Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

शुकतीर्थ में गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी

6 8 |मोरना । कार्तिक गंगा स्नान मेले में आए श्रद्धालु भक्ति और उमंग से सराबोर नजर आ रहे हैं। पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुओं की पूजा अर्चना के भाव ने गंगा घाट को भक्तिमय बना दिया। परिजनों और जत्थों में आए श्रद्धालुओं ने नगर में धार्मिक इच्छा शक्ति की जीवटता को बखूबी प्रकट कर संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
संत भी अपनी पूजा पाठ एकांत में करते दिखाई दिए। श्रद्धालुओं ने मेले में खरीदारी की।

डेरों में महिलाएं परिजनों के लिए स्वादिष्ट व्यंजन बनाने में लगी रहीं। सुरक्षा के दृष्टि को लेकर पुलिस प्रशासन ने नगर में आने वाले श्रद्धालुओं से पूछताछ कर तलाशी अभियान चलाया। वहीं, मेले में श्रद्धालु अपने बैल तांगा, ट्रैक्टर ट्रॉली और भैंसा बुग्गी से लगातार आ रहे हैं। शुकतीर्थ में अब हर ओर धर्म और आस्था की बयार बह रही है। शहरी और ग्रामीण अंचलों से आए श्रद्धालुओं के भाव पावन तीर्थ की तपोभूमि आने पर एक जैसे होते दिखे।

आश्रमों, धर्मशालाओं में भजन, रागिनी, भागवत कथाएं, प्रवचन, सत्संग आदि के साथ भंडारों के प्रसाद का वितरण किया जा रहा है। दिल्ली राज्य से आई महिलाओं ने गंगा मां की आरती कर प्रणाम किया। वहीं, करनाल से आए श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर विशेष पूजा अर्चना कर यज्ञ में पूर्ण आहुति देकर परिजनों के लिए सुख शांति के लिए प्रार्थना की।

पानीपत से आए महिलाओं ने मेला बाजार में पीतल से बनी वस्तुओं की खरीदारी कर बच्चों के लिए खेल खिलौने को खरीदा। मुरादनगर से आए एक परिवार मां गंगा में स्नान करने के लिए जाते हुए मिले। मेले में आए राजस्थान के श्रद्धालु प्राचीन वट वृक्ष की परिक्रमा करने का कोई मौका हाथ से जाने नहीं दे रहे हैं। मंदिरों में श्रद्धालु फूल प्रसाद चढ़ाकर मनौती मांग रहे हैं।

आश्रमों में पुलिस के कड़े बंदोबस्त
नगर के शुकदेव आश्रम, हनुमानधाम, दंडी आश्रम, गणेशधाम, शिवधाम, महेश्वर आश्रम, पीताम्बर धाम, दुर्गाधाम, शनिधाम, नीलकंठ मंदिर, गोडिया मठ, लक्ष्मी नारायण मंदिर, अखंड धाम, मेन बस स्टैंड आदि के निकट पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए खुफिया विभाग सहित पुलिस बल की तैनाती की हुई है। वहीं, मेले में आए श्रद्धालुओं की मंदिरों के दर्शन के लिए बढ़ती जा रही भीड़ को नियंत्रण करने के लिए विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
मेले की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
मेला इंचार्ज यशपाल सिंह, भोपा थाना प्रभारी एमएस गिल, नगर पुलिस चैकी प्रभारी जगपाल सिंह ने मेले में आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर नगर के प्रथम बैरियर पर चेकिंग अभियान चलाया। श्रद्धालुओं की भैंसा बुग्गियों और ट्रैक्टर ट्रॉली सहित, गाड़ियों, बाइक सवार आदि की सघन तलाशी ली गई। सीओ भोपा राम मोहन शर्मा ने बताया कि मेले में नशाखोरी, अवैध हथियार आदि आपत्तिजनक वस्तु किसी के पास मिलती है, तो वह सीधे जेल जाएगा।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21406 posts and counting. See all posts by News-Desk