Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरेंसंपादकीय विशेष

लॉकडाउन का दूसरा दिन: पुलिस की रही सख्ती, सडकों पर रहा सन्नाटा-इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद

मुजफ्फरनगर। पुलिस ने विभिन्न चौराहों पर बेरिकेडिंग लगा दी थीं। लोगों की आवाजाही न हो इसके लिए पुलिस सतर्क रही। सुबह दस बजे तक आवागमन ज्यादा नजर आया लेकिन इसके बाद बहुत कम लोग ही सड़कों पर दिखाई दिए। भगत सिंह रोड, रुड़की रोड, मेरठ रोड, स्टेशन रोड, भोपा, जानसठ, सरकुलर रोड समेत रोजाना व्यस्त रहने वाले शहर के सभी स्थानों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।

सूबे में लागू किए गए लॉकडाउन का दूसरे दिन भी जिले में व्यापक असर रहा। दूध और दवा की दुकानों को छोड़कर बाकी सब कुछ बंद रहा। गली-मोहल्लों में सब्जी एवं फल बेचने वाले भी नहीं आए। इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर आते-जाते दिखे। जरूरी मेडिकल सेवाएं जारी रहीं। इसके चलते बाजार बंद रहे

और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद रहा। अधिकांश औद्योगिक इकाइयां भी बंद रहीं। लोगों को बाहर निकलने से रोकने लिए चौराहों पर पुलिसबल तैनात रहा, लेकिन नागरिक स्वयं ही घरों से बाहर नहीं निकले। हाईवे पर पेट्रोल पंप खुले रहे, जबकि शहरी क्षेत्र के बंद रहे।

शिव चौक पर पुलिस ने सुबह से ही चेकिंग शुरू कर दी थी। इस दौरान फैक्टरियों में काम पर जाने वाले तथा दवा एवं अस्पताल आदि जगहों पर जाने वाले लोग ही नजर आए। इक्का-दुक्का दुपहिया एवं चार पहिया वाहन भी आते-जाते दिखे। मेडिकल इमरजेंसी या बेहद जरूरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले।

रोडवेज बसें स्टैंड से बाहर नहीं निकलीं। ट्रेनों से भी इक्का-दुक्का यात्री ही मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर उतरे। दो दिन पहले लॉकडाउन की घोषणा हो जाने के कारण लोगों ने पहले से ही आवागमन नहीं किया।

रोडवेज बसों के नहीं चलने से करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बाहर से आने वाले कुछ लोग सड़कों पर पैदल जाते भी दिखे। हरिद्वार से आ रहे प्रीतम सिंह ने बताया कि वह एक ट्रक से मुजफ्फरनगर तक आए हैं। उन्हें मेरठ जाना है लेकिन कोई गाड़ी नहीं मिल रही। परेशान होकर वह हाईवे की ओर पैदल ही चले गए।

और भी कई लोग इसी तरह पैदल आते-जाते नजर आए।कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने ५५ घंटे का पूर्ण लॉकडाउन लागू किया है। इसके चले रविवार को जनपद में व्यवसायिक गतिविधियां बंद रहीं।

जिस सड़कों पर आए दिन जाम के हालात रहते थे वहां सन्नाटा पसरा रहा। मेरठ रोड, रुडकी रोड, शिवचौक, भगत सिंह रोड, सरकुलर रोड, भोपा रोड, जानसठ रोड, कचहरी रोड, अंसारी रोड, टाउन हाल रोड आदि मार्गों पर आवाजाही बंद रहीं।

एसडी मार्केट, गोल मार्केट, घास मंडी, नई मंडी, गांधी कालोनी बाजार, लोहिया बाजार, सब्जी मंडी, दाल मंडी, गुड़ मंडी पूर्णतः बंद रहीं। पूरे दिन नागरिक टीवी से चिपके रहे। पुलिस सड़कों पर गश्त करती रही। कुछ लोग इमरजेंसी सेवाओं के लिए बाहर निकलते तो उनसे पूछताछ की गई।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21118 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

thirteen + 19 =