मुजफ्फरनगर में कार की टक्कर से बाइक सवार चार किशोर झाल में डूबे, एक की मौत, तीन को बचाया
मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र में एक ही बाइक पर सवार होकर खेत से वापस अपने घर लौट रहे चार किशोर कार की टक्कर लगने से नहर की मुकंदपुर झाल में गिर गए।
करीब में स्थित होटल पर मौजूद व खेतों पर काम कर रहे लोगों ने झाल में कूदकर चारों किशोरों को बाहर निकाला। इस दौरान एक किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन को घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया।
तितावी पुलिस के अनुसार गांव सैदपुरा खुर्द निवासी चार किशोर घर से अपने खेत पर गए थे। चारों किशोर जब मुकंदपुर झाल में नहाने के बाद एक ही बाइक से अपने घरों की ओर लौट रहे थे
तो मुजफ्फरनगर से शामली की ओर जा रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार चारों किशोर मुकंदपुर झाल में जा गिरे। दर्जनों लोगों ने चारों किशोरों को झाल से बाहर निकाला ।
पुलिस के अनुसार झाल में गिरे सुमित पुत्र सोमपाल निवासी सैदपुरा खुर्द ने दम तोड़ दिया, जबकि अनूप पुत्र सुभाष, अर्जुन पुत्र इंदरपाल तथा अक्षय पुत्र रामनिवासी निवासीगण सैदपुरा खुर्द को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया । हादसे की सूचना मिलने पर सीओ फुगाना सोमेन्द्र नेगी व तितावी थानाध्यक्ष कपिलदेव भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
