समाचार
डाउनस्ट्रीम में बोट सफारी का शुभारंभ 
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय डाल्फिन दिवस के अवसर पर सोमवार को गंगा बैराज से डाउनस्ट्रीम में बोट सफारी का शुभारंभ हुआ। केन्द्रीय जल शक्ति विभाग के अन्तर्गत नेशनल मिशन ऑफ क्लीन गंगा (एनएमसीजी)के महानिदेशक वरिष्ठ आईएएस राजीव रंजन मिश्रा ने इस बोट सफारी की शुरूआत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और रोजगार के लिए बड़ा अवसर बताते हुए कहा कि आज के दिन हैदरपुर वेटलैंड के लिए इको पर्यटन के सफर में एक नया अध्याय भी जुड़ गया है। इस दौरान उन्होंने हैदरपुर वेटलैंड का निरीक्षण करते हुए मनोहारी दृश्य अपने मोबाइल में कैद किये तो वहीं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए क्षेत्र में पौधारोपण भी किया। इसके साथ ही उन्होंने जन जागरुकता गोष्ठी के अन्तर्गत लोगों को डॉल्फिन कंजरवेशन कंजरवेशन के साथ ही गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया।एनएमसीजी के महानिदेशक राजीव रंजन ने इस अवसर पर इको टूरिज्म, डॉल्फिन कंजरवेशन और बोट सफारी के लिए विभिन्न मंचों के माध्यम से सहयोग प्रदान करने वाले लोगों तथा अफसरों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। महानिदेशक ने वाइल्ड लाइफ इंस्टिट्यूट के स्टूडेंट्स के प्रोजेक्ट का भी विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने हैदरपुर वेटलैंड पर वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने भ्रमण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं को भी परखा और और अफसरों को हैदरपुर वेटलैंड को डवलप करने के लिए निर्देशित किया। मचान पर चढ़कर एनएमसीजी के महानिदेशक राजीव रंजन ने अफसरों के हैदरपुर वेटलैंड का मनोहारी दृश्य अपने मोबाइल में भी कैद किया। उनके द्वारा बोट सफारी का शुभारंभ करने के साथ ही बोट में सवार होकर मंडलायुक्त व अन्य अफसरों के साथ गंगा की सैर की और विदुर कुटी तक भ्रमण किया। इसके साथ ही स्वच्छ गंगा का संदेश देने के लिए उनके द्वारा कछुए गंगा नदी में छोड़े गये। इस अवसर पर सहारनपुर मंडल के आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि बिजनौर बैराज के डाउनस्ट्रीम में बोट सफारी शुरू होना, इस क्षेत्र में इको पर्यटन में एक और पहलू जोड़ देगा और स्थानीय समुदाय की आजीविका को मजबूत करने वाला कदम साबित होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डीएम बिजनोर रमाकांत पांडे, एनएमसीजी के सलाहकार डा. संदीप बोहरा, सीडीओ आलोक यादव, डीएफओ सूरज कुमार, एसडीएम जानसठ अमृतपाल कोर, सीओ जानसठ शकील अहमद सहित अन्य अधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
कानून व्यवस्था, महंगाई व अन्य जनसमस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। जन अधिकार पार्टी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, महंगाई व अन्य जनसमस्याओं के संबंध में राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। जन अधिकार पार्टी के जिला प्रभारी डा. ब्रहमदत्त सैनी के नेतृत्व में कचहरी स्थित डीएम कार्यलय पर पहुंचे कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने राज्यपाल को सम्बोधित एक ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार को सौंपा।
जिसमें मांग की गयी कि पैट्रोल डीजल की बढ़ी कीमते तत्काल वापस ली जाये। पिछडों, दलितों, अल्पसंख्यकों की हत्याओं एवं उत्पीडन को तत्काल रोका जाये। मजदूरों को व्यवस्थित होने के लिए कम से कम 15 हजार रूपये एक मुश्त किये जाये और 7500 रूपये अगले एक वर्ष तक प्रतिमाह दिये जाये। सरकार द्वारा पिछडों का आरक्षण मैडिकल सहित सभी क्षेत्रों में शून्य कर दिया गया है। इसे तत्काल बहाल किया जाये साथ ही भागीदारी संकल्प मोर्चा यह भी मांग करती है कि पिछडे वर्ग में क्रीमलेयर की व्यवस्था समाप्त की जाये। यदि सरकार क्रीमितेयर व्यवस्था लागू ही करना चाहती है तो क्रीमिलेयर की सीमा शुद्ध बचत का कम से कम 15 लाख रूपये रखा जाये। पूरे देश में शिक्षा का पाठयक्रम एक समान किया जाये और बेरोजगार नवयुवकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाये। किसानों को खाद, बीज व कीटनाशक दवाएं उचित मूल्य पर उपलब्ध करायी जाये और सिंचाई व्यवस्था मुफ्त किया जाये। अन्ना प्रथा आवारा पशुओं ाके बंद किया जाये। किसानों के गन्ने का भुगतान तुरंत किया जाये।
महिला का शव मिलने से फैली सनसनी
शुकतीर्थ। तीर्थ नगर शुक्रतीर्थ में गंगा नदी में नहा रहे श्रद्धालुओं में उस वक्त सनसनी फैल गई जब नदी में एक महिला का शव देखा गया सूचना मिलते ही मोके पर पहुंची यूपी १०० डायल पुलिस ने महिला को नदी से बाहर निकाला और आस पास के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से महिला की शिनाख्त कराई लेकिन महिला की शिनाख्त नही हो सकी महिला के पास से एक पर्स भी मिला है जिसमे कुछ रूपये भी मिले है पर्स पर दीप ज्वैलर्स लिखा है। दरअसल मामला जनपद मु० नगर के थाना भोपा अंतर्गत तीर्थ स्थली शुक्रतीर्थ गंगा घाट का है जहां सुबह सवेरे श्रद्धालु एंव स्थानीय ग्रामीण गंगा स्नान कर रहे थे तभी किसी की नजर नदी में एक महिला पर पड़ी जिसे देख उन्होंने शोर मचा दिया आस पास के ग्रामीणों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस के साथ ही यूपी १००/११२ डायल को भी दे दी सूचना मिलते ही तुरन्त मोके पर पहुंची पुलिस ने महिला को बाहर निकाला चौक करने पर मालूम हुआ की महिला मृत अवस्था में है जिसके पास से एक पर्स भी मिला है जिसमे कुछ रुपये भी है तथा पर्स पर दीप ज्वैलर्स लिखा हुआ है । पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों सहित श्रद्धालुओं से महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया मगर महिला की शिनाख्त नही हो सकी तत्पश्चात पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी थाना प्रभारी भोपा सूबे सिंह का कहना है की महिला के शव की सूचना मिली थी मोके पर पुलिस पहुंची और मृतक महिला की शिनाख्त का काफी प्रयास किया गया लेकिन महिला की शिनाख्त नही हुई महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही जारी है।।
युवक की अस्पताल में मौत
मुजफ्फरनगर। ट्रैक्टर की चपेट में आ जाने से घायल हुए युवक की अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नई मंडी थाना क्षेत्र के सरवट फाटक पर आदर्श कॉलोनी निवासी विकास ट्रैक्टर की चपेट में आ जाने से घायल हो गया था। जिसको आनन-फानन में पुलिस द्वारा जिला चिकित्सालय भेजा गया था। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विकास डाटा एंट्री का कार्य करता था। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
रालोद महिला प्रकोष्ठ ने राष्ट्रीय महिला आयोग को ज्ञापन भेजा
मुजफ्फरनगर। महिलाओ पर अत्याचार व महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा महिला अपराधो मे सुलभ न्याय प्राप्त करने का कानून लागू करने की मांग को लेकर रालोद महिला प्रकोष्ठ ने राष्ट्रीय महिला आयोग को ज्ञापन भेजा।
राष्ट्रीय लोकदल की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमति रमानागर ने उत्तर प्रदेश मे महिलाओ पर बढते अपराधों,महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा महिला अपराधो मे सुलभ न्याय प्राप्त करने के कानूनो को लागू कराने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की। ज्ञापन मे आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश मे भाजपा की सरकार बनने के बाद से आये दिन महिला यौन अपराधो के केस बढ रहे है। महिला सुरक्षा का वादा कर सत्ता मे आयी भाजपा सरकार महिला सुरक्षसा के मुददे पर असंवेदनशीलता का परिचय दे रही है। यहां तक कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर मे भी महिलाए सुरक्षित नही है। अपराधियो मे कानून का डर दिखाई नही देता है। इसलिए ऐसी घटनाओ की पुनरावृत्ति हो रही है। पुलिस प्रशासन महिला अपराधो के मामले मे निष्पक्ष कार्यवाही नही करता है। सिफारिश और रिश्वत के चलते महिला अपराधो के केस दर्ज तक नही करता है। ज्ञापन मे आरोपित किया कि हाथरस की घटना की रिर्पोट आठ दिन बाद दर्ज की गयी। रोज घटित हो रही घटनाओ ने प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। रालोद महिला प्रकोष्ठ ने मांग की है कि प्रत्येक जिले मे फास्ट टै्रक कोर्ट संचालित की जायें और महिला अपराधो का निस्तारण एक माह मे किया जाए। दुराचार जैसे जघन्य अपराधो मे नाबालिग को बालिग की श्रेणी मे रखा जाये। महिला अपराधो की सुनवाई के लिए अलग सैल की व्यवस्था की जाए। महिला अपराधो की रिपोर्ट तुरंत लिखी जानी चाहिए। इस दौरान रालोद की राष्ट्रीय सचिव श्रीमति रमा नागर, पूर्व मंडल अध्यक्ष रेखा चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ बिजनौर पूनम चौधरी, मंजू सिह, अनिता वर्मा, सुमन, रमन सिह, सुनीता राजपूत,उषा चौधरी, नूतन मिश्रा, प्रियंका चौधरी, सविता, सोनिका चौधरी, रेनू चौधरी, महिला चौधरी, बरखा, पायल माहेश्वरी, सुमन माहेश्वरी आदि अनेक पदाधिकारी व कार्यकत्री मौजूद रही।
पुलिस ने कई वांछितों को दबोच लिया
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई वांछितों को दबोच लिया। थाना सिविल लाइन पर व0उ0नि0 बचन सिंह अत्री द्वारा वांछित अभियुक्त वसीम पुत्र मौ0 उमर नि0 527 खालापार थाना को0नगर मु0नगर, इस्तकार पुत्र नूरहसन नि0 गली नं0 8 सुभाषनगर थाना नई मण्डी मु0नगर को अभि0गण के मसकन से गिरफ्तार किया। वहीं थाना खतौली पर उ0नि0 ओमप्रकाश सिंह द्वारा वांछित अभियुक्त श्रवण उर्फ भालू पुत्र वेदपाल नि0 अन्तवाडा थाना खतौली मु0नगर को जानसठ अडडेसे गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना शाहपुर पर उ0नि0 अजयपाल सिंह द्वारा पोक्सो अधि0 में वांछित अभियुक्त फूल कुमार पुत्र जस्सू नि0 ग्राम दुल्हेरा थाना शाहपुर मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना रतनपुरी पर उ0नि0 जितेन्द्र पंवार द्वारा वांछित अभियुक्त अंकुर पुत्र रामसिंह नि0 ग्राम व थाना रतनपुरी मु0नगर को बडसू रजवाहे से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना फुगाना पर उ0नि0 रहीशपाल सिंह द्वारा वांछित अभियुक्त सददाम पुत्र सलीम नि0 बनवा थाना कोतवाली शामली को थाना परिसर से गिरफ्तार किया गया।
शाहपुर। थाना शाहपुर पर उ0नि0 संदीप कुमार द्वारा अभियुक्त अरशद पुत्र जमालूददीन, नफीस पुत्र स्व0 युसुफ नि0 ग्राम तावली थाना शाहपुर मु0नगर को ग्राम तावली से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 110 किग्रा गौमांस व काटने के उपकरण बरामद किया गया।
मुठभेड में शातिर बदमाश घायल
खतौली।ं पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया गया कि सफेदा रोड पर रविवार रात करीब १२ बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम शब्बर उर्फ चांद पुत्र घासी निवासी डूंगरावली थाना परतापुर जनपद मेरठ व हाल पता नूरनगर की पुलिया मदीना कॉलोनी थाना लिसाड़ीगेट जनपद मेरठ बताया है। पुलिस ने बदमाश के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, दो खोखा, बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए बदमाश पर जनपद मेरठ, गौतम बुद्धनगर और गाजियाबाद में डकैती, लूट, चोरी, गैंगेस्टर आदि के लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
शिक्षक की गोली मारकर हत्या
मंसूरपुर। प्राईवेट शिक्षक की गोली मारकर हत्या के मामले मे पुलिस ने मामला दर्ज कर भागदौड व छानबीन शुरू की। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव जीवना निवासी प्राईवेट टीचर सुधीर जो कि कोरोना के कारण आजकल टयूशन पढाकर अपना परिवार चला रहा था। बीती रात वह पुरबालियान मे टयूशन पढाकर जब वह अपने गांव जीवना वापिस लौट रहा था कि जैसे ही वह जीवना-पुरबालियान मार्ग पर पहुंचा कि इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने परिजनो की तहरीर पर इस मामले मे अज्ञात यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर भागदौड व छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रो का कहना है कि पोस्ट मार्टम रिर्पोट व मामले की छानबीन के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकेगा।
जयंत चौधरी एव कार्यकर्ताओ पर पुलिस फ़ोर्स द्वारा लाठीचार्ज करने के विरोध में लगाया जाम
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी एव कार्यकर्ताओ पर पुलिस फ़ोर्स द्वारा लाठीचार्ज से ग्रामीण क्षेत्रो में गुस्से की लहर दौड़ गयी। आज किसानों ने जिले में पानीपत खटीमा मार्ग पर गॉव काजीखेड़ा-जागाहेड़ी स्टैंड पर जबरदस्त जाम लगाया। गुस्से में ग्रामीणों के लगाए जाम से दोनो तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी। जाम में काजीखेड़ा ग्राम प्रधान व रालोद युवाध्यक्ष विदित मलिक ने अन्य ग्रामीणों के सहयोग से जाम लगाया और रालोद जिलाध्यक्ष अजित राठी, पूर्व विधायक नवाजिश आलम, प्रदेश महासचिव सुधीर भारतीय, युवा मंडल अध्यक्ष हर्ष राठी आदि ने मौके पर ही जाम में सभा का आयोजन किया। सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजित राठी तथा संचालन विदित मलिक ने किया। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजित राठी ने कहा कि जिस तरह हमारे राष्ट्रीय नेता पर इरादतन जानलेवा हमला किया वो बर्दाश्त से बाहर है। पूर्व विधायक नवाजिश आलम ने कहा कि जिस तरह ये दमनकारी सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है वो अब पानी सर से ऊपर जा चुका है। जाम लगातार दो घंटे चलने के बाद दोनों तरफ लंबी कतार लग गयी तो मौके पर खड़े सी ओ राम मोहन शर्मा और एस ओ कपिल देव ने रालोद नेताओ से जाम खोलने का आग्रह किया तो रालोद जिलाध्यक्ष अजित राठी ने जाम खोलने की घोषणा करते हुए आगामी ८ तारीख को भारी तादाद में मुज़फ्फरनगर पहुँचने का आह्वान किया! इसके बाद तितावी बस स्टैंड पर रोहित लटियान,सार्थक लटियान आदि के नेतृत्व में जाम लगा हुआ था जिसकी सूचना पर रालोद प्रदेश महासचिव सुधीर भारतीय,युवा नेता हर्ष राठी भी वही पहुँच गए और जाम खोलने के लिए कहने पर वीरेंद्र यादव दरोगा से भिड़ गए,जिसमे मौके पर उपस्थित लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ और घंटे भर के जाम के बाद सीओ और एसएचओ के आश्वासन के पश्चात ८ तारीख को मुज़फ्फरनगर पहुँचने के आह्वान के साथ जाम खोल दिया गया।
जन-जागरुकता के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन
मुजफ्फरनगर। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में दिनांक 7 अक्टूबर को पूर्वाहन 11 बजे से विकास खण्ड खतौली के ग्राम सोंटा में बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना के अन्तर्गत जन-जागरुकता के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है, जिसमें ये गतिविधियां आयोजित की जायेगी। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं में पात्र लाभार्थियों के चयन हेतु कैम्प का आयोजन, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चिकित्सा शिविर का आयोजन एवं हीमोग्लोबिन की जांच, नुक्कड नाटक के द्वारा विभिन्न मुद्दो के प्रति जन-जागरुकता, ग्राम पंचायत में निवासरत बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाना, ग्राम पंचायत में नवजात बालिकाओं को पोषण सामग्री एवं बेबी किट का वितरण, ग्राम पंचायत में बालिकाओं के नाम पर वृक्षारोपण कार्यक्रम, ग्राम पंचायत में गुड्डी-गुड्डा बोर्ड की स्थापना, ग्राम पंचायत में स्कूल से ड्रॉपआउट किशोरियों का चिन्हिकरण एवं उनकी शिक्षा हेतु प्रोत्साहन, विभिन्न प्रकार के महिला/बालिका मुद्दो एवं कानूनों के प्रति जागरुकता/क्षमता संवर्धन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण/स्टीकर लगाने का कार्य, ग्राम पंचायत में बेटियों के नाम पर १० घरों के द्वार पर नेम प्लेट लगाना तथा ग्रामवासियों को इसके लिए प्रोत्साहित करना, हस्ताक्षर अभियान तथा ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन किया जायेगा
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार आयोजित होने वाले उपरोक्त कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित कराकर आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के आयोजन में कोविड-१९ कोरोना संबंधी गाइडलाईन/दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाये तथा सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क संबंधी नियमों का भी विशेष ध्यान रखा जाये।
जयन्त चौधरी पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। पूर्व सांसद एवं रालोद नेता जयन्त चौधरी पर लाठीचार्ज के विरोध मे अखिल भारतीय युवा जाट महासभा ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौपा।
अखिल भारतीय युवा जाट महासभा के जिलाध्यक्ष कुलदीप चौधरी के नेतृत्व मे कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पहुंचे पदाध्किरी व कार्यकर्ताओ ने राज्यपाल को सम्बोधित एक ज्ञापन सौपा। जिसमे अवगत कराया कि हाथरस प्रकरण के विरोध मे 4 अक्टूबर 2020 को हाथरस की बेटी मनीषा के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे रालोद नेता एवं पूर्व सांसद जयन्त चौधरी पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जो की बहुत शर्मनाक है तथा प्रशासन की तानाशाही व अशिष्टता को दर्शाता है। अखिल भारतीय जाट महासभा जयन्त चौधरी पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की घोर निन्दा करती है। ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन व दोषियो के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। जिलाध्यक्ष कुलदीप चौधरी के नेतृत्व मे सीओ सिटी श्री द्विवेदी को ज्ञापन सौपा गया। इस दौरान अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नुमाइश मैदान में किसानों की महापंचायत की तैयारी
मुजफ्फरनगर। कृषि बिलों के विरोध में कांग्रेस के पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक छह अक्टूबर को नुमाइश मैदान पर किसानों की महापंचायत कर शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं । इस महापंचायत में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू समेत कुछ अन्य नेता भी शामिल होने के लिए पहुंच सकते हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सलाहकार समिति के सदस्य पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक के पुत्र पूर्व विधायक पंकज मलिक इस समय कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व वेस्ट यूपी के प्रभारी हैं। कृषि अध्यादेश संसद में पारित होने के बाद से ही पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक लगातार भ्रमण कर किसानों के बीच इन बिलों को लेकर जा रहे हैं। पंजाब और हरियाणा के किसानों के विरोध का हवाला देते हुए वह सरकार को घेर रहे हैं। उन्होंने दो दिन पूर्व अपने आवास पर क्षेत्र के प्रमुख किसानों को बुलाकर उनसे विचार विमर्श के बाद छह अक्टूबर को बड़ी पंचायत करने की घोषणा की थी। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने बताया कि छह अक्टूबर को नुमाइश मैदान पर किसानों की बड़ी पंचायत कृषि बिलों के विरोध में की जाएंगी। लंबे अर्से बाद हरेंद्र मलिक इस पंचायत के जरिए अपनी ताकत का अहसास कराएंगे।
07 अक्टूबर को खण्ड विकास कार्यालय बघरा के सभागार में कैरियर काउंसिलिंग का आयोजन
मुजफ्फरनगर। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वाधान में कैरियर काउंसिलिंग का आयोजन जनपद मुजफ्फरनगर के खण्ड विकास कार्यालय बघरा के सभागार में दिनांक 07.10.2020 को किया जा रहा हैं। जिसमें प्रवासी श्रमिकों/कामगारों/बेरोजगार अभ्यर्थी/किसानों के सामाजिक आर्थिक सुरक्षा एवं सर्वागीण विकास हेतु संचालित विभिन्न विभागों द्वारा कार्यान्वित विभिन्न योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की जाएगी, जिसमें प्रवासी श्रमिक/कामगारों/बेरोजगार अभ्यर्थी किसान अधिक से अधिक लाभान्वित हो सकेंगे। अतः अभ्यर्थी अपने मूल दस्तावेजों के साथ दिनांक 07.10.2020 को प्रातः 11 बजे विकास खंड कार्यालय बघरा में उपस्थित हो। उक्त हेतु कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा।

