Noida News: प्रेमी अकील एवं बेटे विशाल के साथ मिलकर रची ऋषि पाल को जान से मारने की साजिश
Noida News: पुलिस ने रविवार को एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर की हत्या के रहस्य को उजागर करने का दावा किया, जिसे पांच दिन पहले शहर की एक सड़क पर अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने यह भी दावा किया कि इस घटना में शामिल व्यक्ति की दूसरी पत्नी सहित दो लोग फरार हैं.
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि 10 मई की दोपहर को सेक्टर 94 के निकट ओखला पक्षी अभयारण्य के पास मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने ऋषि पाल शर्मा को गोली मार दी. उन्होंने बताया कि उन्हें उपचार के लिए दिल्ली स्थित एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.
उपचार के दौरान 14 मई को उनकी मौत हो गई थी. सिंह ने बताया कि इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की तथा रविवार को पुलिस ने इस हत्या में शामिल अकील और विशाल सिंह को गिरफ्तार किया है.
उन्होंने बताया कि घटना में शामिल शर्मा की दूसरी पत्नी पूजा तथा मेहंदी हसन फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. अपर उपायुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी अकील ने बताया कि शर्मा का पहली पत्नी मीनू से तलाक हो गया था और दूसरी पत्नी पूजा को पहले पति संतोष से एक बेटा है, जिसका नाम विशाल सिंह है.
आरोपी अकील की पत्नी का अपोलो अस्पताल दिल्ली में उपचार चल रहा है. पूजा भी अपोलो अस्पताल दिल्ली में सफाईकर्मी थी, तभी से पूजा और अकील के प्रेम संबंध थे. पूजा ने अकील को बताया था कि शर्मा के पास काफी संपत्ति है.
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी पूजा ने ऋषि पाल से काफी संपत्ति बिकवा दी थी. बाकी बची संपत्ति को हड़पने के लिए उसने अपने प्रेमी अकील एवं बेटे विशाल के साथ मिलकर ऋषि पाल को जान से मारने की साजिश रची. इसके लिए अकील और विशाल ने शार्प शूटर मेहंदी हसन को 50 हजार रुपया देकर घटना को अंजाम देने के लिए तैयार किया.
साजिश के तहत अकील ने 10 मई को अपनी मोटरसाइकिल के नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर उसे विशाल और शार्प शूटर मेहंदी हसन को दे दी और उसी दिन हसन ऋषि पाल को गोली मारकर फरार हो गया. अधिकारियों ने कहा कि हत्या के मामले में सेक्टर 126 पुलिस थाना में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
Courtesy: This article is extracted with thanks & zero benefits from:

