भारत म्यांमार की नौसेना को किलो वर्ग की एक पनडुब्बी आईएनएस सिंधुवीर देगा
भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया। प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने भारत-अमेरिका वार्ता, विदेशी राजनयिकों के लिए सुषमा स्वराज लेक्चर्स की लॉन्चिंग और देश के अंदरूनी मामलों में पाकिस्तान के दखल और भारत द्वारा म्यांमार की नौसेना को पनडुब्बी दिए जाने जैसे मुद्दों पर जानकारी दी।
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित 2+2 वार्ता को लेकर मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हम इसे जल्द से जल्द आयोजित कराना चाहते हैं। हम प्रयास कर रहे हैं कि इस वार्ता का आयोजन नई दिल्ली में हो।
अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, दिल्ली में नियुक्त विदेशी राजनयिकों को लिए तैयार किए गए सुषमा स्वराज लेक्चर का पहला संस्करण आज लॉन्च किया गया। इस संस्करण में 45 विदेशी राजनयिक शामिल हो रहे हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि हमने पाकिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी के साक्षात्कार की रिपोर्ट देखी हैं और उन्होंने भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी की।
हमेशा की तरह पाकिस्तान घरेलू नाकामियों को छिपाने के लिए और अपनी जनता को गुमराह करने के लिए भारत का नाम ले रहा है।
श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त पाक अधिकारी को सलाह दी गई है कि अपनी सलाह को अपनी सरकार तक रखें और भारत की घरेलू नीतियों पर टिप्पणी करने से बचें। उनने बयान काल्पनिक, गुमराह करने वाले और तथ्यों से परे हैं।
मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारत म्यांमार की नौसेना को किलो वर्ग की एक पनडुब्बी आईएनएस सिंधुवीर देगा। यह म्यांमार नौसेना की पहली पनडुब्बी होगी।
श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और जम्मू-कश्मीर भारत के अखंड भाग थे, हैं और रहेंगे। चीन को भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश भी भारत का अभिन्न हिस्सा है। इस तथ्य को उच्चतम स्तर समेत कई मौकों पर चीन के सामने स्पष्ट किया जा चुका है।
सीमा पर निर्माण को लेकर चीन की टिप्पणी पर श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार लोगों की आजीविका बेहतर बनाने के लिए और उनके आर्थिक लाभ के लिए बुनियादी ढांचे के निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
सरकार आर्थिक विकास, भारत की सुरक्षा और सामरिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान देती है।

