बुलेट बाइक पर अजीब स्टंट कर रहीं थीं लड़कियां, पुलिस ने किया 11 हजार का चालान
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें दो युवतियां बुलेट बाइक(Royal Enfield) पर बैठी हुई हैं। वह भी साधारण तरीके से नहीं, बल्कि जो युवती बुलेट चला रही है दूसरी युवती उसके कंधों पर बैठी हुई है।
दोनों ही बिना हैलमेट के बीच सड़क पर स्टंट कर रहीं है। वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने बाइक का 11 हजार रुपये का चालान किया है।
वीडियो कब का है यह कहा नहीं जा सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे चंद सेकेंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवतियां रेड टिशर्ट- जींस में हैं।
— News & Features Network (@mzn_news) March 16, 2021
जिसमें एक लड़की बुलेट बाइक चला रही है, जबकि दूसरी युवती बाइक चला रही युवती के कंधों पर बैठी हुई है। बीच सड़क पर यह स्टंट की वीडियो बनाई गई है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर दूसरे वाहन भी गुजर रहे हैं। दोनों ही युवतियों पर हेलमेट नहीं है। जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस के पास भी पहुंच गया।
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो में दिख रही बुलेट बाइक के नंबर के आधार पर जानकारी जुटा चालान कर दिया।पुलिस ने चालान पांच सौ या हजार रुपये का नहीं बल्कि 11 हजार रुपये का किया है।
पुलिस के मुताबिक मोटर व्हीकल एक्ट के तहत तीन नियमों के तोड़ने पर यह चालान किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो की लोग खूब आलोचना कर रहे हैं।

