Muzaffarnagar News: दिनभर सर्द हवाओं का दौर जारी, नहीं मिल रही ठंड से निजात
Muzaffarnagar News:मुजफ्फरनगर। पिछले कई दिनों से लगातार पड रही ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। हालांकि सोमवार को हल्की धूप निकलने से कुछ राहत महसूस हुई लेकिन ठंड का सितम फिर भी बदस्तूर जारी रहा। सोमवार को भी मौसम पूरी तरह से सर्द हवाओं से भरा रहा। सूर्यदेव ने दर्शन जरूर दिये, लेकिन आसमान में छाये बादलों में सूर्यदेव लुक्का छिपी का खेल खेलते रहे।
जिससे लोगों को राहत न मिल सकी। दिनभर सर्द हवाओं को दौर जारी रहा। सवेरे से ही आसमान में कोहरा और बादल छाये रहने से मौसम बेहद ठंडा हो गया था। । ठंड का असर व्यापार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। भीषण ठंड से बचाव को लोगों ने गर्म कपडों, रूम हीटर तथा अलाव का सहारा लिया, लेकिन जैसे से अलाव से दूरी बनाई तो ठंड से कंपकंपी बंध गई।
दोपहर के समय सूर्यदेव ने दर्शन दिये, लेकिन बादलों के कारण धूप भी कभी निकली तो कभी छिपती नजर आई। जिस कारण दिनभर लोगों का जीवन प्रभावित रहा। सुबह कहीं-कहीं हल्का कोहरा था लेकिन शीतलहर के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर थे। मंद-मंद सर्द हवाओं के साथ आसमान में स्माग छाया रहा। स्माग छाने से पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। शीतलहर चलने से गर्म और ऊनी कपड़ों में लिपटने के बाद भी लोगों की कंपकंपी छूटती रही।
कड़ाके की ठंड में हाथ-पैर सुन्न रहे। घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों, में हीटर, वार्मर, गैस बर्नर, अंगीठी, लकड़ी, कोयला, उपले जलाकर ठंड से बचाव का प्रयास करते रहे। गली मुहल्लों में लोगों ने अलाव का सहारा लिया। किसानों ने खेत में कार्य शुरू करने से पहले पत्ती जलाकर शरीर को गर्म किया, इसके बाद कार्य शुरू किया।
ठंड के चलते लोगों ने मोर्निंग वाक बंद कर दिया। ठंड में खांसी, नजला, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजार देर से खुले और जल्द बंद हो गए।ठंड का सितम जारी है। शीतलहर के चलने से पड़ रही कड़ाके की ठंड से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
पिछले कई दिनों से भगवान सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। बाजार भी बेरौनक हैं। गर्म व ऊनी कपड़ों की दुकानों पर ही खरीदार नजर आए।
