दो दुकानो में घुसा खाली बोरियों से भरा हुआ ट्रक, लाखों का नुकसान
बुढ़ाना। खाली बोरियों से भरा हुआ एक ट्रक शराबी चालक की लापरवाही के चलते पुलिस चौकी के ठीक सामने सड़क किनारे हाइवे पर स्थित दो अस्थाई दुकानों में घुस गया।
जिसमें कोल्ड ड्रिंक्स की दोनों दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें रखा लाखों रुपए की कीमत का सामान भी नष्ट हो गया। ट्रक चालक घटना को अंजाम देकर ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
घटना का पता दोनों दुकानदारों को आज शनिवार की अल सुबह तब लगा जब वे अपनी दुकानें खोलने आए। बुढ़ाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।
इससे पहले भी पिछले माह इसी तरह से और दुकानों में भी नुकसान हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव सठेडी के निवासीगण अनुज पुत्र राज सिंह प्रजापति और काला पुत्र रामभूल सेन बायवाला पुलिस चौकी के ठीक सामने मेरठ वाया करनाल हाइवे पर सड़क के किनारे कंफेक्शनरी व कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान करते हैं।
रोजाना की भांति बीती रात वे अपनी अपनी दुकानें बंद करके अपने अपने घर चले गए। तब देर रात शामली जनपद की तरफ से ट्रक जिसमें खाली बोरियां भरी हुई थी जोकि मेरठ जा रहा था आया और उसके शराबी चालक ने अपना ट्रक दोनों दुकानों में जोरदार टक्कर मारते हुए दोनों दुकानों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया और मोका पाकर फरार हो गया।
ट्रक की जोरदार टक्कर से दोनों दुकानें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और इन दोनों दुकानों में रखे हुए 4 बडे काउंटर, 2 रेहड़े, 2 छप्पर, कोल्ड ड्रिंक्स की सैंकड़ों बोतलें, पानी की बोतलें, बिस्कुट, नमकीन और अन्य सामान भी नष्ट हो गया। यह घटना लगभग दस बजे के आसपास की बताई गई है।
घटना का पता आज शनिवार की सुबह तब लगा जब दुकान मालिक अनुज और काला अपनी अपनी दुकानें खोलने मौके पर आये। तब उन्होंने देखा कि ट्रक दोनों दुकानों के अंदर घुसा हुआ है। तब उन्होंने इसकी सूचना बायवाला पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए दोनों दुकानदारों को तहरीर लिखकर देने की बात कही है।
पुलिस ने तब तहरीर के आधार पर ट्रक को कब्जे में लेकर ट्रक के चालक की तलाश शुरू कर दी है। दोनों दुकानों में लगभग 3 लाख रुपए का नुक़सान होना बताया गया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी इन्हीं दुकानों की बराबर में सोनू प्रजापति निवासी ग्राम सठेडी की फलों की दुकान में भी ट्रक घुस गया था जिसमें लाखों का नुक़सान हुआ था।

