उपद्रव को लेकर दर्ज हुए मुकदमों में नामजदों को जेल भेजने की तैयारी तेज
मुजफ्फरनगर। सीएए के विरोध् में नगर में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के पश्चात जिला प्रशासन द्वारा उपद्रवियों के खिलाफ कडी कार्यवाही की गयी थी, जिसमें अब आगजनी व तोडफोड करने वाले उपद्रवियों की धरपकड़ तेज कर दी गयी है।
पुलिस अधिकारियो ने चेतावनी दी है कि कोई भी उपद्रवी बख्शा नहीं जायेगा और सभी को जेल भेजा जायेगा। जानकारी के अनुसार 20 दिसम्बर को जुमे की नमाज के बाद नगर में कोई हिंसा में लगभग 40 मुकदमें दर्ज होने के बाद अब उपद्रवियों की गिरफ्तारी की जा रही है। पुलिस ने अब तक सैंकड़ों उपद्रवी गिरफ्तार कर जेल भेज दिये हैं।
थाना शहर कोतवाली व सिविल लाईन थाने में अब तक लगभग तीन दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हो चुके है, जिसमें 200 लोगों को नामजद किया जा चुका है, जबकि लगभग दो हजार अज्ञात उपद्रवी भी पुलिस की रडार पर है।
सहारनपुर रेंज के डीआईजी उपेन्द्र अग्रवाल भी लगातार अधिकारियों से वार्ता कर स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। जनपद में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन फिर भी सुरक्षा की दृष्टि से कई इलाकों में पुलिसबल तैनात है। एसपी सिटी सतपाल अंतिल व एडीएम ई अमित कुमार सिंह ने भी पुलिस के साथ गस्त किया।
सभी संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। विगत शुक्रवार को हुए बवाल के बाद बीते दिवस स्थिति काफी सामान्य रही है। शिवचौक, मीनाक्षी चौक, अस्पताल तिराहा, कच्ची सड़क तक भी लगातार पुलिस गस्त कर रही है और असामाजिक तत्वों पर कडी नजर रखी जा रही है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।
