पूर्व केंद्रीय मंत्री पी रंगराजन कुमारमंगलम की पत्नी की हत्या..
वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे दिवंगत नेता पी रंगराजन कुमारमंगलम की पत्नी किटी कुमारमंगलम की मंगलवार रात वसंत विहार स्थित उनके आवास पर हत्या कर दी गई। बताया गया है कि उनकी हत्या कथित तौर पर उनके धोबी ने दो साथियों के साथ मिलकर कर दी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस मामले में उसने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. रंगराजन कुमारमंगलम की पत्नी किट्टी कुमारमंगलम(तस्वीर में) की कल रात हत्या कर दी गई।
उनकी कामवाली ने बताया कि धोबी रात 8.30 बजे घर आया, 2 और लोग आए, उन्होंने किट्टी कुमारमंगलम को बांधा और हत्या कर दी। धोबी को गिरफ़्तार किया गया है: पुलिस pic.twitter.com/nsQUSTKxBK
— News & Features Network (@mzn_news) July 7, 2021
पुलिस के मुताबिक, उसे घटना की खबर मंगलवार रात 11 बजे किट्टी की नौकरानी मंजू से मिली। उसने बताया कि करीब 9 बजे उनका धोबी राजू घर आया था। उसने दो साथियों के साथ घर में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। शिकायतकर्ता मंजू ने आरोप लगाया कि इसके बाद तीनों आरोपी किटी के कमरे में घुसे और उन्हें दूसरे कमरे में ले जाकर तकिए से मुंह दबाकर उनका दम घोंट दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें मंजू से जानकारी मिली कि आरोपी कुछ पैसे और ज्वैलरी के साथ फरार हो गए। बदमाशों के घर से जाने के बाद उसने किसी तरह अपने हाथ खोलने और मदद के लिए पड़ोसियों को बुलाया, जिन्होंने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। साउथ-वेस्ट दिल्ली के डीसीपी इंगित कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस तुरंत ही घटनास्थल पर पहुंची और मंजू को पास के ही एक अस्पताल में पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, जब वे किटी के घर पहुंचे, तो उनका सामान चारों तरफ बिखरा नजर आया। इस बारे में किटी के बेंगलुरु में रहने वाले बेटे को जानकारी दे दी गई है। दिल्ली पुलिस की टीम लगातार आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। फिलहाल राजू (24) नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। बाकी दो आरोपियों को पकड़ने की कवायद जारी है।
पी रंगराजन कुमारमंगलम भारतीय राजनीति के बड़े चेहरों में गिने जाते थे। शुरुआत में कांग्रेस में रहने के दौरान उन्हें कानून और न्याय मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाया गया था। इसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए थे।