतारकर जब वह घर लौट रहा था तो ढीकोली बंथला मार्ग पर सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में पिलाना गांव के पास पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने ट्रेक्टर से धूल उड़ने की बात कहकर ट्रेक्टर को रुकवाया और चालक मोनू को गोली मारकर मौके से फरार हो गए.
ट्रेक्टर के दो अन्य मजदूरों ने घायल मोनू को ई रिक्शा से पिलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने मोनू की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है. फिलहाल, मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारी मामले की तफतीश में जुटे हैं.
पूरे मामले को लेकर घटनास्थल का सीओ विजय चौधरी ने निरक्षण किया. इस दौरान सीओ बागपत विजय चौधरी ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के बारे में जांच पड़ताल की. सीओ ने बताया कि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

