Raebareli News: भाजपा ही मात्र ऐसी पार्टी है जो गरीब, शोषित, वंचित लोगों के प्रति चिंतित-दिनेश प्रताप सिंह
Raebareli News: अमावा विकास खंड के ग्राम पंचायत सरावां में न्याय पंचायत स्तर पर सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र से आए असहाय, गरीब, विधवा, वृद्धजनों को कंबल साड़ी का वितरण किया गया। इस न्याय पंचायत की आदर्श ग्राम पंचायत डिडौली, सरावां, गढ़ी खास, चकलोहराहार व चौपुरा में लगभग 5 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया।
एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि आपके एक वोट के बदले आपको विधायक के साथ साथ एक विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख साथ में मिलता है जो क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होता है। भाजपा ही मात्र ऐसी पार्टी है जो गरीब, शोषित, वंचित लोगों के प्रति चिंतित रहती है। कोरोनाकाल से सरकार गरीबों को मुफ्त राशन देने का काम कर रही है। गांवों को 18 घंटे बिजली देने का काम भाजपा सरकार कर रही है। साथ में उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना ही भाजपा की प्रथम प्राथमिकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी ने क्षेत्र की जनता से एक बार फिर भाजपा सरकार को सहयोग करने की अपील की और कहा कि मैं स्वयं उदाहरण हूं जहां कोई भी जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक, सांसद, बन सकता है।
इस अवसर पर जिला संयोजक चुनाव प्रबंधन विभाग राज कुमार सिंह ने कहा कि आपको मतदान इस पीढ़ी के लिए नहीं अपनी अगली तीन पीढ़ियों की सुरक्षा और स्वाभिमान के लिए करना है। भाजपाही मात्र ऐसी पार्टी है जहां जाति, धर्म और परिवार के आधार पर नहीं पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ मिलता है।समाजवाद पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश यादव का समाजवाद सैफई से शुरू होकर आजम खान की चौखट पर समाप्त हो जाता है।
प्रधान गढ़ी खास लक्ष्मीकांत ने कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग सुरक्षित है गुंडे भ्रष्टाचारी या तो जेल में हैं या फिर प्रदेश से बाहर। देश और प्रदेश के लिए भाजपा सरकार बहुत जरूरी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्मण सिंह ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रधान नारेन्द्र चौधरी, प्रधान सरावां सुनीता देवी, आर बी सिंह, विमल अवस्थी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मदन चौधरी, अनुज, ऋषभ, प्रधान दाऊदपुर सत्यम, मुकेश, उदयभान सिंह पूर्व प्रधान सरावां, देशराज चौधरी आदि हजारों लोग उपस्थित रहे।

