बदला: करैत सांप ने डसा तो तुरंत दांत से काटकर ले लिया बदला
ओड़िशा (Odisha) में एक व्यक्ति को जब सांप ने डसा तो उसने तुरंत ही बदला लेने के लिए सांप को भी दांत से काट लिया। दांत काटने की वजह से सांप की तुरंत ही मौत हो गई।ओड़िशा के जाजपुर के दनागड़ी प्रखंड के सालजंगा पंचायत के गंभीरपटिया गांव का 45 वर्षीय किशोर बद्रा खेत से काम कर अपने घर लौट रहा था। घर वापस लौटने के दौरान बीच रास्ते में जहरीले सांप करैत ने उसके पैर में काट लिया। सांप के काटने के बाद उसने तुरंत ही सांप को पकड़ लिया और उसे अपने दांत से काट कर मार डाला।
इसके बाद किशोर मरे हुए सांप को लेकर अपने घर आ गया और उसने पूरी घटना अपनी पत्नी को बताई। जिसके बाद सांप को दांत से काटने की खबर गांव भर में फ़ैल गई। बाद में गांव वालों ने उसे अस्पताल जाने के लिए भी कहा। लेकिन किशोर ने डॉक्टर के पास जाने से मना कर दिया। हालांकि बाद में वह गांव के ही एक वैद्य के पास गया और अपना इलाज कराया। करैत सांप के काटने के बाद भी किशोर पर कोई खास असर नहीं हुआ।
अपने साथ हुई घटना को लेकर किशोर बद्रा ने कहा कि बुधवार रात को जब मैं पैदल घर लौट रहा था, तब मुझे पैर में कुछ लगने का अहसास हुआ। जिसके बाद मैंने अपने टॉर्च को चालू किया और करैत सांप को अपने पैर के पास देखा। उसके बाद सांप से बदला लेने के लिए मैंने सांप को अपने हाथों में लिया और उसे अपने दांत से काट दिया। जिससे सांप की मौके पर ही मौत हो गई।