समाचार
लावारिस खडी मिली बाईक
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत गांव शाहबुद्दीनपुर रोड पर अवनी पब्लिक स्कूल के सामने एक स्पलैंडर बाईक कल सायं ७ बजे से लावारिस हालत में खडी है। यह बाईक सारी रात वहीं खडी रही, लेकिन किसी का ध्यान इस बाईक की ओर नहीं गया। बाद में जब कुछ लोगों ने बाईक को लावारिस हालत में खडे देखा तो उन्हें कुछ शक हुआ। इस सम्बन्ध में शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से इस बाईक के सम्बन्ध में पूछताछ की, किन्तु बाईक के सम्बन्ध में जानकारी होने से सभी ने इंकार कर दिया। समाचार लिखे जाने तक बाईक को लेने कोई सामने नहीं आया था। लावारिस बाईक मिलने के बाद आसपास के लोगों में हडकम्प की स्थिति बनी हुई है।
मुजफ्फरनगर में 12 लोग कोरोना पॉजिटिव मिलने से मचा हडकंप
मुजफ्फरनगर। जनपद में आज फिर एक साथ १२ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से कोहराम मच गया है। इनमे से पिछले दिनों कोरोना के कारण मृत्यु का शिकार हुई ८३ साल की बुजुर्ग महिला के संपर्क से जुडे ग्यारह लोग बताए जा रहे तथा एक प्रवासी मजदूर कर्नाटक से आया हुआ है जिसे क्वारटाइन किया हुआ था।
मुजफ्फरनगर में आज कुल १३४ सैंपल की रिपोर्ट आई है, जिनमें १२ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिलने से जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया है। जनपद में आज अब तक एक ही दिन में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इन १२ मरीजों में ११ बीते दिनों कोरोना के कारण मृत्यु की शिकार हुई शहर कोतवाली क्षेत्र की निवासी ८३ वर्षीय महिला के संपर्क के लोग बताए जा रहे हैं। महिला का पुत्र विकास भवन में स्थित सरकारी कार्यालय में कर्मचारी है, जिसके कारण विकास भवन में भी हडकंप की स्थिति है। १२ वां मरीज कनॉटक से आया प्रवासी मजदूर है, जिसे मखियाली के पास एक इंस्टीटयूट में क्वारंटाईन किया गया था।
डीएम व एसएसपी ने किया भ्रमण
मुजफ्फरनगर। डीएम श्रीमती सेल्वा कुमारी जे० व एसएसपी अभिषेक यादव द्वारा जनपदीय भ्रमण किया गया तथा ’कोरोना वायरस(कोविड-१९) से बचाव हेतु प्रशासन व पुलिस विभाग द्वारा की गयी सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा पुलिस बल को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने हेतु निर्देशित किया गया साथ ही बिना मास्क लगाए व्यक्तियों, दो पहिया वाहनों पर एक से अधिक बैठे व्यक्तियों तथा अनावश्यक घूमने वालो पर तत्काल कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
लॉकडाउन का उल्लंघन कर सडकों पर घूमने वाले लोगां के खिलाफ चलेगा अभियानः एसएसपी
मुज़फ्फरनगर। जनपद में अब लॉकडाउन का उल्लंघन कर सडकों पर घूमने वाले लोगां के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए कडी कार्यवाही की जाएगी।
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि कोरोना/लॉक डाउन के दृष्टिगत शाम ७ बजे से सुबह ७ बजे तक अभियान चलाकर लॉकडाउन/कर्फ़्यू का पालन कराया जाएगा। अनावश्यक रूप से घूमने वालों के खिलाफ कडी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी तथा दुपहिया वाहनों पर दो व्यक्तियों के घूमने पर कार्यवाही की जायेगी सिर्फ स्वास्थ्य की इमरजेंसी के लिए ही दुपहिया वाहन पर दो व्यक्ति बैठ सकेंगे। एसएसपी ने अवगत कराया कि घर से बाहर निकलते समय मास्क, गमछा या किसी अन्य कपडे का प्रयोग कर मुंह को ढककर ही घर से बाहर निकले तथा सार्वजनिक स्थान पर थूकने वालों के खिलाफ भी इस अभियान के तहत कार्यवाही की जायेगी।
पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह की पुण्यतिथि मनाई
मुजफ्फरनगर। शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक की अध्यक्षता व शहर अध्यक्ष जुनैद रऊफ के नेतृत्व में स्थानीय नगरपालिका परिषद प्रांगण में स्थित भारत के पूर्व प्रधानमंत्री धरती पुत्र स्व चौधरी चरणसिंह जी की ३३वी पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प माला पहनाकर सोशल डिस्टेंस का विशेष ध्यान रखते हुए श्रद्धांजली अर्पित की गई। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, शहर अध्यक्ष जुनैद रऊफ, पूर्व प्रदेश सचिव सलीम मलिक, चौधरी वीरभान, उमादत्त शर्मा, सतीश शर्मा, धीरज माहेश्वरी, सगीर मलिक, डॉ० यशपाल, अहसन जमीर, सुल्तान आदि मौजूद रहे।
बारिश से मिली गर्मी से निजात
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को भी सुबह के समय एक बार फिर मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गयी हालांकि दोपहर तक मौसम खुल गया। गत रात्रि आंधी-तूफानी के साथ आई बारिश के कारण जनपद में अनेक स्थानों पर विद्युत पोल उखड गये थे और कई जगहों पर विद्युत लाईनों पर पेड गिर जाने से आधे से अधिक जनपद की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिसे आज सुचारू कराने के प्रयास किये जा रहे थे, इसी बीच तेज बारिश के कारण यह कार्य फिर रूक गया, जिस कारण अनेक स्थानों पर अभी भी विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। ज्ञातव्य है कि गत रात्रि तेज आंधी और तूफान के साथ जोरदार बारिश हुई थी। आंधी-तूफान के चलते खतौली समेत अनेक स्थानों पर विद्युत पोल गिर गये थे और अनेक जगहों पर विद्युत लाईनों पर पेड गिर जाने से बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप्प हो गई थी। आंधी-तूफान के बाद आधे से अधिक जनपद अंधेरे में डूब गया था। आज दोपहर के समय आज फिर तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। बारिश होने से जहां सडकों पर सन्नाटा पसर गया, वहीं पिछले कई दिनों से गर्मी की तपिश झेल रहे नागरिकों को कुछ राहत मिली। आज तेज हवाओं के साथ हुई बरसात के बाद जनपद में विद्युत लाईनों को सुचारू करने का कार्य बाधित हो गया है, जिस कारण अभी भी अनेक स्थानों पर विद्युत सप्लाई नहीं हो सकी। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि बरसात होने से विद्युत सुचारू करने का काम बाधित हुआ है, लेकिन जल्द ही बिजली की आपूर्ति सुचारू कर दी जायेगी। वहीं बारिश से मौसम में गर्मी से कुछ हद तक निजात मिली।
एस पी देहात नेपाल सिंह ने गश्त किया
मुज़फ्फरनगर /बुढ़ाना/शाहपुर। एस पी देहात नेपाल सिंह ने दो थाना क्षेत्रों में भारी पुलिस फ़ोर्स के साथ जहां मुख्य बाजारों में पैदल गस्त किया वहीं बाजार में व्यापारियों से अपील करते हुए कहा की आप लोग अपनी अपनी दुकानों पर सेनेट्राइज रखें साथ ही साथ आने वाले प्रत्येक ग्राहक को पहले सेनेट्राइज कराएं बाद में सामान दें। उन्होंने कहा की याद रखें दुकान पर आने वाले ग्राहक के चेहरे पर मास्क भी लगा हो यदि कोई मास्क और सेंट्राइज नही करता तो उसे सामान आदि न दे और उसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे। बुढ़ाना के बाजारों में जहां एस पी देहात के साथ थाना प्रभारी कुशल पाल सिंह मौजूद रहे तो वहीं दूसरी तरफ क़स्बा शाहपुर में थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार भारी फोर्स के साथ डटे रहे ।।
कोविड-19 से बचाव हेतु सेनेटाइजेशन का कराया कार्य
मुज़फ्फरनगर। कोविड-१९ से बचाव हेतु जनपद में चल रहा है सेनेटजेशन अभियान, लगातार विभिन्न स्थानों को सेनेटाईज किया जा रहा है। एसएसपी अभिषेक यादव के आदेशानुसार अग्निशमन विभाग मुजफ्फरनगर जिला एवं सत्र न्यायालय, एडवोकेट चैंबर, जज कंपाउंड, जिला जज आवास, जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, कंट्रोल रूम, कचहरी परिसर मुजफ्फरनगर एवं अन्य सरकारी/गैर सरकारी भवन जनपद मुजफ्फरनगर आदि स्थानों को सेनेटराइज़ किया गया। सैनिटाइजेशन का यह कार्य शहर क्षेत्र ,समस्त टाउन एरिया, एवं तहसीलों में निरंतर रूप से किया जा रहा है। मुजफ्फरनगर पुलिस कोरोना वायरस से लडने के लिये हर सम्भव प्रयास में कार्यरत है।
बुढाना पुलिस को सम्मानित किया
बुढ़ाना। कोतवाली परिसर बुढ़ाना में नेपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गिरजा शंकर त्रिपाठी , पुलिस उपाधीक्षक बुढ़ाना, कुशल पाल सिंह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बुढ़ाना जयवीर सिंह प्रभारी पुलिस चौकी बुढाना को डॉ राजीव कुमार प्रभारी सहारनपुर मंडल इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा हस्तनिर्मित मास्क कोतवाली बुढ़ाना स्टाफ के प्रयोग हेतु भेंट किए गए एवं मेपल्स एकेडमी की कक्षा १२ की छात्रा रिचा विश्वकर्मा द्वारा बनाई गई पेंटिंग पुलिस अधीक्षक एवं उनकी बुढाना पुलिस की टीम को भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नौशाद व अनिल उपस्थित रहे।
अंजु अग्रवाल ने किया नलकूप रिबोरिंग का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। जल ही जीवन है। परमात्मा ने जब सृष्टि की संरचना की तो मनुष्य के लिए पृथ्वी पर जल की उत्पत्ति अमृत के रूप में की गई। बाकी किसी भी ग्रह पर जल ना होने के कारण वहां पर मनुष्य की उत्पत्ति नहीं है। यह बातें पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल के द्वारा आज रुड़की चुंगी पर नलकूप रिबोरिंग के शुभारंभ अवसर पर कही गई। अंकन १७.५० लाख रुपए की लागत से एवं ५६० फुट गहरे तथा १२ इंच गोलाई के नलकूप रिबोरिंग का शुभारंभ माननीय पालिका अध्यक्ष महोदय द्वारा मंत्रोच्चारण तथा विधि विधान से भूमि पूजन के साथ शुरुआत की गई। जल का संचय एवं संरक्षण के साथ उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विनय कुमार मणि त्रिपाठी अधिशासी अधिकारी शरद गुप्ता प्रभारी जलकल अभियंता, राजकुमार एवं भीष्म सिंह सभासद पति वार्ड संख्या १५ एवं १६ के अलावा पूरन चंद प्रभारी कार्यालय अधीक्षक, विकास कुमार लिपिक ,प्रियेश कुमार आईटी ऑफिसर ,गोपाल त्यागी स्टेनो अध्यक्ष, एसके बिट्टू आदि उपस्थित रहे। बाद में पालिका अध्यक्ष द्वारा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रविंद्र सिंह राठी एवं राजीव कुमार चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर श्री संजय पुंडीर व उमाकांत शर्मा सेनेटरी इंस्पेक्टर के साथ शामली रोड मुख्य नाले की बारिश में जेसीबी मशीन से की जा रही सफाई एवं सिल्ट निस्तारण कार्य का निरीक्षण किया तथा पालिका अध्यक्ष द्वारा सुंदर सफाई व्यवस्था पर काफी संतोष प्रकट किया गया वर्षा के बीच पालिका अध्यक्ष को अपने सामने कार्य करता देख वहां पर मौजूद व्यापारियों ने पालिका अध्यक्ष के पास आकर उनका आभार जताया और कहा की हम लोग भी ३० ४० साल से यहां पर व्यापार कर रहे हैं मगर हमने ऐसा कभी नहीं देखा के चेयरमैन खुद अपने सामने खड़े होकर नालों की सफाई करा रही है वह भी बारिश मैं इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष ने ४ लाइनें कहीं .मेरा आपकी दुआ से हर काम हो रहा है करते हो तुम कन्हैया मेरा नाम हो रहा है।
आकाशीय बिजली गिरने से युवती की मौत
भोपा। आकाशीय बिजली गिरने से युवती की मौत हो गई। इस दुखद हादसे से ग्रामीणो मे शोक छा गया। जानकारी के अुसार भोपा थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव ंकिशनपुर निवासी करीब 14 वर्षीय सानिया उर्फ सानू पुत्री मुन्तजीर की आज दोपहर के वक्त आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। इस दुखद हादसे से परिजनो मे कोहराम मच गया। तथा ग्रामीणो मे शोक छा गया। किशोरी की मौत की खबर पर अनेक ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी गांव मे पहुंच गई। ग्रामीणो के कहने पर पुलिस ने बिना किसी कार्यवाही के शव को अन्तिम संस्कार के लिए परिजनो को सौप दिया। ग्रामीणो की मौजूदगी मे सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए शव को सुपुर्दे खाक किया गया। इस हादसे से ग्रामीणो मे शोक छाया हुआ है।
सडक हादसे में एक मौत, दो घायल
सिखेडा। जनपद में फिर दिखा तेज रफ़्तार का कहर एक साथ तीन बाईक आपस में टकराई, एक बाईक सवार मोके से हुआ फरार तो वहीं दो बाईक सवार हुए गम्भीर घायल, आस पास के राहगीरों की सूचना मिलते ही यूपी ११२ डायल पहुंची मोके पर, जहां पुलिस ने सभी घायलों को उठाकर पहुँचाया जिला अस्पताल जहां डॉक्टरों ने एक को किया मृत घोषित तो वहीं दूसरे को इलाज के लिए किया अस्पताल में भर्ती। दरअसल मामला जनपद मुज़फ्फरनगर के पानीपत खटीमा राजमार्ग का है जहां बीती देर शाम थाना सिखेड़ा अंतर्गत गांव बहादरपुर के रजवाहे के समीप ईट भट्टे के पास तीन बाइकें आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी की तीनो ही बाईक सवार सड़क पर दूर जाकर गिरे और गम्भीर रूप से घायल हो गए और उनमे चीख पुकार मच गई उधर आस पास से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस के साथ ही यूपी ११२ डायल को भी दे दी। सूचना मिलते ही यूपी ११२ डायल मोके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर चलने लगी तभी एक घायलों में एक बाईक स्वार पुलिस को गच्चा देकर मोके से फरार हो गया। जबकि पुलिस ने एक बच्चे सहित दो को जिला अस्पताल भेज दिया जहां डॉक्टरों ने धर्म सिंह उर्फ़ मुखिया पुत्र रुहल सिंह निवासी गांव पचेंडा थाना नई मंडी को मृत घोषित कर दिया। तो वहीं दूसरे घायल सुदेश पुत्र सन्तु निवासी बहादरपुर खेड़ी वीरान को इलाज के लिए भर्ती कर लिया जबकि एक छोटा बच्चा जिसका नाम कृष्णा पुत्र नरेंद्र को हल्की फुलकी चोट लगने के चलते उपचार देकर भेज दिया है।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचती महिला कांस्टेबिल, लग रही हाजिरी
मुजफ्फर नगर। पुलिस महकमे में ड्यूटी करने वाली एक महिला कांस्टेबिल पर पिछले कई महिनों से ड्यूटी पर न आने का आरोप लगाते हुए गुमनाम ने शिकायत की है। आरोप है कि महिला कांस्टेबिल ड्यूटी पर नहीं आती है। कंट्रोल रुम में लगातार उसकी हाजिरी लगाई जा रही है। इस संबंध में तीन बार शिकायती पत्र भी दिया जा चुका है और अब आरटीआई के माध्यम से जवाब मांगा गया है।
पुलिस कंट्रोल रूम में ड्यूटी करने वाली महिला कांस्टेबिल के खिलाफ ड्यूटी पर न आने का आरोप लगा है। गुमनाम महिला कांस्टेबिल की तरफ से शिकायत पुलिस अधिकारियों को की गयी है। शिकायकर्ता का आरोप है कि पीछे कई महीनों से महिला कांस्टेबिल ड्यूटी पर नहीं पहुंची और पुलिस कंट्रोल रुम में ही ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही लगातार उसकी हाजिरी लगा रहा है। सूत्रों का कहना है कि तीन बार इस संबंध में गुमनाम महिला सिपाही की तरफ से शिकायत की गयी है। तीनों ही बार एक ही अधिकारी ने इस मामले की जांच की। लीपापोती कर जांच के उपरांत आरोप को निराधार बताते हुए जांच को खत्म कर दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस कंट्रोल रुम के अधिकारी भी इस मामले से अनभिज्ञ नहीं है। तीन बार शिकायत के बाद भी अब इस संबंध में शिकायतकर्ता ने आरटीआई डालकर पुलिस महकमे से शिकायतों का जवाब मांगा है। पूरे मामले की गहनता से जांच करायी जाएगी। अगर मामले में सत्यता पायी जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक यादव एसएसपी, मुजफ्फरनगर
सिंचाई विभाग भर रहा जनपद के तालाब
मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी महोदया के निर्देश पर जल स्तर में वृद्धि के लिये सिंचाई विभाग द्वारा गांवों के तालाबों में पानी भरने का कार्य शुरू किया जा चुका है। अपर जिलाधिकारी अमित सिंह ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा जनपद के कई गांवों के तालाबों को पानी से भरा जा चुका है ताकि वाटर लेवल ठीक हो सके। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि तालाब को गंदा न करें और इसकी देखरेख करें।
भांग माफिया के खिलाफ हुई कार्रवाई
मुजफ्फर नगर। भांग माफिया द्वारा सेन्चुरी क्षेत्र में हरी भरी वनस्पति को काटने पर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुवे भाँग आदि से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ा है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुवे उच्चाधिकारियों को चेताया है। मोरना भोपा भोकरहेड़ी ककरौली सेन्चुरी क्षेत्र में वन भूमि पर खड़ी हरी भरी वनस्पतियों को काटने पर वन विभाग द्वारा कार्रवाई किये जाने से भांग का कटान कर रहे व्यक्तियों में भगदड़ मच गयी मोरना-भोकरहेड़ी मार्ग पर कार्रवाई से बचकर भाग रहा ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त होते होते बचा मोरना रेंज के वन क्षेत्राधिकारी सिंहराज सिंह पुण्डीर ने बताया कि एक ट्रैक्टर ट्रोली को पकड़ा गया है। जिसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। वन सम्पदा को नुकसान पहुंचाने पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। वरिष्ठ भाजपा नेता व नमामि गंगे प्रदेश सह संयोजक डॉ.वीरपाल निर्वाल ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने की घटना पर रोष प्रकट करते हुवे उच्चाधिकारियों से इस सम्बंध में बात कर सरकारी भूमि पर खड़ी भाँग गिलोय व अन्य वनस्पतियों को काटकर प्रकृति का दोहन करने वालों जंगली जानवरों के आवास को समाप्त करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की माँग की है भाजपा नेता विजय राठी,डॉ.वीरपाल सहरावत, प्रदीप निर्वाल,सुधीर प्रजापति , सतनाम नायक,आदि ने वन सम्पदा को नुकसान पहुंचा कर जंगली जानवरों की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग प्रशासन से की है।
बाजार खुलते ही सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां
मुजफ्फर नगर। लॉक डाउन 4 में बाजार खुलने के समय मे संशोधन होते ही मीरापुर के बाजार से पुलिस गायब हो गयी। पूरे दिन बाजार में भारी भीड़ लगी रही।बाजार में पूरे दिन दुपहिया-चार पहिया वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां जमकर उड़ी।
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने जनपद में सभी दुकानों के खोलने का समय सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक करते हुए व्यापारियों व आम लोगों को बड़ी छूट दी थी। बाजार खुलने के समय मे संशोधन होने के बाद दी गयी छूट से गुरुवार को मीरापुर में लोगों के साथ साथ पुलिस की बड़ी लापहरवाही दिखाई पड़ी। गुरुवार को मीरापुर के बाजार में जबरदस्त भीड़ रही। पुलिस सुबह से ही बाजार से गायब रही। प्रतिदिन बाजार में तैनात रहने वाले पुलिसकर्मी व कई बार गश्त करने वाली पुलिस गुरुवार को बाजार में एक बार भी नही दिखाई दी। बाजार में पूरे दिन दुपहिया व चौपहिया वाहनों व ई-रिक्शा की भारी आवाजाही रही।
पुलिस के मौजूद नही होने से बाजार में आने वाली भीड़ ने अपने वाहनों को सडको पर आड़े-तिरछे खड़े किए हुए थे। जिसके चलते मीरापुर के सभी बाजारों में पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। भारी भीड़ बाजार में होने के कारण पूरे दिन सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां मीरापुर के बाजार में उड़ती साफ दिखाई दी। लापहरवाह भीड़ कोरोना से बेफिक्र होकर बाजार में खरीदारी करती रही। छूट मिलने के बाद लोग ज्यादा लापहरवाह नजर आए। वही पुलिस भी बाजार खुलने के समय मे छूट दिए जाने के बाद अपनी जिम्मेदारी से पीछा छुड़ाती नजर आई।

