Jharkhand : Flipkart ऑफिस में नगदी समेत कई कीमती पार्सल पर किया हाथ साफ
Jharkhand गिरिडीह जिला के मुफ्फसिल थाना इलाके के सिरसिया-सीहोडीह में चोरों ने ऑनलाइन पार्सल डिलीवरी करने वाले फ्लिपकार्ट कंपनी के ऑफिस में धावा बोल नगदी समेत कई पार्सल चोरी कर ली. घटना रविवार देर रात की है. घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार की सुबह मुफस्सिल थाना प्रभारी कमलेश पासवान सदल बल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गए हैं.
फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर रही है. वहीं कंपनी के प्रतिनिधि भी रांची कार्यालय से गिरिडीह पहुंचे हैं. कंपनी के कर्मियों का कहना है कि रांची कार्यालय से कंपनी के लोगों के आने के बाद ही यह बताया जा सकेगा कि क्या-क्या चोरी हुई है. लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने एक लाख के करीब नगदी समेत कई कीमती पार्सल पर हाथ साफ किया है.
चोर देर रात को कार्यालय की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे. इधर चोर ऑफिस में लगे सीसीटीवी का डीबीआर भी अपने साथ लगे गये हैं. फिलहाल, पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर रही है और कंपनी के कर्मियों से भी पूरी जानकारी ली जा रही है.

