समाचार
व्यापारियों ने राहत महसूस की
खतौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्थानीय व्यापारी नेताओं ने आभार जताया हैं। प्रदेश में मंडी शुल्क व मंडी के लाइसेंस समाप्त होने से व्यापारियों ने बड़ी राहत महसूस की है। उत्तर-प्रदेश उधोग-व्यापार मंडल के प्रांतीय संगठन मंत्री व खतौली नगराध्यक्ष राजेश जैन, महामंत्री अरविन्द वर्मा व कोषाध्यक्ष भावेश गुप्ता ने बताया कि हमारे व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष श्याम बिहारी मिश्रा पूर्व सांसद इस हेतु विगत कई वर्षों से लंबी लड़ाई लड़ रहे थे। अब आ कर व्यापारियों को इसमें सफलता प्राप्त हुई है। इस सफलता पर उन्होंने प्रांतीय अध्यक्ष को बहुत-बहुत बधाई देते हुए यह मांग भी की हैं कि जो व्यापारी मंडी स्थल पर व्यापार कर रहे हैं उन्हें भी जल्द से जल्द इसी तरह की राहत दी जाए, जिससे कि मंडी का व्यापार करने वाले व्यापारी को नुकसान न उठाना पड़े अन्यथा मंडियों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। उन्होंने पुनः मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मांग उठाई कि मंडी के व्यापारियों को भी राहत प्रदान करें।
मुजफ्फरनगर में तीन पाजिटीव केस मिले, बाजारों में नहीं हो रहा सोशल डिस्टेन्सिग पालन
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है सोशल डिस्टेन्सिग की धज्जियां उडाना ही इस वायरस को आमंत्रित कर रहा था। शुक्रवार को जहा ंएक साथ 19 केस मिलने से प्रशासन में खलबली मच गयी थी। शनिवार को फिर तीन पाजिटीव केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरे बढने लगी है वहीं पांच कोरोना मरीज ठीक होने पर प्रशासन ने कुछ भी महसूस की। आज जो मामले मिले उनमें एक आर्यपुरी, एक कुदंनपुरा तथा एक अग्रसेन विहार का निवासी है। जिला सूचना अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह तीनों किसी पुराने केस से संबद्ध नहीं हैं और वे कहां से कारोना ग्रस्त हुए इसे लेकर पूछताछ के बाद ही कुछ पता चल पाएगा। आज पॉजिटिव मिले तीनों लोगों के टै्रवल हिस्ट्री तलाश की जा रही है। जिले में अब कुल 83 कोरोना के एक्टिव मामले हो गए हैं।
आज नगर में फिर तीन नए पाजिटीव मामले मिले हैं तथा पांच ठीक भी हुए है। आज मिले तीनों मामले शहर से जुडे होने के कारण हडकंप की स्थिति रही। शहर में यह मामले आर्यपुरी, एक कुदंनपुरा तथा एक अग्रसेन विहार के घनी आबादी वाले इलाके के हैं। इससे चिंता बढनी स्वाभाविक है। बताया गया है कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि इन तीनों को कहां से यह संक्रमण मिला। हालांकि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार इन तीनों संक्रमितों का अभी तक शहर में मिले कोरोना पॉजिटिव से कोई संबंध नहीं है। यानि ये किसी पॉजिटिव की चेन में शामिल नहीं बताए गए हैं। ऐसे में उन्हें कोविड एलवन अस्पताल भेजने के साथ उनकी टै्रवल हिस्ट्री का पता लगाने और उनके परिवारां को क्वारंटाइन करने के साथ वहां हॉट स्पॉट बनाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
इस बीच आज स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भोपा रोड पर एसडी कॉलेज के बाहर रह रहे गाडिया लुहारां के परिजनों के सैंपिल लेने का अभियान चलाया गया। वहां चिकित्सा विभाग की टीम ने इनकी जांच के लिए अभियान चलाते हुए उनके सैंपिल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
दूसरी ओर कस्बा भोकरहेडी में क्वारन्टीन किये गए सभी लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। ग्राम शुक्रतारी में लिए गए सभी सैंपल की जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव मिली है। मोरना प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ अर्जुन सिंह ने बताया कि ग्राम रथेड़ी में 24 वर्षीय विवाहिता की कोरोना से मौत हो जाने के बाद उसके परिजनों को कस्बा भोकरहेड़ी में होम क्वारन्टीन किया गया था तथा उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। उन सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। साथ ही ग्राम शुक्रतारी से लिये गए सभी सैंपल की जांच भी नेगेटिव आयी है। कुल मिलाकर अब तक 83 एक्टिव केस जनपद में हो गये है वहीं अब तक कुल उपचार के बाद 73 कोरोना संक्रमित ठीक होकर डिस्चार्ज किये जा चुके है।
हर रविवार को रहेगा जनता कर्फ्यू
मुजफ्फरनगर। कोविड-19 के बढते प्रभाव के मददेनजर एवं जनस्वास्थ्य के दृष्टिगत अब प्रत्येक रविवार को जनपद मे पूर्ण लॉकडाउन जनता कर्फ्यू रहेगा। इस दौरान सभी प्रकार के व्यापारिक प्रतिष्ठान, दुकाने, होटल, माल, रेस्टोरेंट इत्यादि बंद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि जनपद मे पिछले कुछ दिनो मे कई कोरोना पॉजिटिव मिलने से नागरिको मे असंतोष बनाहुआ है। विदित हो कि बीते दिन 19 पॉजिटिव मिले हैं। जनस्वास्थ्य के दृष्टिगत तथा कोरोना वायरस के प्रभाव को निष्फल करने के लिए मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने बीते दिन डीएम सेल्वा कुमारी जे. को पत्र लिखकर जनपद मे लगातार बढ रहे कोरोना पॉजिटिव केस पर चिंता जताई थी और कहा था कि अत्यंत चिन्ता का विषय है कि जनपद मुजफ्फरनगर मे कोरोना पॉजिटिव के केस निरंतर बढ रहे हैं। जिस कारण शहरी क्षेत्र मे भी कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढती नजर आ रही है।
मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने जिलाधिकारी को लिखे पत्र मे कहा कि बाजारो मे भीड लगातार बढ रही है तथा केन्द्र व प्रदेश सरकार के रात्रि 9 बजे से प्रातः 5 बजे तके के सम्पूर्ण लॉकडाउन का सख्ती से पालन नही हो रहा है। मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने पत्र मे बताया कि इस सम्बंध मे व्यापारी संगठनो, समाजसेवी बंधुओ से हुई वार्ता व सुझाव के क्रम आग्रह किया गया है कि जनहित मे कोरोना पर नियंत्रण हेतु बेहद आवश्यक चीजों दूध, रिटेल दवाईयां, समाचार पत्र वितरण, फल-सब्जी आदि को छोडकर सप्ताह मे सम्पूर्ण दिन यानि 24 घंटे का जनता कर्फ्यू लगाकर उसका सख्ती से पालन कराने का पत्र लिखा था। मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने इस सम्बन्ध मे जिलाधिकारी के अलावा प्रमुख सचिव गृह उत्तर प्रदेश व एसएसपी मुजफ्फरनगर को भी पत्र भेज कर सम्पूर्ण लॉकडाउन लगाने के कहा था। डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने जनस्वास्थ्य के दृष्टिगत प्रत्येक रविवार को पूर्णतया लॉकडाउन कर्फ्यू के आदेश जारी किए।
करंट लगने से युवक की मौत
ककरौली। करंट लगने से युवक की मौत हो गई। इस दुखद हादसे से परिजनो मे कोहराम मच गया तथा ग्रामीणो मे शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार ककरौली थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव दौलतपुर निवासी करीब 25 वर्षीय युवक रिजवान पुत्र अययूब आज सुबह करीब ग्यारह बजे अपने घर मे बिजली सुधार रहा था। कि इसी बीच अचानक करंट लग जाने से युवक रिजवान की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनो मे रोआराट शुरू हो गई। युवक की मौत पर पडौसी तथा कुछ अन्य पडौसी भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनो ने पुलिसिय कार्यवाही कराने से इन्कार कर दिया। गमगीन माहौल के बीच युवक के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
सडक हादसे मे युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। सडक हादसे मे एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। इस दुखद हादसे से परिजनो मे शोक छाया हुआ है।
जानकारी के अनुसार नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र के जानसठ रोड पर आसिफ पुत्र छोटे निवासी दौराला मेरठ की रोड रोलर चढने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। हादसे मे युवक की मौत पर कई लोग मौके पर एकत्रित हो गए। नागरिको की सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक के सम्बन्ध मे जानकारी हासिल कर मृतक के परिजनो को इस दुखद हादसे से अवगत कराया। युवक की मौत की खबर से परिजनो मे कोहराम मच गया।रोते-बिलखते परिजन व ग्रामीण तुरन्त ही मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने यहां पहुंचे परिजनो तथा ग्रामीणो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। इस दुखद हादसे से परिजनो मे शोक छाया हुआ है।
20 लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब गिरफ्तार
भोपा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाये जा रहे धरपकड़ अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक देहात व पुलिस उपाधीक्षक भोपा व प्रभारी निरीक्षक भोपा के निर्देशन में थाना भोपा पर तैनात उ०नि० जगपाल सिंह, हैं०का०-४२६ संजीव कुमार, का०-७०५ अनिल कुमार, का०-१७११ अमित कुमार, का०-१५५१ जितेन्द्र कुमार, का०-८०१ रविन्द्र अधाना द्वारा मुखबिर की सूचना पर जंगल ग्राम मजलिसपुर तोफीर थाना भोपा से अभियुक्तगण संदीप,मुकेश उपरोक्त को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने संदीप पुत्र जगराम निवासी ग्राम मजलिसपुर तोफीर थाना भोपा मु०नगर, मुकेश पुत्र राजवीर निवासी मजलिसपुर तोफीर थाना भोपा मु०नगर बताया है। जिनके कब्जे से २० लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब, एक बाल्टी प्लास्टिक, एक पाइप प्लास्टिक, एक मग प्लास्टिक, एक कीप, एक टब प्लास्टिक, एक प्याली मिट्टी छेद नुमा, एक पतीला एल्युमिनियम बरामद किया।
जान से मारने की धमकी दी
मुजफ्फरनगर। जनपद के सिविल लाइन क्षेत्र के बिजली घर रुड़की रोड से डायल ११२ पर मौ० अकरम ने सूचना दी की उसका बेटा उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। जिस पर तुरन्त कार्यवाही करते हुए कच्ची सड़क चौकी पर तैनात पीआरवी कमाण्डर मनोज कुमार संग पायलेट विपुल कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित व्यक्ति से मिले पीड़ित ने बताया कि उसका बेटा इन्तजार उसे कट्टा दिखाकर भयभीत करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीआरवी मनोज कुमार द्वारा घटना की सारी जानकारी साकेत चौकी प्रभारी सुनील नागर को दी सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भी तुरन्त घटनास्थल पर पहुंचे तब तक घर की घेराबंदी कर इन्तजार को मय १२ बोर देशी कट्टा एक जिंदा कारतूस गिरफ्तार कर मौके पर पहुंचे सुनील नागर को सुपुर्द कर दिया। चौकी प्रभारी द्वारा अपराध संख्या ब्छ.195/20 धारा न्ै.3/25 में इन्तजार पुत्र अकरम पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।
बिजली की अघौषित कटौती ने लोगों का किया जीना मुहाल
मुजफ्फरनगर। जनपद में गर्मी का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ रहा है हालात यह हो चुके है कि लोग जरूरी कामकाजों के लिए भी सुबह व शाम में घर से निकलना उचित समझ रहे है। वहीं दूसरी ओर गर्मी के साथ-साथ बिजली कटौती से भी नागरिक परेशान हो चुके है। एक तो भीषण गर्मी, ऊपर से बिजली की अघौषित कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। शहरवासी गर्मी में बिलबिला रहे हैं। वहीं बिजली की अघौषित कटौती ने भी लोगों को रुला दिया है। पूरे दिन में कई-कई बार कट लगाए जा रहे हैं, घरों में लगे इन्वर्टर भी फेल रहे हैं। एसी व कूलर भी लोगों को राहत नहीं दिला पा रहे हैं। जानकारी के अनुसार इन दिनों गर्मी अपने पूरे चरम पर पहुंच गयी है। सुबह दिन निकलते ही गर्मी का प्रकोप शुरू हो जाता है। तेज धूप लोगों के बदन को झुलसाने का काम कर रही है। गर्मी के कारण पूरा जिला भट्टी की आग की तरह तप रहा है, लोगों को न घरों में आराम मिल रहा है और न ही बाहर। तापमान में लगातार बढोŸारी होने से लोग बुरी तरह बिलबिला रहे हैं। बाजारों में भी सुबह के समय ही लोगों द्वारा खरीददारी की जा रही है, दोपहर के समय बाजारों में भी सन्नाटा सा पसर जाता है। लोग सिर व मुंह को ढककर बाजारों में खरीददारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। पूरे दिन गर्मी का प्रकोप
बना रहता है जिसके चलते लोग घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं। दूसरी ओर जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढता जा रहा है वैसे-वैसे बिजली कटौती का सिलसिला भी शुरू हो गया है। दिन में कई-कई बार कट लगाए जा रहे हैं जिससे लोग परेशान हो गए हैं। घंटों बिजली गायब रहती है जिस कारण घरों में लगे इन्वर्टर भी फेल हो रहे हैं, वहीं पीने के पानी की भी समस्या खडी हो गयी है। घरों में लगे एससी व कूलर भी लोगां को गर्मी से राहत नहीं दिला पा रहे हैं। गर्मी से निजात पाने को लोग खेतों में लगी ट्यूबवैलों पर नहा रहे हैं लेकिन कोई भी राहत नहीं मिल पा रही है। आसपास के देहात क्षेत्रों में भी गर्मी का जबरदस्त प्रकोप बना हुआ है। लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। कुल मिलाकर गर्मी ने तौबा बुला दी है।
इम्युनिटी किट प्रदान की 
मुजफ्फरनगर। उदय वेलफेयर सोसाइटी ने इस वैश्विक महामारी में पहले लोग डाउन से पहले दिन से करोना फाइटर्स की तरह काम करने वाले पुलिस प्रशासन जिला प्रशासन एवं मीडिया भाइयों को सेफ करते आ रही है उसके बाद वैश्विक महामारी में जो मजदूर यहां पर मुजफ्फरनगर में आए हुए थे उन लोगों को सूखा राशन एवं बना हुआ भोजन के पैकेट वितरित करते हुए उन्हें किसी को भी भूखा नहीं सोने दिया गया है हमारे साथ जिले की अनेकों संस्थाएं ने कार्य कर मुजफ्फरनगर जिले में किसी को भी भूखा नहीं सोने दिया है मैं निधीश राज गर्ग उदय वेलफेयर सोसायटी की ओर से सभी कोरोना योद्धाओं एवं सभी संस्थाओं का साधुवाद करता हु जिन कोरोना योद्धाओ को सम्मानित किया गया और इम्युनिटी किट प्रदान की गयी उनमे मुख्य रूप से बी बी चौरसिया(एस पी ट्रैफिक एवम क्राइम),हरीश भदौरिया(सी ओ सिटी),अनिल कपरवाँ(शहर कोतवाल) सहित कई थाना प्रभारी एवम मीडिया बंधु,सामाजिक कार्यकर्ता आदि मुख्य रूप से शामिल है। इसके इलावा उल्लेखनीय है कि लॉक डाउन के समय में उदय वेलफ़ेयर सोसायटी ने अपने कर्तव्य एवम दायित्व को बहुखुबी अंजाम दिया है निधीश राज गर्ग ने कहा कि भविष्य में भी राष्ट्र हित में उदय वेलफ़ेयर सोसायटी अपना योगदान निरंतर देती रहेगी।इस अवसर पर संस्था के मुख्य पदाधिकारी श्री संदीप सिंघल,श्री कोमल कांत गोयल,राजीव गर्ग,राहुल जैन मोहित मेहंदियाँ एवम सभी साथियों का अविस्मर्णीय योगदान रहा।
गड्ढो में तबदील हुई सडक
रोहाना। मुख्यमंत्री योजना के अंतर्गत एक वर्ष पूर्व बनाई गई रोहाना की सड़क टूट कर गड्ढो में तबदील होती जा रही है।
स्टेट हाईवे से पैट्रोल पम्प के बराबर से करीब डेढ़ किमी मार्ग रोहाना खुर्द, रोहाना कलां तक का मार्ग टोल शुल्क बचाकर वाहनों के आवागमन के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसे पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव के बाद पुरकाजी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले मार्ग को ग्रामीणों की मांग पर विधायक के द्वारा मुख्यमंत्री योजनाके अंतर्गत आरईएस विभाग से ई टेंडर के द्वारा ठेका देकर निर्माण कार्य कराया गया। यह मार्ग रोहाना होते हुये बरला रुड़की हरिद्वार निकलता है इस मार्ग से मतोली, रोहाना कूर्द, रोहाना कलां, के किसानों का मिल में गन्ना आपूर्ति होता है लेकिन ट्रैफिक चलने के कारण सड़क के दोनों ओर साइड के साथ ही जगह जगह गड्ढे पड़ जाने से क्षतिग्रस्त होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है इस सड़क में करीब २५ लाख से चौड़ीकरण तो हो गया लेकिन सड़क में गुणवत्ता नही आई है।
मुख्य मार्ग जलमग्न हुआ, लोग परेशान
रतनपुरी। गांव रतनपुरी का मुख्य मार्ग पर जलभराव रहने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गांव के ज्यादातर घरों में सबमर्सिबल पंप लगा है। काफी ग्रामीण इन सबमर्सिबल पंप के माध्यम से भूमिगत जल का अनावश्यक दोहन करते हैं, जिस कारण गांव की गलियां दिनभर बहते पानी से जलमग्न रहती है। गांव के होली चौक की ओर का मुख्य मार्ग पर अत्यधिक जल भराव रहता है। यहां जल निकासी का भी उचित प्रबंध नहीं है। यहां से गुजरने वाला नाला भी इस पानी के लिए नाकाफी साबित हो रहा है। दिनभर यहां से गुजरने वाले लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान पति कपिल सोम का कहना है कि बहुत जल्द गांव के नाले की सफाई कराई जाएगी और जल के अत्याधिक दोहन को रोकने के लिए सबमर्सिबल पंप का आवश्यकता के अनुरूप कम से कम प्रयोग करने के लिए ग्रामीणों को भी समझाया जाएगा।

