Arunachal Pradesh में फिर अपना नया एन्क्लेव बनाया China ने: Report
एक Report में यह खुलासा हुआ है कि China ने Arunachal Pradesh में फिर अपना नया एन्क्लेव बनाया है। सेटेलाइट द्वारा जारी तस्वीरों के अनुसार नए एन्क्लेव में 60 के करीब इमारतें हैं। भारतीय जनता पार्टी के सांसद ने अरुणाचल प्रदेश में चीन के द्वारा बनाए गए एन्क्लेव को लेकर पहले ही आगाह करते हुए कहा था कि यहां भी डोकलाम जैसी घटना हो सकती है।
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार सेटेलाइट द्वारा जारी तस्वीरों से यह पता चला है कि China ने अरुणाचल प्रदेश में करीब 60 से ज्यादा इमारतों वाला एक और एन्क्लेव बनाया है। रिपोर्ट के अनुसार साल 2019 के सेटेलाइट तस्वीर में पहले यह एन्क्लेव वहां मौजूद नहीं था।
इससे पहले अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में भी कहा गया था कि चीन ने तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश के बीच विवादित हिस्से में करीब 100 घरों वाला एक एन्क्लेव बनाया है।
China के द्वारा बनाया गया यह एन्क्लेव भारतीय सीमा के लगभग छह किलोमीटर अंदर है। यह इलाका एलएएसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास है। नए एन्क्लेव की तस्वीरें दुनिया की दो बड़ी सेटेलाइट इमेज कंपनियों मैक्सर टेक्नोलॉजीज़ तथा प्लैनेट लैब्स द्वारा जारी की गई है।
जारी तस्वीरों में न सिर्फ बड़ी संख्यां में इमारतों को देखा जा सकता है बल्कि एक इमारत की छत पर चीनी झंडा भी पेंट किया गया है। इससे पता चलता है कि चीन इस इलाके पर अपना दावा पेश करता है। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि एन्क्लेव में लोग रहते हैं या नहीं।
China के द्वारा बनाए गए एन्क्लेव की लोकेशन भारत सरकार के अंतर्गत आने वाले भारतमैप्स द्वारा भी दर्शाई गई है। एनडीटीवी से बात करते हुए सैटेलाइट इमेजिंग टेक्नोलॉजी के विशेषज्ञ अरूप दासगुप्ता ने कहा कि सर्वेयर जनरल ऑफ इंडिया द्वारा दर्शाए गए सीमा के आधार पता चलता है कि चीन द्वारा बनाया गया नया एन्क्लेव अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 7 किलोमीटर के भीतर है।
इसी साल चीनी की सरकारी एजेंसी शिन्हुआ ने भी इस एन्क्लेव की एक फोटो जारी की थी। उस दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अरुणाचल से सटे चीनी इलाकों का दौरा भी किया था।
China के द्वारा भारतीय सीमा के अंदर एन्क्लेव बनाए जाने को लेकर अरुणाचल प्रदेश से भाजपा सांसद तापिर गाव ने पहले ही आगाह किया था। तापिर गाव ने कहा था कि चीन ने कई भारतीय इलाकों में अपना कब्जा जमाया हुआ है। अगर दोबारा डोकलाम जैसी एक और घटना हुई तो वह अरुणाचल प्रदेश में होगी।
साल 2017 में जब चीन ने डोकलाम में सड़क निर्माण शुरू किया था तो भारतीय सैनिकों ने उसे रोक दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गंभीर विवाद पैदा हो गया था और यह कई महीनों तक चला था।

