उत्पीडन के खिलाफ किसी भी हद तक जाकर संघर्ष किया जाएगा -अजित राठी
मंसूरपुर। रेलवे के माल कोरोडोर के लिए जनपद में किसानों की भूमि के अधिग्रहण के मुआवजे की दरों व अन्य मुद्दों को लेकर किसान अब आरपार की जंग के मूड में हैं।
रालोद जिलाध्यक्ष अजित राठी तथा प्रमुख किसान नेता संजीव राठी ने कहा है कि उत्पीडन के खिलाफ किसी भी हद तक जाकर संघर्ष किया जाएगा और प्रशासन कोई समाधान नहीं करता है तो ११ सितंबर को किसान आरपार की जंग के साथ आंदोलन के लिए मैदान में आएंगे।
रेलवे द्वारा डेडिकेटिड फ्रेंट कॉरिडार परियोजना के लिए भूमि के अधिग्रहण के मामले में प्रशासन द्वारा किसानों की समस्याओं का कोई समाधान ना किए जाने पर किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
आज मंसूरपुर क्षेत्र में हुई बैठक में किसानों ने कहा कि जब तक उचित मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक वह जमीन को खाली नहीं करेंगे। यदि किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला तो वह रेलवे को जमीन नहीं देंगे।
इस मौके पर रालोद जिलाध्यक्ष अजित राठी तथा प्रमुख किसान नेता संजीव राठी ने कहा कि डेडिकेटिड फ्रेंट कॉरिडार परियोजना के तहत रेलवे विभाग किसानों की भूमि का अधिग्रहण करने में नाइंसाफी कर रहा है
उन्होनें सवाल किया कि जब जिला एनसीआर में है तो यहां एनसीआर के आधार पर मुआवजा क्यों नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि किसान मुआवजे को लेकर भेदभाव सहन नहीं करेंगे।
उनका कहना था कि कई बार वार्ता के बावजूद इस समस्या का समाधान प्रशासन नहीं कर पाया है। ऐसे में मुआवजे को लेकर किसान संतुष्ट नहीं हैं। किसानों का प्रतिनिधि मंडल डीएम सेल्वा कुमार जे से उनके कार्यालय पर मिला था
लेकिन आज तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। इतने कम मुआवजे पर किसान रेलवे विभाग को जमीन नहीं देगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर किसान केवल डीएम सेल्वा कुमारी जे से वार्ता करेंगे और इसका कोई समधान ना होने पर वे ११ सितंबर को आर पार की लडाई के लिए मैदान में उतरेंगे।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय लोक दल अजीत राठी, प्रमुख किसान नेता संजय राठी, विकास बालियान, अंगद, संजीव राठी, चांद वीर बालियान, जगपाल सिंह डायरेक्टर, आनंद डायरेक्टर, विशाल अहलावत, रविंदर फौजी तथा अजीत आदि मौजूद रहे।
