खेल जगत

Sheldon Jackson की नाबाद शतकीय पारी से सौराष्ट्र बना चैंपियन

Sheldon Jackson की नाबाद 133 रन की पारी के दम पर सौराष्ट्र ने शुक्रवार को यहां विजय हजारे ट्रॉफी राष्ट्रीय एकदिवसीय टूर्नामेंट के फाइनल में महाराष्ट्र को पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया.

सौराष्ट्र की इस जीत में Sheldon Jacksonके अलावा हरफनमौला चिराग जानी से भी गेंद और बल्ले से यादगार योगदान दिया. उन्होंने पहली पारी के 49वें ओवर में हैट्रिक विकेट चटकाने के बाद नाबाद 30 रन की पारी खेली. उन्होंने जैक्सन के साथ छठे विकेट के लिए 57 रन की अटूट साझेदारी की.

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर महाराष्ट्र की टीम कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की लगातार तीसरी शतकीय पारी (131 गेंद में 108 रन) के बावजूद नौ विकेट पर 248 रन ही बना सकी. सौराष्ट्र ने 21 गेंद शेष रहते पांच विकेट गंवाकर मैच अपने नाम कर लिया. सौराष्ट्र की टीम 2007-08 के बाद दूसरी बार इस टूर्नामेंट की चैंपियन बनी है. मैच का विजयी चौका जड़ने वाले जैक्सन ने 136 गेंद की नाबाद पारी में पांच छक्के और 12 चौके जड़े.

उन्होंने पहले विकेट के लिए हार्विक देसाई (50 रन) के साथ 125 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलायी. छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए जैक्सन और देसाई ने बिना जोखिम लिये खेलते हुए स्कोरबोर्ड को चलायमान रखा. मैन ऑफ द मैच जैक्सन ने 17 ओवर में सत्यजीत बाचव (66 रन पर एक विकेट) की गेंद पर एक रन लेकर अपना पचासा पूरा किया फिर 21 ओवर में देसाई के एक रन के साथ दोनों की शतकीय साझेदारी पूरी हुई.

अधिक सतर्कता के साथ खेल रहे देसाई ने 25वें ओवर में राजवर्धन हंगरगेकर (बिना किसी सफलता के 70 रन) के खिलाफ दो चौके लगाकर 61 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. मुकेश चौधरी ने पारी के 27वें ओवर में देसाई और जय गोहिल को आउट कर महाराष्ट्र को दोहरी सफलता दिलायी. सामर्थ्य व्यास (12), अर्पित वसावड़ा (15) और प्रेरक मंकड (एक) जल्दी-जल्दी आउट हो गये. इस बीच जैक्सन ने 37वें ओवर में बाचव पर दो छक्के जड़कर जरूरी रन गति को कम किया.

सौराष्ट्र को आखिरी 10 ओवर में 57 रन चाहिए थे और उसके पांच विकेट बचे हुए थे. ऐसे में चिराग ने क्रीज पर आते ही आक्रामक बल्लेबाजी की और जैक्सन को दबाव मुक्त रखा. पारी की 47वें ओवर में मनोज इंगले (बिना किसी सफलता के 53 रन) की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर जैक्सन ने टीम को चैंपियन बना दिया.

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21118 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three + three =