समाचार
योग सेहत के लिए जरूरी
मुजफ्फरनगर। अधिक भोजन, अधिक श्रम ,अधिक बोलना,नियम पालन में आग्रह, अधिक लोक सम्पर्क तथा मन की चंचलता यह छः योग को नष्ट करने वाले तत्व है अर्थात योग मार्ग में प्रगति के लिए बाधक है। उक्त विचार भारतीय योग संस्थान के प्रान्तीय कार्यकारिणी सदस्य योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य ने ग्रीन लैंड स्कूल मुजफ्फरनगर में साप्ताहिक योग गोष्ठी में दिए। उन्होंने बताया कि आहार की अत्यधिक मात्रा लेने से शरीर में अनेक रोग उत्पन्न होते हैं जिससे योग साधना में व्यवधान उत्पन्न होता है। इसीलिए गीता में भगवान श्रीकृष्ण जी ने कहा है कि –
युक्ताहारविहास्य युक्तचेस्टस्य कर्मसु।
युक्तासवपनाववोधस्य योगो भवति दुःखहा।।
अर्थात जो नियम पूर्वक भोजन करता है। नियमित आहार-विहार करता है।उसके लिए योग दुःख का नाश करने वाला होता है।इसी प्रकार अधिक श्रम भी योग मे बाधक है। क्योंकि शरीर की क्षमता से अधिक श्रम करने से शरीर में थकावट भी योग मे रूकावट पैदा करती हैं।अति का बोलना व अत्यधिक लोक सम्पर्क तथा अत्यधिक चंचलता भी योग साधना की उन्नति के मार्ग में बाधक है। अति हर चीज की बुरी होती है।किसी ने ठीक कहा है कि-अति खावे अति थोड़ा खावे अति सोवे अति जागर पाये।
यह स्वभाव राखे यदि कोय उसका योग सिद्ध नहीं होय।।
जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं योग शिक्षक यज्ञ दत्त आर्य ने कहा कि ईर्ष्या-द्वेष,छल-कपट भी योग साधना की उन्नति में बाधक है।उन्होंने कहा कि योग सूत्र के अनुसार चित्त के विक्षेपक नौ अन्तराय है-व्याधि,स्त्यान ,संशय ,प्रमाद, आलस्य,अविरति ,भ्रान्तिदर्शन ,अलब्धभूमिकत्व और अनवस्थितत्व। ये नौ अन्तराय ही चित को विक्षिप्त करते हैं।अतः ये योग विरोधी है।इन्हीं को चित्त का मल तथा योग प्रतिपक्ष भी कहा गया है।अतः योग साधना को बलवती बनाने के लिए इन अन्तरायो से बचते हुए ही योग के मार्ग को प्रशस्त करे ।इस अवसर पर सत्यवीर सिंह पंवार,ऋषिपाल ,प्रदीप कुमार शर्मा कुलदीप अरोरा,क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी व वीरसिह आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।राजपाल सिंह ,केंद्र प्रमुख नीरज बंसल व श्रीमती कामेश मलिक आदि का सहयोग रहा।
मुजफ्फरनगर में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर समाजवादी पार्टी ने किया नमन
मुजफ्फरनगर। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर सपा कार्यालय मुजफ्फरनगर पर सपाइयों ने उनको याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा की बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी ने भारत में फैली कुरीतियों छुआछूत व अधिकारों से वंचित लोगों के लिए ऐतिहासिक मिशन व संघर्ष की नई इबारत लिख कर भारत को मजबूत करने का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सपा महानगर अध्यक्ष अलीम सिद्दीकी ने बाबा साहेब को याद करते हुए कहा की दबे कुचले वंचितों को संविधान में समान अधिकार दिलाने का श्रेय केवल बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर जी को ही हमेशा दिया जाएगा।
पूर्व विधायक अनिल कुमार ने परिनिर्वाण दिवस पर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा की दलित वंचित व दबे कुचले लोगों को नया जीवन व हर क्षेत्र में उनको अधिकार दिलाने का मिशन केवल बाबासाहेब द्वारा चलाया गया जिसके लिए उनका ऋण कभी नहीं उतारा जा सकता।
सपा जिला महासचिव जिया चौधरी व सपा जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन ने भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के ऐतिहासिक मिशन संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए नए भारत का रचनाकार बताते हुए उनको श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से पूर्व महानगर अध्यक्ष अंसार आढ़ती,सपा जिला कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल,सपा नेता अमरनाथ पाल,महानगर महासचिव शलभ गुप्ता एडवोकेट,पूर्व सपाअल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष डॉ इसरार अल्वी,डॉ हनीफ अंसारी एडवोकेट,राजबल राणा एडवोकेट,सन्दीप धनगर,अकबर आढ़ती,विजय बाटा, जनार्दन विश्वकर्मा,टीटू पाल रमन,नवेद रँगरेज,फ़िरोज अख्तर,विकास कुमार,आलोक भटनागर,मुकेश वशिष्ठ,रिजवान अली,डॉ जावेद अली,साकिब मलिक,अब्दुल रहमान,दानिश मलिक,राव सलीम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जौला यूथ क्लब का पहला वार्षिकोत्सव मनाया 
बुढ़ाना। बुढ़ाना ब्लाक के गांव जौला में स्थित मिशन एजुकेशन एकेडमी में जौला यूथ क्लब का पहला वार्षिकोत्सव मनाया गया। जिसमें शायरों ने अपनी शायरी पेशघ् कर वाहवाही लूटी। कार्यक्रम में अध्यक्षता बाबा गुलाम मोहम्मद व एंकरिंग पत्रकार नसीम कुरैशी व शायर तारिक उस्मानी ने की। सर्वश्रेष्ठ पत्रकारिता के लिए पत्रकार नसीम कुरैशी व फ्री शिक्षा देने पर नाजमा राणा सहित अन्य लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में नाम रोशन करने पर सम्मानित किया गया। यहां आये शायर हकीम अफजाल अहमद बुढानवी ने पढा ना जाने कितने तूफां से लडा है, वो बूढा पेड़ तन्हा खड़ा है, घमंड था उसको अपने बाजुओं पर, वो परिंदा आज मुंह के बल पड़ा है। शायर गुलजार बुढानवी ने पढा कि हाय क्या दांव था सियासत का, खात्मा हो गया मुहब्बत का, खेतियां प्यार की उगे कैसे, बीज बोया गया है नफरत का। इजहार अहमद ने पढा कि ये काम आशिकी में निराला करूंगा मैं, दिल को बनाके गेंद उछाला करुंगा में, अरमान यूं भी देके निकाला करुंगा में, देंगे तलाक लोग हलाला करुंगा में। मुनव्वर हसन ने पढा खून से हमने सींचा इसे, कैसे हम ये चमन छोड़ दें, मेरे दिल में बसा है कोई, कैसे उसको हसन छोड़ दे। रजा शाहपुरी ने पढा अलल ऐलान कहता हूं मैं बा ईमान कहता हूं, सब हिंदुस्तान कहते हैं मैं अपनी जान कहता हूं। शायर सागर सैनी ने पढा पूजा भी हम करेंगे हम ही अजान देंगे, तुमने दिए हैं दंगे और हम अमान देंगे, तुम लाख गुलसिता में फैलाओ बदगुमानी, हम आपको बहारें हिंदुस्तान देंगे। शायर तारिक उस्मानी ने पढा हमारे सीनों में बिस्मिल भगत अशफ़ाक़ का दिल है, सो हमने सामने बोला है क़ातिल के तू क़ातिल है, तेरी शमशीर से बंदूक़ से जा हम नही डरते, हमारी परवरिश में कर्बला का दर्स शामिल है। वकील चौधरी ने पढा दबी कुचली हुई सब ख्वाहिशों के पर निकल आये, जरा पैसा हुआ तो चींटी के पर निकल आये, अभी उड़ते नहीं हैं तो फाख्ता के साथ हैं बच्चे, अकेला छोड़ देंगे मां को जिस दिन पर निकल आए। यहां जौला यूथ क्लब के द्वारा एक साल तक गांव में कराये गये विकास कार्यों की प्रर्दशनी भी लगाई गई। यहां राजपूत वैलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राव अब्दुल सत्तार, अकरम बच्चन, यूपी के पूर्व मंत्री फारूख हसन, फिल्म कास्टिंग डायरेक्टर दीपक राजपूत, रईस मंदवाडा, राशिद अजीम, मास्टर फारुख, हुसैन अहमद, मोमीन हसन व महबूब मलिक आदि मौजूद थे। कार्यक्रम की सफलता पर जौला यूथ क्लब अध्यक्ष गुलरेज एडवोकेट व सचिव जीशान अहमद ने सभी का आभार जताया।
मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की मीटिंग का आयोजन
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की मीटिंग का आयोजन अग्रवाल मार्केट में किया गया जिसकी अध्यक्षता सुभाष चौहान और संचालन महामंत्री संजय गुप्ता ने किया आज मीटिंग में दवा पोर्टल में आ रही विसंगतियों को दूर करने के लिए कार्यकारिणी की मीटिंग का आयोजन हुआ, जिसमें कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने दवा पोर्टल में आ रही समस्याओं का अध्यक्ष से समाधान करने की मांग की,जिसमें सुभाष चौहान ने बताया कि मंत्री कपिल देव अग्रवाल से व्यक्तिगत रूप से मिलकर समस्याओं से अवगत कराया एवं पत्र/फोन के माध्यम द्वारा विभागीय मंत्री डा०धर्मपाल सैनी से वार्ता करके समस्याओं को अवगत कराते हुए शीघ्र अति शीघ्र निदान करने का अनुरोध किया । जिसमें प्रमुख रुप से १) फार्मासिस्ट आधारित हॉलसेल की ड्रग लाइसेंस में एक साल बाद एक्सपीरियंस के डॉक्यूमेंटअपलोड करने की पोर्टल में व्यवस्था की जाए २) ’गोदाम के लाइसेंस के रिनूवल की पोर्टल में व्यवस्था की जाये, ३) जो रिटेल में लाइसेंस बने हैं अगर प्रोपराइटर ने डी फार्मा कर लिया है तो वह प्रोपराइटर स्वयं फार्मासिस्ट नहीं लग पा रहा है,यह भी पोर्टल में व्यवस्था की जाए।, ४) फाइल डिलीट करने का अधिकार पहले की तरह मंडल/जिला स्तर पर ही होना चाहिए जो कि अभी लखनऊ कर दिया गया है, ५) फाइल में मॉडिफिकेशन का अधिकार जिला स्तर के अधिकारी को होना चाहिए, सुभाष चौहान ने यह भी बताया की मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आश्वासन दिया है की जल्द से जल्द दवा व्यापारियों को आ रही समस्याओं को ड्रग प्रसासन(लखनऊ) के द्वारा दूर करवा दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में मुकेश सोम(वरिष्ठ उपाध्यक्ष)सुनील चौधरी(उपाध्यक्ष)संजीव वर्मा(उपाध्यक्ष)सुबोध जैन(संगठन महामंत्री)दिव्य प्रताप सोलंकी(संगठन महामंत्री) राजेश जुनेजा(संगठनमंत्री) विकास दीप तोमर (संगठनमंत्री) सचिन त्यागी नामित सदस्य व्यापार कल्याण बोर्ड आदि उपस्थित रहे।
नवनियुक्त एसपी सिटी ने कार्यभार संभाला
मुजफ्फरनगर। युवा आईपीएस ने अर्पित विजय वर्गी ने आज जनपद के नए एसपी सिटी के रूप मे अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उल्लेखनीय है कि एसपी सिटी सतपाल अंतिल का बीते दिनो एसपी फतेहपुर के पद पर स्थानान्तरण हो गया। एसपी सिटी सतपाल अंतिल के स्थानान्तरण के पश्चात सहारनपुर से स्थानान्तरित होकर आए आईपीएस अर्पित विजय वर्गी ने आज कचहरी स्थित एसपी सिटी कार्यालय पहुंच कर जनपद के नए एसपी सिटी के रूप मे कार्यभार ग्रहण कर लिया। एसपी सिटी का चार्ज ग्रहण करने के पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए नवागत एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्राइ्रम पर कंट्रोल करना व जिले मे शांति व्यवस्था कायम कराना है। उन्होने कहा कि महिला सुरक्षा के प्रति विशेष अभियान की जरूरत है। महिलाओ को उनका हक दिलाया जाएगा। एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गी ने कहा कि जिले मे पूर्व अधिकारी के द्वारा जो कार्य अच्छे किए जा रहे वो सराहनीय होंगे उन सभी कार्यो को लगातार आगे बढाया जाएगा।
डा. भीमराम अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस मनाया
मुजफ्फरनगर। भाजपाईयो ने संविधान के रचयिता डाक्टर भीमराम अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर भाजपा जिला कार्यालय पर पुष्पांजलि अर्पित की। गांधीनगर स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर आज भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला की मौजूदगी मे भारतीय संविधान के रचयिता डॉक्टर बी.आर.अम्बेडकर को उनके परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रृद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सभी वक्ताओ ने डा.भीमराव अम्बेडकर द्वारा संविधान के निर्माण के लिए किए गए विशेष सहयोग पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला,विजय सैनी,अचिन्त मित्तल सहित अनेक भाजपाई मौजूद रहे।
बुजुर्ग किसान घायल
मुजफ्फरनगर। टै्रक्टर-ट्राली से गिरकर बुजुर्ग किसान घायल हो गया। जिसे उसके परिजनो ने उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। जानकारी के अनुसार बुढाना के मौहल्ला पछैला निसासी इलियास के कांधला रोड पर खेत है। बताया जाता है कि इलियास आज सुबह अपने भतीजे फरमान के साथ टै्रक्टर-ट्राली मे पशुओ के लिए चारा लेकर लौट रहा था कि खेतो से लौटते वक्त अचानक ट्राली पर बैठा इलियास जमीन पर जा गिरा। इस हादसे मे वह घायल हो गया। बुजुर्ग किसान के परिजनो ने उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।
स्कूटी सवार घायल
मुजफ्फरनगर। कार की चपेट मे आकर स्कूटी सवार घायल हो गया। जानकारी के अनुसार नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र के निकटवर्ती गांव बिलासपुर निवासी ईलमसिह सैनी पुत्र रामस्वरूप आज सुबह अपनी स्कूटी द्वारा कूकडा ब्लॉक पर किसी काम से आ रहा था कि स्कूटी सवार ईलम सिह जैसे ही बिलासपुर बाईपास पर पहुंचा कि इसी बीच वह वहलना चौक की और से तेजी के साथ आ रही कार की चपेट मे आकर घायल हो गया। इस हादसे के बाद आरोपी कार चालक अपनी कार सहित मौके से फरार हो गया। उधर से जा रहे कुछ अन्य ग्रामीणो ने ईलम सिह को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया तथा उसके परिजनो को इस हादसे की जानकारी दी।
पडौसियों के बीच हुई मारपीट
मुजफ्फरनगर। पडौसी के साथ चल रहे नाली विवाद मे आपसी कहासुनी मारपीट मे तब्दील हो गई। सूत्रो के अनुसार शहर कोतवाली क्षे त्र के बुढाना मोड निवासी रामकिशन का अपने पडौसी डब्बू से पिछले कुछ समय से नाली विवाद चल रहा है। जिसके चलते पूर्व मे भी इन दोनो पडौसियो के बीच आपसी कहासुनी हो चुकी है। बताया जाता है कि आज सुबह फिर से हुई कहासुनी मे डब्बू ने अपने साथी बिटटू व सुनील के साथ मिलकर रामकिशन के साथ मारपीट कर डाली। शोर शराबे की आवाज सुनकर उनके पडौसी मौके पर पहुंच गए। पडौसियो द्वारा बीच-बचाव से मामला शान्त हो पाया।
जेसीबी मशीन के माध्यम से नाले एवं नालियों की सफाई करायी
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद बोर्ड की एकजुटता और नगरीय सफाई के प्रति माननीय सभासदगण की संवेदनशीलता एवं गंभीरता के चलते अब पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल के निर्देश पर अनवरत नगरीय क्षेत्रों में नालो की तली झाड सफाई अभियान जारी है। पालिका अध्यक्ष द्वारा कहां गया की नाले एवं नालियों का सफाई अभियान अनवरत प्रतिदिन जारी रहेगा और वह दिन दूर नहीं जब हम दावे से कह सकेंगे की नगर में कोई भी नाला अवरुद्ध एवं बंद नहीं है। आज वार्ड संख्या ०१ श्रीमती ममतेश एवं वार्ड संख्या १८ श्रीमती रानी सक्सेना माननीय सभासदगण के वार्डों में मोहल्ला पुरानी घास मंडी स्थित बड़े नाले के ऊपर से सफाई मित्रों द्वारा मेहनत व मशक्कत करके सलैब हटाकर मैनुअली एवं जेसीबी मशीन के माध्यम से नाले की तली झाड़ सफाई कराई गई। इस नाले की सफाई होने से मोहल्ला ब्रह्मपुरी, गंगारामपुरा, रैदासपुरी व मल्लूपुरा मैं रुके हुए पानी की समस्या का निदान हो गया। स्थल पर मौजूद सभासद पति संजय सक्सेना एवं मुनीश कुमार के समक्ष क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पालिका अध्यक्ष को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इसके अलावा वार्ड २० सभासद पवन चौधरी के वार्ड में स्टेडियम रोड पर युद्ध स्तर पर नाले की सफाई अभियान जारी रहा। वार्ड संख्या २४ विकास गुप्ता सभासद के नई मंडी स्थित क्षेत्र में भी नाला सफाई अभियान चलाया गया। सभासद पति संजय सक्सेना ने दावा किया कि बोर्ड की कुशल नीतियों के चलते प्रदेश में सबसे अधिक नालों की सफाई मुजफ्फरनगर में हुई है और १२ अप्रैल से अनवरत नगरीय नालों की सफाई होने से हम प्रदेश में प्रथम स्थान रखते हैं और समस्त माननीय सभासद गण में अपने अपने वार्ड में सफाई की एक प्रतिस्पर्धा सी लगी हुई है। पहले नगर को हम क्लीन करने पर लगे हुए हैं और कार्ययोजना के अनुसार फिर सिटी को ग्रीन करने में लगेंगे। कई मोहल्ले वालों में मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए नालियों में एंटी लारवा दवाई का स्प्रे कराया गया।
टॉप टेन अपराधी गिरफ्तार
भोपा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाये जा रहे धरपकड़ अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक देहात व पुलिस उपाधीक्षक भोपा व थानाध्यक्ष भोपा के निर्देशन में थाना भोपा पर तैनात उ०नि० गनेश कुमार शर्मा, का० १८९५ इकराम अली द्वारा मुखबिर की सूचना पर टॉप १०/हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त मेहरबान को युसुफपुर चौराहा से गिरफ्तार किया गया। मेहरबान पुत्र नफीस निवासी ग्राम युसुफपुर थाना भोपा मु०नगर के विरुद्ध पंजीकृत किया गया । बरामदगी का विवरण एक अदद तमंचा १२ बोर, दो जिन्दा कारतूस १२ बोर। अभियुक्त मेहरबान उपरोक्त थाना भोपा का हिस्ट्रीशीटर एवं टॉप १० अपराधी है।
गिरफ्तार टॉप १०/हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त मेहरबान उपरोक्त को माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है। अभियुक्त पर एक दर्जन से अधिक लूट,गोकशी आदि के मुकदमे पूर्व से पंजीकृत हैं
नई दिल्ली मे चल रहे किसानो के आन्दोलन में समर्थन देने पहुंचे किसान
मुजफ्फरनगर। तीन कृषि बिलो के विरोध मे नई दिल्ली मे चल रहे किसानो के आन्दोलन को अपना समर्थन देते हुए मुजफ्फरनगर ट्रान्सपोर्ट एसोसिएशन के बैनर तले एकत्रित ट्रान्सपोर्टर दिल्ली बॉर्डर के लिए रवाना हो गए। जनपद के ट्रान्सपोर्टरो का कहना है कि वे सब भी किसानो के हक की इस लडाई मे किसानो के साथ हैं। तथा संगठन के निर्णय पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज जनपद के ट्रान्सपोर्टर दिल्ली बॉर्डर के लिए कूच कर गए। इस दौरान सरदार सतनाम सिह हंसपाल,स.जंगसिह, हरदीप बेदी,गुरूचरण सिह,उमेश चन्द आदि मौजूद रहे।
कई वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से कई वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। थाना को0नगर पर उ0नि0 राजेन्द्र प्रसाद वशिष्ठ द्वारा वॉछित अभियुक्त सारिक, नवेद पुत्रगण जमाल कादिर नि0गण अमरूद वाली गली लददावाला थाना को0नगर मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना सिविल लाइन पर व0उ0नि0 बचन सिंह अत्री द्वारा वॉछित अभियुक्त मौ0 नदीम पुत्र मौ0 उमर नि0 527 द0 खालापार थाना को0नगर मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना भोपा पर उ0नि0 योगेन्द्र सिंह द्वारा वॉछित अभियुक्त मोनू पुत्र ननुआ नि0 ग्राम असाई थाना भोपा मु0नगर, अनुज पुत्र राजवीर नि0 ग्राम ककराला थाना भोपा मु0नगर को मोरना मील के सामने से गिरफ्तार किया गया।वहीं थाना भोपा पर उ0नि0 योगेन्द्र सिंह पंवार द्वारा वॉछित अभियुक्त शमीम पुत्र यासीन कुरैशी नि0 ग्राम तिस्सा थाना भोपा मु0नगर को ग्राम तिस्सा से गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना भोपा पर उ0नि0 गणेश कुमार शर्मा द्वारा जिलाबदर अभियुक्त हासिम पुत्र इस्माईल नि0 ग्राम पटोली थाना भोपा मु0नगर को युसुफपुर चौराहा से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना शाहपुर पर उ0नि0 अजयपाल सिंह द्वारा वॉछित अभियुक्त मोनू कुमार पुत्र शिवकुमार नि0 ग्राम डिंडावली थाना शाहपुर मु0नगर को बसी नहर पुलिया से गिरफ्तार किया गया।
मुजफ्फरनगर। थाना खतौली पर जनता के व्यक्ति नितिन गुप्ता पुत्र महेन्द्र गुप्ता नि0 मौ0 पाण्डवनगर थाना सिविल लाइन मेरठ द्वारा अभियुक्त अजय पुत्र पवन कुमार नि0 ग्राम दाहौड थाना खतौली मु0नगर, जतिन पुत्र रघुनाथ नि0 ग्राम गंगवाडी थाना खतौली मु0नगर को लाल दयाल पब्लिक स्कूल दयालपुरम से पकड कर थाने लाया गया। अभियुक्त के कब्जे से 03 सीपूयू को बरामद किया गया।
डा. भीमराव अंबेडकर को नमन किया
जानसठ। गांव तिसंग में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किसान सेवा सहकारी समिति तिसंग के चेयरमैन एवं भारतीय जनता पार्टी महामंत्री राजन वालिया के कार्यालय पर भारतीय संविधान के शिल्पी, सामाजिक, समरसता व न्याय के मार्गदर्शक, महान समाज सुधारक, भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी को उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर कोटि-कोटि सादर नमन। सामाजिक, आर्थिक शिक्षा आदि क्षेत्रों में आप के योगदान को देशवासी सदैव याद रखेंगे ऐसे महान देशभक्त की पुण्यतिथि पर सभी भारत जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से कोटि-कोटि सादर नमन एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया सभा में उपस्थित निर्माण वालिया राहुल कुमार प्रजापति जी, जोगिंदर जी, जगपाल नोनिया जी, सोकिंदर नोनिया जी, चंद्रवीर जी, रविंद्र सैनी जी उपस्थित रहे।
युवक ने घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन किया
मंसूरपुर। अज्ञात कारणो के चलते एक युवक ने घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड गई। इस हादसे से घबराये परिजनो ने उक्त युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
सूत्रो के अनुसार क्षेत्र के निकटवर्ती गांव जौहरा निवासी उमेश पुत्र शिवप्रकाश शर्मा नामक युवक ने घर मे रखे घर मे हुई कहासुनी पर घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड गई। इस हादसे से घबराये परिजनो ने पडौसियो की मदद से उमेश को उपचार के लिए बेगरापुर मैडिकल कॉलेज भिजवाया।
भाजपा जिलाध्यक्ष को बधाई दी
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष के रूप में विजय शुक्ला ने आज अपना १ वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया दौरान उनके कार्यकाल में पार्टी को विभिन्न सफलताएं भी अर्जित करने का मौका मिला। तमाम लोगों ने उन्हें इसके लिए शुभकामनाएं दी हैं। विजय शुक्ला ने १ वर्ष पूर्व भारत भाजपा के जिला अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। इस दौरान उन्होंने केवल संगठन को मजबूत बनाया, बल्कि उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने यहां भूमि विकास बैंक के चुनाव में विजय हासिल की। इसके बाद हाल ही में एमएलसी चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक सफलता का श्रेय भी उनके हिस्से में जाता है। भाजपा के तमाम पदाधिकारियों ने इस सफलता पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। मीडिया प्रभारी अचिंत मित्तल ने कहा कि विजय शुक्ला के नेतृत्व पार्टी दिनोंदिन मजबूत हो रही है।
मुजफ्फरनगर में शौर्य दिवस मनाने को लेकर पुलिस से हुई झड़प, आतिशबाजी करके मनाया क्रांति सेना ने जश्न 
मुजफ्फरनगर। प्रकाश मार्किट में रविवार को क्रांति सेना द्वारा बाबरी मस्जिद ढांचे को तोड़े जाने की वर्षगांठ को आतिशबाजी कर शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया । इस मौके पर प्रशासन द्वारा भारी पुलिस बल लगाकर प्रकाश मार्किट से बाहर निकलने के रास्ते को बेरिकेडिग लगाकर रोक दिया गया था। जिसकी सूचना मिलने पर नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सदर व इंस्पेक्टर सिविल लाइन प्रकाश मार्केट स्थित क्रांति सेना कार्यालय पर पहुंचे और प्रदेश सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए कार्यक्रम न करने की अपील की। लेकिन क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने 6 दिसम्बर को परम्परागत कार्यक्रम मानते हुए कार्यक्रम करने की बात दोहराई और नारेबाजी करते हुए आतिश बाजी की गई। इस दौरान पुलिस से काफी देर तक धक्का मुक्की होती रही और क्रांति सैनिक आतिश बाजी करते रहे और प्रकाश मार्किट में मिष्ठान वितरण किया गया। महासचिव मनोज सैनी व प्रदेश उपाध्यक्ष डॉक्टर योगेंद शर्मा ने कहा कि 6 दिसम्बर 1992 के दिन हिन्दू समाज के योद्धाओं ने गुलामी के प्रतीक बाबरी ढांचे को गिराकर हिन्दुओं की ताकत दिखाई थी। इसीलिए 6 दिसम्बर का दिन कभी भुलाया नही जा सकता। लेकिन भगवान श्री राम का नाम लेकर सत्ता में आई भाजपा सरकार द्वारा शौर्य दिवस मनाए जाने पर रोक लगाना बहुत ही दुर्भाग्य पूर्ण है। जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी व नगर अध्यक्ष लोकेश सैनी ने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि अयोध्या श्री राम मंदिर आंदोलन में जितने भी हिदू वीरों ने अपनी शहादत दी है उन सभी को विशेष पुरुस्कार देते हुए उनके परिजनों को पेंशन दी जाए। साथ ही शहीद हुए कारसेवकों के नामों की सूची मंदिर के मुख्य प्रांगण में लगाई जाए और 6 दिसम्बर शौर्य दिवस को हर वर्ष राष्ट्रीय दिवस के रुप में मनाया जाए।
इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अनुज चौधरी, जिला महासचिव देवेंद्र चौहान, जिला उपाध्यक्ष अवनीश चौहान, संजय गोयल, अरविंद प्रजापति, आलोक अग्रवाल ,ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पेंद्र सैनी, नगर महासचिव अखिलेश पूरी, नगर संगठन मंत्री जॉनी पंडित, नगर उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, नगर मीडिया प्रभारी प्रदीप कोरी, क्षेत्र अध्यक्ष भुवन मिश्रा, नगर सचिव सुनील सैनी, शिव कुमार चौधरी अमित कश्यप अनुज सक्सेना, दीपक धीमान, बॉबी शर्मा, मोनू खटीक, अंकित मचल, यस सिंगल आदि उपस्थित रहे।
मुजफ्फरनगर में आम आदमी पार्टी से पुरकाजी विधानसभा के अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार के नेतृत्व में बैठक आयोजित
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी विधानसभा के अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार की अध्यक्षता में होटल में आम आदमी पार्टी की एक बैठक की गई। जिसमें जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहन त्यागी ने बताया कि आम आदमी पार्टी गांव सरवट, पचेंडा अलमासपुर एवं सुजडू क्षेत्र को नगर निगम में सम्मिलित करने के लिए एवं संसदीय क्षेत्र बिजनौर के पुनः परिसीमन के लिए जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रों की आबादी एवं क्षेत्रफल को देखते हुए विकास तब तक संभव नहीं सकता, जब तक यह ग्राम पंचायत में रहेंगे। अगर इन क्षेत्रों का विकास करना है तो इन्हें नगर निगम में सम्मिलित किया जाना अति आवश्यक है। साथ ही साथ गांव पीनना, दधेडू, शाहबुद्दीनपुर, रोहाना आदि जैसे क्षेत्रों की मुख्य सहभागिता मुजफ्फरनगर के संसदीय क्षेत्र में है इसीलिए आम आदमी पार्टी बिजनौर संसदीय क्षेत्र के परिसीमन में बदलाव के लिए जनता के पास जाएगी और जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
मुजफ्फरनगर में पति की मौत के बाद महिला व उसके बच्चे को ससुराल वालों ने घर से निकाला, लव मैरिज की थी
मुजफ्फरनगर। एक महिला को उसके पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया और अब वह अपने 9 साल के बेटे के साथ दरबदर घूम रही है। आज पूरा दिन वह अपने ससुराल के गेट पर खड़ी रही, लेकिन ससुराल वालों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया। इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन ससुराल वालों को दिल नहीं पसीजा और उन्होंने महिला को घर में प्रवेश नहीं करने दिया। जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सरकुलर रोड स्थित छोटूराम कॉलेज के सामने एक घर में पति की असायमिक मृत्यु हो जाने के कारण उसकी पत्नी और बच्चे को संभालना तो दूर, बल्कि उसे घर से ही निकाल दिया गया। पीडिघ्ता अपने अबोध बच्चे के साथ घर के बाहर ही खड़ी होकर न्याय की गुहार लगा रही है। पीडिघ्त महिला के अनुसार मकान उसके पति के नाम है और उसे अपने बच्चे के लिए रहने भर के लिए छत चाहिए, जो ससुराल वाले नही देना चाहते। पुलिस भी मौके पर पहुँची, लेकिन महिला अपनी ससुराल में नहीं पहुंच सकी। बताया जा रहा है कि दीपा नाम की महिला ने लगभग दस वर्ष पूर्व दूसरी बिरादरी के तरुण से लव मैरिज की थी। पिछले महीने उसके पति की मौत हो गई। इसके बाद महिला को उसके 9 साल के बच्चे के साथ ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया और उसे घर में घुसने नहीं दे रहे हैं। आज सर्कुलर रोड स्थित ससुराल में महिला पहुंची और उसने घर में घुसने की कोशिश की, लेकिन ससुराल वालों ने गेट नहीं खोला। इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा और पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन ससुराल वालों को दिल नहीं पसीजा और उन्होंने महिला को और उसके बच्चे को घर में घुसने नहीं दिया। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में कुछ लोग समझौता कराने के प्रयास में जुटे हुए थे।

