बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर रॉकेट से फिर हमला
बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर रविवार को फिर एक बार रॉकेट दागे गए हैं। अमेरिकी सेना के सूत्रों ने यह जानकारी दी। अमेरिकी सूत्र और एक पश्चिमी राजनयिक ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने रॉकेट दागे गए। इस हमले में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। गौरतलब है कि सुलेमानी की हत्या का बदला लेने के मकसद से अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरानी सेना द्वारा कई बार हमला किया जा चुका है।एएफपी के संवाददाताओं ने उच्च सुरक्षा वाले अमेरिकी दूतावास के ग्रीन जोन के समीप मंडरा रहे विमान से धमाकों की कई आवाज सुनी। यह हमला अमेरिकी दूतावास या इराक में स्थानीय बलों के साथ तैनात लगभग 5200 अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर किया गया अक्टूबर 2019 से अब तक का 19वां हमला है। इन हमलों की कभी किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली। लेकिन, अमेरिका ने ईरान समर्थित समूह हशद अल शाबी पर संदेह जताया है।
दिसंबर में उत्तरी इराक में एक रॉकेट हमले में अमेरिका का एक ठेकेदार मारा गया था। अमेरिका ने इसके कुछ दिनों बाद पश्चिमी इराक में कट्टरपंथी हशद गुट के खिलाफ हमले किए। बगदाद में अमेरिका के एक ड्रोन हमले में ईरान के शीर्ष जनरल कासिम सुलेमानी और उनका दाहिना हाथ माने जाने वाले हशद के उपप्रमुख अबू महदी अल-मुहांदिस मारे गए थे। हशद गुट ने इन मौतों का बदला लेने की बात कही थी। हमले से कुछ घंटों पहले हशद के ईरान समर्थित एक गुट हरकत अल-नुजबा ने कहा था कि देश से अमेरिकी सेना को खदेड़ने के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

Great content! Super high-quality! Keep it up! 🙂