खबरें अब तक...

समाचार

बवाल में नामजद: उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज 

मुजफ्फरनगर। सीएए को लेकर शुक्रवार को मीनाक्षी चौक पर हुए बवाल के मामले में कई बड़े भी नामजद किए गए हैं। इनमें कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के पूर्व अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य मुफ्ती जुल्फिकार का बेटा, सभासद का भाई, समाजसेवी व मौलाना तक शामिल हैं।इनमें मुख्य रूप से कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रानू, मुफ्ती जुल्फिकार का बेटा अदनान, समाजसेवी आसिफ राही, आवाज-ए-हक के शादाब, सुजड़ू मदरसे के मौलाना रामिब, नौशाद सभासद का भाई शमशाद, मुफ्ती फारूख, कारी मोहम्मद अली, आबिद काजी, शाहिद नेता, डॉ अय्यूब, शमीम चाय वाला, अमजद जिम वाला, शाहनवाज कबाड़ी का भाई सलमान और शकील चाय वाला आदि शामिल हैं।

शहर के मीनाक्षी चौक पर हुए बवाल के मामले में खालापार चौकी प्रभारी एसआई विनय शर्मा ने 155 नामजद व कई हजार अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिन लोगों को नामजद कराया गया है।

मोहल्ला बड़जियाउहक पर लोगों ने कैंडल मार्च निकाला

देवबंद। नागरिकता कानून को लेकर शुक्रवार को दिन में हुए प्रदर्शन के बाद देर शाम नगर के मोहल्ला बड़जियाउहक पर लोगों ने कैंडल मार्च निकाला और इसे काला कानून बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।मोहल्ला बड़जियाउलहक पर कैंडल मार्च निकालते लोग

बड़जियाउलहक स्थित आलीशान मस्जिद पर रात्रि करीब आठ बजे काफी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और हाथों में मोमबत्ती लेकर कमालशाह मस्जिद तक मार्च निकाला। इस दौरान लोग सीएए और एनआरसी के खिलाफ विभिन्न नारे लिखी तख्तियां हाथों में लेकर चल रहे थे। उनका विरोध किसी को नागरिकता देने पर नहीं बल्कि मुसलमानों को इससे अलग रखने पर है। देश के गृहमंत्री अमित शाह एनआरसी कराने की बात सदन में भी कह चुके हैं। उन्होंने कहा कि एनआरसी के बाद सीएए का लाभ सिर्फ उन्हीं धर्म के लोगों को मिलेगा जिनका नाम संशोधित कानून में अंकित किया गया है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि या तो सीएए को समाप्त किया जाए या फिर पांच धर्मों के लोगों के साथ-साथ इसमें मुुसलमानों को भी शामिल किया जाए। उधर, कैंडल मार्च निकलने की सूचना से पुलिस प्रशासन और खुफिया विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। 

 

उपद्रव के बाद से खालापार में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात: मदीना चौक पर सन्नाटा पसराअस्पताल चौराहा पर बंद पडी मार्किट।

मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को हुए उपद्रव के बाद से खालापार में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हैं। मीनाक्षी चौक पर दिन-रात पुलिस की नाकेबंदी रही। पुलिस ने घर से जो भी बाहर निकला उसे दबोच लिया। यहां तक कि बाहर से आने वाले लोगों को भी पकड़कर पुलिस थाने ले गई। इस कार्रवाई की जद में कुछ बीमार लोग भी आ गए हैं। उधर, कच्ची सड़क पर मदीना चौक पर भी सन्नाटा पसरा रहा। इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर दिखाई दिए।
जुमे की नमाज के बाद मदीना चौक से शुरू हुआ बवाल मीनाक्षी चौक पर बलवे में तब्दील हो गया था। कच्ची सड़क और खालापार की भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया था। इस बवाल को कंट्रोल करने के बाद मीनाक्षी चौक छावनी बन गया। रात भर इस क्षेत्र का कोई निवासी न तो बाहर निकला और न ही बाहर से कोई अंदर जाने पाया।

शनिवार को भी जो लोग मीनाक्षी चौक ओर उन्हें पुलिस ने धर दबोचा। बाहर से आने वाले लोगों को भी पकड़कर थाने ले गई। केवल महिलाओं और बच्चों को आने-जाने दिया गया। इनकी संख्या भी काफी कम रही। पुलिस की कार्रवाई में बीमार लोग भी पकड़ में आ गए। मीनाक्षी चौक पर बैरियर लगे रहे।
शहीद चौक से आगे तक इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर नजर आए। गांव सहावली निवासी अहमद अपने साथी आसिफ को दवा दिलाने के लिए स्कूटी से मीनाक्षी चौक से खालापार की ओर जा रहे थे। पुलिस ने अहमद को भी पकड़ लिया और थाने ले गई। इसके अतिरिक्त अंबा विहार से शाहनजर अपने पिता अलीशान को दवा दिलाने ले जा रहे थे। पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। कच्ची सड़क पर मदीना चौक के आसपास भी हालात अघोषित कर्फ्यू जैसे रहे। यहां दुकानें बंद होने के साथ ही सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा।

 

ताबड़तोड़ दबिश:42 लोग गिरफ्तार- घरों पर ताले

शुक्रवार शाम बवाल थमने के बाद जिला मुख्यालय पर रैपिड एक्शन फोर्स की दो कंपनियां बुला ली गईं। इसके बाद कई टीमें बनाकर देर रात से उपद्रवियों की धरपकड़ के लिए कच्ची सड़क और मोहल्ला खालापार क्षेत्र में ताबड़तोड़ दबिश शुरू कर दी गई। दबिश में कुल 42 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इनमें सिविल लाइंस थाना पुलिस ने 25 और शहर कोतवाली पुलिस ने 17 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया। उधर, पुलिस फोर्स की जबरदस्त दबिश से घबराकर एक वर्ग के लोग बड़ी संख्या में अपने घरों पर ताले लगाकर शनिवार तड़के ही शहर क्षेत्र से अन्यत्र रवाना हो गए हैं। इनमें मोहल्ला खालापार के साथ ही कच्ची सड़क और मदीना चौक के आसपास क्षेत्र के लोग शामिल हैं।

एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि बवाल में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के साथ ही उन पर रासुका लगाने और उनकी संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के खौफ का आलम यह था कि शनिवार तड़के से ही एक वर्ग के लोगों का अपने घरों से निकलना लगातार जारी था और दोपहर होते-होते इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में घरों पर ताले लटके मिले। पुलिस अब बंद पड़े मकानों पर भी सीलिंग की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी कर रही है।

 डीएम से मिलने जा रही महिलाओं को लाठियां फटकारकर खदेड़|

मुजफ्फरनगर। उपद्रव के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों को निर्दोष बताते हुए डीएम से मिलने जा रही महिलाओं को महिला पुलिसकर्मियों ने रास्ते में ही रोक लिया। महिलाओं के जबर्दस्ती करने पर पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकारकर उन्हें खदेड़ दिया।

शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे खालापार की कई महिलाएं डीएम आवास पर उनसे मिलने जा रही थीं। महिलाओं का कहना है कि उपद्रव के मामले में जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया वे निर्दोष हैं। डीएम आवास से पहले ही नुमाइश कैंप के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया। महिलाएं डीएम आवास पर जाने की जिद करने लगी। समझाने पर भी नहीं मानी तो महिला पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकारते हुए तितर-बितर कर दिया।

 

शनिवार को शरारती तत्वों ने एक बार फिर से माहौल बिगाड़ने की कोशिश कीमुजफ्फरनगर में कच्ची सड़क पर पथराव के बाद मार्च करता पुलिसबल।

मुजफ्फरनगर। शहर में शनिवार को शरारती तत्वों ने एक बार फिर से माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। मल्हूपुरा के एक व्यक्ति के शव को दफना कर सरवट स्थित कब्रिस्तान से लौट रही भीड़ ने कच्ची सड़क पर खुली दुकानों पर पथराव करते हुए भड़काऊ नारेबाजी की। जवाब में दूसरे पक्ष ने जवाबी पत्थरबाजी कर भीड़ को खदेड़ दिया। आरएफ व पुलिस बल के साथ एसपी सिटी ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस घटना से तनाव व्याप्त हो गया। कच्ची सड़क का बाजार बंद हो गया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला मल्हूपुरा में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति का इंतकाल हो गया था। शनिवार दोपहर करीब दो बजे लोग शव को दफनाने के लिए सरवट स्थित कब्रिस्तान ले गए। शव दफनाकर लौटते समय सैकड़ों की भीड़ कच्ची सड़क पर पेड़ वाली गली के बाहर ही रुक गई। अचानक उक्त लोगों ने भड़काऊ नारेबाजी करते हुए कच्ची सड़क पर खुली दूसरे वर्ग के लोगों की दुकानों पर पथराव कर दिया। अचानक पथराव होते ही अफरातफरी का आलम हो गया । आनन-फानन में भयभीत दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए। इसके बाद वहां से कुछ दूरी पर मौजूद दूसरे वर्ग की भीड़ मौके पर जा पहुंची। भीड़ ने उत्पात कर रहे लोगों पर जवाबी पत्थरबाजी कर उन्हें गलियों में खदेड़ दिया। घटना की सूचना पर एसपी सिटी सतपाल आंतिल पुलिस बल व रैपिड एक्शन फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दो टीमें बनाकर गलियों में उपद्रवियों की तलाश शुरू कर दी। अधिकारियों ने मल्हूपुरा के पास गलियों में जमा भीड़ को घरों में लौट जाने की अपील की। फोर्स ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर बितर किया। अधिकारियों ने एहतियातन कच्ची सड़क पर फोर्स बढ़ा दी है।

 

अनिश्चितकाल के लिए थ्री जी की सेवा बंद रखने के आदेश

मुजफ्फरनगर। संवेदनशीलता को देखते हुए जिले में इंटरनेट सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गईं हैं। थ्री जी की कोई भी सेवा फिलहाल उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाएगी। समूह में कोई मेसेज भी नहीं किया जा सकेगा।
जिले में आम जनता को तीन दिन से इंटरनेट सेवाएं नहीं मिल पा रही है।

इससे आम नागरिकों को काफी परेशानी हो रही है। इंटरनेट के माध्यम से तैयारी करने वाले स्टूडेंट को सबसे ज्यादा परेशानी है। शुक्रवार को शहर में हुए बवाल के बाद इंटरनेट सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है।

बीएसएनएल से जुड़े राधेश्याम ने बताया कि फिलहाल उनके पास अनिश्चितकाल के लिए थ्री जी की सेवा बंद रखने के आदेश हैं। अगले आदेशों के बाद ही सेवा बहाल हो पाएगी। फिलहाल बाहरी क्षेत्र में न तो मेसेज भेजे जा सकते हैं और न ही किसी के मेसेज आ सकते हैं।

 

सरकारी असलाह समेत अन्य सामान आग में जलकर नष्ट 

मुजफ्फरनगर। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर शुक्रवार दोपहर बाद हुए बवाल के दौरान मदीना चौकी पर फूंकी गई सीओ नई मंडी की सरकारी गाड़ी में तमाम सरकारी असलाह समेत अन्य सामान रखा हुआ था। यह सभी सामान आग में जलकर नष्ट हो गया है।
मदीना चौक पर हुए बवाल में सीओ नई मंडी हरीश सिंह भदौरिया की सरकारी गाड़ी भी उपद्रवियों ने तोड़फोड़ करते हुए फूंक दी थी। जीप चालक आरक्षी प्रवीण कुमार ने इस संबंध में सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उपद्रवियों ने अचानक सरकारी गाड़ी पर हमला किया, जिसके चलते उन्हें गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा। इसके बाद उपद्रवियों ने सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसमें आग लगा दी। चालक के अनुसार, आगजनी में गाड़ी में रखी एके 47 और 50 कारतूस व तीन मैग्जीन, आठ सेल टीयर गैस, चार ग्रेनेड, 24 रबर बुलेट, 303 के 30 ब्लैंक कारतूस, 30 प्लास्टिक पेरेट्स, गाड़ी में लगा वायरलेस सेट, एक डेंड सैट, एक निकॉन कैमरा, एक बॉडी प्रोटेक्टर, एक बुलेटप्रूफ जैकेट, पंपगन के 25 राउंड, एक टॉर्च, एक पॉली कार्बोनेट, तीन जैकेट्स, कांस्टेबल अंकुर का पर्स, जिसमें सात हजार की नकदी और कागजात थे। गाड़ी में रखा उक्त सभी असलाह व सामान गाड़ी के साथ ही जलकर नष्ट हो गया है।

 

जीसी पब्लिक स्कूल में आयोजित होने वाला टेबिल टेनिस टूर्नामेंट रद्द

मुजफ्फरनगर। शहर में बवाल के बाद तनावपूर्ण माहौल के चलते जीसी पब्लिक स्कूल में होने वाला टेबिल टेनिस टूर्नामेंट रद्द कर दिया गया। सिविल बार की मतगणना स्थगित कर दी गई, जो अब सोमवार को होगी। एधर, लेखपालों ने भी अपना धरना स्थगित कर दिया है।
शुक्रवार को शहर में हुए बवाल के चलते शहर के तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जीसी पब्लिक स्कूल में आयोजित होने वाला टेबिल टेनिस टूर्नामेंट रद्द कर दिया गया है। प्रधानाचार्य आजादवीर ने बताया कि मैनेजमेंट के निर्णय के बाद टूर्नामेंट रद्द किया गया। टूर्नामेंट 22 दिसंबर से होना था और इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सैकड़ों छात्र-छात्रा शामिल होने थे। शहर के माहौल को देखते हुए लेखपालों ने भी 21 दिसंबर का अपना धरना स्थगित कर दिया। सिविल बार में चुनाव के बाद शनिवार को मतगणना होनी थी। माहौल के चलते ही सिविल बार में मतों की गिनती अब सोमवार को 23 दिसंबर को होगी।

 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20993 posts and counting. See all posts by News-Desk