गांव बहुपुरा में दूषित पानी लोगों के घरों में घुसा
मुजफ्फरनगर। गांव बहुपुरा में निकासी न होने से दूषित पानी लोगों के घरों में घुस आया है। इससे गांव में बीमारी फैलने की आशंका बनी है। उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
भोपा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत शुक्रतारी के मजरा गांव बहुपुरा के जिले सिंह, जगबीर, सलेकचंद, अतुल, नरेश, दयाराम, फतेह सिंह, विनोद कुमार आदि ने बीडीओ को भेजे पत्र में बताया कि उनके गांव में स्थित तालाब लबालब होने से दूषित पानी गलियों में भर गया है।
इससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। पानी की निकासी न होने से दूषित पानी हरिप्रकाश, नरेंद्र, राजेश, रतन, सुशील आदि के घरों में घुस आया है।
दूषित पानी के चलते गांव में बीमारी फैलने की आशंका बनी है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की निकासी को लेकर पहले भी कई बार उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
