वैश्विक

बवाना: फूल झाड़ू के चूरे से नकली जीरा बनाने वाली फैक्टरी का पर्दाफाश

बवाना थाना पुलिस ने फूल झाड़ू के चूरे से नकली जीरा बनाने वाली फैक्टरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पूंठखुर्द स्थित फैक्टरी से सरगना और वहां काम कर रहे चार मजदूरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फैक्टरी से तकरीबन बीस हजार किलो नकली जीरा और 8075 किलो कच्चा पदार्थ बरामद किया है। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी फूल झाड़ू के चूरे में गुड़ का शीरा और पत्थर का पाउडर मिलाकर नकली जीरा तैयार करते थे। ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए आरोपियों ने दिल्ली में फैक्टरी खोली थी।

 

नकली जीरा बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़

 

आरोपी नकली जीरा की सप्लाई गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में करते थे। पुलिस गैंग के एक अन्य सरगना व फाइनेंसर की तलाश में दबिश दे रही है। जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान जलालाबाद, शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश निवासी हरिनंदन, कामरान, गंगा प्रसाद, हरीश और पवन के रूप में हुई है।थाना प्रभारी धर्मदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निगरानी करने के बाद सोमवार शाम को खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ उक्त फैक्टरी में छापामारी की। फैक्टरी सुरेश कुमार के मकान में चल रही थी। छापामारी के दौरान सभी आरोपियों को नकली जीरा बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया।

मौके से पुलिस ने 485 बोरे नकली जीरा (एक बोरे में 40 किलो), 350 बोरे पत्थर का चूरा (एक बोरे में 15 किलो), 80 बोरे फूल झाड़ू का चूरा (एक बोरे में 20 किलो) और 35 ड्रम शीरा (एक ड्रम में 35 किलो) बरामद किए। सभी आरोपी पहले जलालाबाद में नकली जीरा बनाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जलालाबाद में रहने वाले अधिकतर लोग नकली सामान बनाते हैं।

सरगना हरिनंदन ने बताया कि ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए उन लोगों ने अगस्त माह से दिल्ली में नकली जीरा बनाने लगा। करीब तीन माह पहले इन लोगों ने पूंठखुर्द गांव में सुरेश कुमार का घर किराए पर लिया था। जांच में पता चला कि गैंग का मुख्य सरगना लालू है। जो फिलहाल फरार है। लालू का काम कच्चा माल खरीदने से लेकर उसे बेचने की व्यवस्था करना था।

शुरूआती जांच में पता चला है कि हरिनंदन का काम जीरा तैयार करने का था।आरोपियों ने बताया कि सबसे पहले फूल झाड़ू का चूरा कर देते थे। इसके बाद गुड़ को गर्म कर उसका शीरा तैयार किया जाता था। शीरा में झाड़ू के चूरे को डालकर उसे मिला दिया जाता था। मिलाने के बाद उसे कुछ देर सुखाया जाता था। इसके बाद उसमें पत्थर का पाउडर मिलाया जाता था। फिर लोहे की बड़ी छलनी से उसे छान लिया जाता था। छलनी का छेद उतना बड़ा होता जिसमें से जीरा निकल सके। 

नकली जीरा बनाते लोग

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21630 posts and counting. See all posts by News-Desk