समाचार
सेवाओं के लिए सम्मानित किया
मुजफ्फरनगर। आज लर्न एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक निधीश राज गर्ग को लाकडाउन के चलते निरन्तर की जा रही सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
डीएम व एसएसपी ने किया निरीक्षण
मुज़फ्फरनगर। जनपद मुज़फ़्फ़रनगर मे आज ईद -उल -फितर के पर्व पर जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने ईद की नमाज को लेकर की गई व्यवस्था, शहर के मुख्य चौराहो एवं शहर मे हो रही गतिविधियों का निरीक्षण किया। लॉक डाउन के चलते बिना आवश्यक कार्य के घूम रहे लोगो के आने जाने पर पूर्ण रूप से किए गए प्रतिबंध के बावजूद लोग सडको पर घूमते नजर आये। सड़को पर घूम रहे लोगो को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कड़ी हिदायत दी गई। ईद-उल-फ़ितर व लॉक डाउन के चलते शहर मे ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों को लॉक डाउन का उल्लंघन करने वाले एवं अनावश्यक रूप से शहर की सड़को पर अपने निजी (बाइक कार) आदि वाहनों से घूमने वालों पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करने के लिए निर्देश दिए।
अधिवक्ताओं के चैम्बर सैनीटाइज होंगे
मुजफ्फरनगर। जनपद न्यायाधीश के आदेशो के चलते 26 मई 2020 दिन मंगलवार से न्यायायिक कार्य आरंभ होंगे। प्रशासन व नगरपालिका के द्वारा जिला बार एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के सौजन्य से अधिवक्ताओं के चैम्बर सैनीटाइज होंगे। जिला बार संघ के अध्यक्ष नसीर हैदर काजमी व सचिव प्रदीप कुमार मलिक ने जारी प्रेस विज्ञप्ति मे अवगत कराया कि जनपद न्यायाधीश के आदेश पर 26 मई 2020 दिन मंगलवार को न्यायालयो मे न्यायिक कार्य होने जा रहा है। जिला बार संघ अध्यक्ष नसीर हैदर काजमी व जिला बार संघ के सचिव प्रदीप मलिक एड. ने सभी अधिवक्ताओ से अपील की है कि सभी सम्मानित अधिवक्तागण सुबह करीब साढे सात बजे कचहरी आकर अपने चैम्बर खोल दें ताकि सभी अधिवक्ताओं के चैम्बर सैनेटाइज हो सकें।
मुजफ्फरनगर में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मनाया गया ईद का त्यौहार
मुजफ्फरनगर। कोविड-19 के प्रभाव के कारण तथा नागरिको के स्वास्थ्य के दृष्टिगत हर्षोल्लास का त्यौहार ईद सोशल डिस्टेंसिग का ख्याल रखते हुए बहुत सादगी के साथ मनाया गया। कोरोना के कारण घरो मे ही ईद की नमाज अदा की गई।
वैश्विक संकट कोविड-19 के बढते प्रभाव के कारण जिला पुलिस प्रशासन के निर्देशो के चलते तथा नागरिको के स्वास्थ्य के दृष्टिगत ईद की नमाज घरो पर ही अदा की गई । इस दौरान सोशल डिस्टेंसिग का विशेष ख्याल रखा गया। कोरोना के कारण सभी लोग अपने घरो मे रहे तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व फोन द्वारा सभी ने एक दूसरे को ईद के त्यौहार की बधाई देते हुए त्यौहार की खुशियां को साझा किया। कोरोना वायरस के प्रभाव के कारण इस बार ईद का त्यौहार कुछ फीका फीका सा रहा। क्योंकि इस बार ना तो कहीं पर मेला व झूले आदि लग पाये और ना ही लोग एक दूसरे के घर ईद की बधाई, शीर अथवा मिठाई देने के लिए गए। हर वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष नन्हे मुन्नो मे भी ईद को लेकर हर साल जैसा हर्षोल्लास देखने को नही मिला। कोरोना वायरस के कारण लोगो ने अपने घरो मे ही रहकर त्यौहार का लुत्फ उठाया। बच्चो ने भी अपने परिजनो के साथ त्यौहार की खुशीयां साझा की।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियो ने ईद के त्यौहार के मददेनजर क्षेत्र मे भ्रमण कर व्यवस्थाओ का जायजा लिया। डीएम सेल्वा कुमारी जे. व एसएसपी अभिषेक यादव ने नगर के विभिन्न स्थानो का भ्रमण कर मौके पर मौजूद अधिनस्थो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर मजिस्टै्रट अतुल कुमार व एसपी सिटी सतपाल अंतिल आईपीएस ने सुबह करीब आठ बजे शिव चौक, मिनाक्षी चौक, खालापार,ईदगाह, शामली रोड आदि का भ्रमण किया तथा ये दोनो अधिकारी कुछ देर के लिए शामली स्टैण्ड पुलिस चौकी पर भी रूके। तत्पश्चात सिटी मजिस्ट्रैट अतुल कुमार व एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने जिला अस्पताल चौराहा व लद्धावाला पहुंचे तथा लद्धावाला मे की गई बैरिकेटिंग तथा अन्य व्यवस्थाओ के लिए मौके पर मौजूद अधिनस्थो को निर्देशित किये। इस दौरान शहर कोतवाल अनिल कप्परवाल, एसएसआई कोतवाली श्री यादव आदि मौेेजूद रहे।
29 मई को बंद हो सकते है मिल
रोहाना। रोहाना आईपीएल शुगर्स की चीनी मिल को पेराई के लिये पर्याप्त गन्ना नही मिल पा रहा है। जबकि मिल ने अपने मिले हुए लक्ष्य ३२ लाख कुंतल से अधिक लगभग १ लाख कुटल गन्ने की पर कर चुका है। मिल के कर्मचारी किसानों के खेतों पर जाकर कच्चा पर्ची टोकन दे रहे है मिल ने पर्याप्त गन्ना नही मिलने के कारण बन्द करने के लिये २७ मई के अंतिम नोटिस भी चस्पा कर दिया।
प्रधान प्रबन्धक लोकेश कुमार ने बताया कि पेराई के लिये पर्याप्त गन्ना नही मिलने के कारण २९ मई को बंद होने की संभावना है। और मिल ने जनपद में 6 मार्च तक का भुगतान कर किसानों के खाते में भेज दिया है।
25-30 नमाजियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज 
खतौली। कोरोना वायरस के प्रभाव के कारण तथा नागरिको के स्वास्थ्य के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा ईद उल फितर की नमाज मस्जिदो मे ना पडे जाने के निर्देशो के बावजूद कुछ लोगों द्वारा मस्जिद मे ईद की नमाज अदा करने के प्रयास के आरोप मे पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही सुनिश्चित की।
जानकारी के अनुसार खतौली कोतवाली क्षेत्र के अर्न्तगत मौहल्ला गाजियान स्थित मस्जिद मे ईद पर नमाज पढने तथा सोशल डिस्टेंसिग का अनुपालन ना करने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मस्जिद मे नमाज पढ रहे नमाजियो की वीडियोग्राफी की। बताया जाता है कि इस दौरान करीब 30 लोग मस्जिद मे मौजूद थे तथा आरोप है कि उक्त लोगो द्वारा सोशल डिस्टेंसिग का उल्लंघन किया गया है। पुलिस ने इन आरोपो के चलते करीब 25-30 नमाजियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की। इस दौरान सीओ खतौली आशीष प्रताप सिह व इंस्पैक्टर संतोष त्यागी आदि मौजूद रहे।
जरूरतमंदों के लिए भोजन के पैकेट सौंपे
मुजफ्फरनगर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल रजिस्टर्ड जनपद मुजफ्फरनगर द्वारा प्रतिदिन की भांति आज भी स्वच्छ मिशन अधिकारी सरदार बलजीत सिंह को बुलाकर जरूरतमंदों के लिए भोजन के पैकेट सोपे गए व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष जयपाल शर्मा जिला युवा अध्यक्ष अंशुमन अग्रवाल युवा नगर अध्यक्ष डॉ पुनीत ने कहा कि अब सभी मार्केटिंग धीरे-धीरे करके खुल गई हैं सभी व्यापारी अपनी अपनी दुकान पर सोशल डिस्टेंसिंग फेस मास्क सैनिटाइजर का प्रयोग अवश्य करें हमें अपनी सुरक्षा अपने परिवार की सुरक्षा अपने नगर वासियों की सुरक्षा करनी है अगर हम इन सभी चीजों का प्रयोग करेंगे तभी हम वैश्विक महामारी कोरोना से सुरक्षा कर सकते हैं इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री संजय मित्तल नगर अध्यक्ष जयपाल शर्मा जिला युवा अध्यक्ष अंशुमान अग्रवाल नगर युवा अध्यक्ष डॉ पुनीत वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सलमान सईद दीपक राजपूत आदि उपस्थित थे
ग्रीटिंग कार्ड भेजकर ईद की मुबारकबाद दी
शाहपुर। शाहपुर कन्या इण्टर कालेज शाहपुर की छात्राएँ कोरोना कोविड -१९ महामारी के चलते इस बार भले ही एक दूसरे को गले मिल कर मुबारकबाद न दे पाई हो किन्तु विद्यालय में ऑनलाइन शिक्षा हेतु बनाये गए ग्रुप के माध्यम से सभी छात्राओ ने आपस में एक दूसरे को व्हाट्सएप द्वारा सुंदर सुंदर ग्रीटिंग कार्ड भेजकर ईद की मुबारकबाद दी। ईद के इस मौके पर विद्यालय की ओर से संस्था की अध्यापिकाओं के मार्ग दर्शन में छात्राओं की एक मेहंदी प्रतियोगिता का भी ऑनलाइन आयोजन गया। इस प्रतियोगिता में छात्राओ ने अपने अपने हाथों पर बहुत ही सुंदर और आकर्षक मेहंदी के डिज़ाइन बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ईद के इस मौके पर ग्रीटिंग कार्ड्स बनाने वाली छात्राओं में शीबा, सबा,रहनुमा, बुशरा,सिमरन, आईला, तस्लीम, सानिया अंसारी आदि के कार्ड्स निर्णायक मंडल द्वारा पसन्द किये गए। मेहंदी प्रतियोगिता में.इंटरमीडिएट स्तर पर बुशरा प्रवीन, रहनुमा, खुशनुमा, वंशिका, शीबा,तसलीम, आईला, प्राची,इशिका,ि रंकी, सदफ, सिमरन व हाई स्कूल स्तर पर नरगिस, मुस्कान, शहरीन, सानिया अंसारी, महकनाज, किसाजहरा, अंजली सैनी, इशिका, बुशरा, शगुफ्ता व सदफ खान तथा जूनियर स्तर पर अलीना,इकरा,सोफिया,नविस्ता ,सायमा,नाजिया, जुबैरिया,शीबा के डिज़ाइन निर्णायक मंडल द्वारा पसन्द किये गए। निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्या उषा अस्थाना, रिंकी रानी, आदेश, शिवानी अरोरा व अंजलि सम्मलित रही।संस्था अध्यक्ष अजय भार्गव एवं प्रबन्धक अरविन्द कुमार गुप्ता सभी छात्राओं को ईद की मुबारकबाद दी। तथा उनके इस रचनात्मक कार्य की सराहना करते हुए उक्त प्रतियोगिताओ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय खुलने पर पुरस्कार देने की घोषणा की।
सैनिटाइजर का कार्य कराया
मुजफ्फरनगर। पालिकाध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल के निर्देश पर ईद उल फितर पर्व को दृष्टिगत रखते हुए आज सिटी सेंटर, सरकारी अस्पताल व ईदगाह चौक व भगत सिंह रोड जिलाधिकारी आवास के सामने कूड़ा स्थलों से विशेष रुप से तीन बार ट्रैक्टर ट्रॉली एवं डंपर के माध्यम से कूड़े का डंपिंग ग्राउंड निस्तारण कराया गया ४० फुटा रोड ३० फुटा रोड तथा मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों की विशेष रुप से मस्जिदों के आसपास वह मुख्य सड़कों की सफाई व्यवस्था कराई गई। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में खराब लाइटों की मरम्मत कराई गई एवं लीकेज ठीक कराए गए। पचेंडा रोड के मुख्य नाले की तली झाड़ सफाई कराई गई व सिल्ट निस्तारण की गई। वार्ड संख्या ३५ परवेज आलम मान्य सभासद के वार्ड में तथा हॉटस्पॉट तथा क्वॉरेंटाइन सेंटरों पर पावर स्प्रे सैनिटाइजर का कार्य कराया गया। कई स्थानों पर मैनुअली सैनिटाइजर का कार्य कराया गया। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में शिकायत के आधार पर खराब पाई गई लाइटों को ठीक कराया गया। शाम के समय क्वॉरेंटाइन सेंटरों पर फागिंग कराई गई। अभियान में मुख्य रूप से नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रविंद्र सिंह राठी, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर राजीव कुमार, सेनेटरी इंस्पेक्टर संजय पुंडीर, उमाकांत शर्मा एवं सफाई ,सैनिटाइजर, फागिंग आदि की टीम सम्मिलित रही।
कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया
मुजफ्फरनगर। समन्वय स्तंभ सामाजिक संगठन के मुख्य संयोजक अमित गुप्ता एवं विश्वकर्मा एकता समिति के जिला अध्यक्ष श्री नाथीराम धीमान एवं जिला महामंत्री विजेंद्र धीमान के नेतृत्व में भोजन के ५०० पैकेट तैयार करवा कर भगवान की सेवार्थ जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत सिंह को दिए गए।
आज समन्वय स्तंभ द्वारा चलाए जा रहे भंडारे में भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष श्री विजय शुक्ला जी पहुंचे तथा संगठन के सभी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य की भूरी भूरी प्रशंसा की तथा सभी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष श्री रमेश खुराना जी एवं जिला मंत्री श्रीमती रेनू गर्ग जी भी उपस्थित थे। संगठन द्वारा चलाए जा रहे भंडारे में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कारवां श्री बृजेश जी भाई साहब भी उपस्थित हुए तथा उन्होंने भी सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन किया समन्वय स्तंभ द्वारा संचालित भंडारा संगठन के नगर अध्यक्ष अंकुर गुप्ता जी के जानसठ रोड स्थित प्रतिष्ठान पर चल रहा है।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों में मनोज कंसल, रविकांत अग्रवाल, अंकुर गुप्ता , गिरीश पाहुजा, राकेश अरोरा, सूरज पाहुजा, विजेंद्र धीमान, नाथीराम धीमान, विपिन गोयल उर्फ मोनू, विकास गोयल, चिराग त्यागी, अंकित , नितिन जैन इत्यादि उपस्थित रहे। अमित गुप्ता जी ने संगठन के सभी पदाधिकारियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया जिनके प्रयासों से भोजन की यह सेवा निरंतर जारी है।
मेरठ में आत्महत्या करने वाले सिपाही का वीडियो वायरल..खतौली कोतवाल समेत पत्नी व ससुराल वालों को बताया आत्महत्या का कारण
खतौली/मेरठ। तेरह दिन पूर्व गंगानगर स्थित अपने फ्लैट में खुदकुशी करने वाले कांस्टेबल विजय गौड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मौत से चंद मिनट पहले बनाए गए इस वीडियो में मृतक कांस्टेबल ने अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी और ससुराल वालों सहित मुजफ्फरनगर के खतौली कोतवाल को जिम्मेदार बताया था। इसके बाद अब इस मामले में खतौली कोतवाल भी घिरते नजर आ रहे हैं।
मेरठ एसएसपी कार्यालय में तैनात विजय गौड़ ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी थी। सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी पत्नी, ससुर और साले को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था। जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विजय को खुदकुशी के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया था।
मृतक कांस्टेबल विजय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें विजय ने अपने ससुराल वालों सहित खतौली के इंस्पेक्टर पर अपने उत्पीड़न का आरोप लगाया है। विजय ने खतौली कोतवाल पर आरोप लगाया कि कोतवाल ने उसका बहुत उत्पीडन किया है और उसे बहुत बेईज्जत किया है, उसकी एक बात नहीं सुनी है।
जिंदगी से मायूस विजय ने लोगों से किसी भी नौकरी पेशा महिला से शादी ना करने की अपील भी की है। अपनी मौत के बाद विभाग से मिलने वाली कोई भी रकम या नौकरी अपनी पत्नी या उसके परिवार को न देने और अपने भाई-बहन को देने की भी गुजारिश की है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के बाद अब इस मामले में इंस्पेक्टर खतौली पर भी गाज गिरने के आसार नजर आ रहे हैं।
क्रास फायरिंग में घायल हत्यारोपी सौरभ की भी हुई मौत
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मिंडकाली के जंगल में हत्या के मामले में फैसले को लेकर बातचीत के दौरान दो पक्षों में हुई क्रास फायरिंग में मारे गए हत्या के वादी प्रशांत की घटनास्थल पर हुई मौत के समय गोली लगने से गंभीर घायल इटावा गांव निवासी हत्यारोपी सौरभ ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। वह काफी शातिर अपराधी बताया गया है और दिसंबर में बुढ़ाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में भी वांछित होने के बावजूद उसने लखनऊ में भी बागपत जिले के निवासी लविश सिंह उर्फ जोनी की हत्या कर दी थी। लविश उर्फ जोनी की हत्या के मामले में वादी बागपत जिले के गांव वाजिदपुर निवासी प्रशांत मिंडकाली के जंगल में आधी रात में हुई फायरिंग में मारा गया था, जबकि सौरभ वहां पर गोली लगने से गंभीर घायल अवस्था में मिला था। बुढ़ाना इंसपेक्टर कुशल पाल सिंह ने बताया कि सौरभ की भी रविवार देर सायघ् मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घायल मिला सौरभ बड़ा अपराधी था। वह बुढ़ाना पुलिस का हत्याकांड में वांछित आरोपी था। सौरभ के मकान की पुलिस कुर्की भी कर चुकी है। माना जा रहा है कि लखनउ में हुई लविश की हत्या के बाद वह क्षेत्र में भाग आया था। प्रशांत की हत्या के मामले में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया सौरभ अपने ही साथियों द्वारा चलाई गई गोली लगने से गंभीर घायल हुआ था।

