समाचार
डीएम सेल्वा ने किया बड़े बैनामे का भौतिक सत्यापन
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. द्वारा जनपद में राजस्व वसूली के मामलों के लिए बड़े बैनामों का स्थलीय भौतिक सत्यापन स्वयं किया जा रहा है। । गुरूवार को सवेरे ही उन्होंने जनपद के नजदीक एक गांव में पहुंचकर वहां पर भूमि के लिए कराये गये बड़े बैनामे की जांच पड़ताल की। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ भ्रमण करते हुए भूमि के संबंध में जानकारी एकत्र की। बता दें कि जनपद मुजफ्फरनगर में हुए बड़े बैनामों का प्रतिमाह भौतिक सत्यापन किया जाता है। इसके लिए ज्यादा अवसरों पर राजस्व विभाग की टीम ही औपचारिक सत्यापन का कार्य करती रही है, लेकिन राजस्व से जुड़े इस अहम मामले में जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. का रवैया भी सख्त है। वह स्वयं जिले में होने वाले बड़े बैनामों का भौतिक स्थलीय सत्यापन करने के लिए भ्रमण करती रही हैं। गुरूवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे. शहरी सीमा से सटे ग्राम शेरनगर में पहुंची। यहां पर पिछले दिनों एक भूमि के लिए बड़ा बैनामा कराया गया है।इसी बैनामा का भौतिक स्थलीय सत्यापन डीएम द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि इस महीने पांच बड़े बैनामों का जांच के लिए चुना गया था। इनमें से चार बैनामों का भौतिक स्थलीय सत्यापन किया जा चुका है। एक बैनामा शेष रह गया था। इसके लिए आज ग्राम शेरनगर में पहुंचकर बैनामा की गयी भूमि का भौतिक सत्यापन किया गया है।
उन्होंने मौके पर ही उनके साथ उपस्थित राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से भूमि के संबंध में तमाम जानकारी ली। वहां के सर्किल रेट आदि की जानकारी जुटाने के बाद वह लौट गयी।
चार शातिर अपराधी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। वांछित धरपकड़ अभियान में पुलिस के हत्थे चढ़े 4 शातिर किस्म अपराधी जिनके कब्जे से एक तमंचा 2 जिन्दा कारतूस 2 चाकू पुलिस ने किये बरामद।
एसएसपी अभिषेक यादव के आदेश पर चलाए जा रहे वांछित शातिर धरपकड़ अभियान के तहत नई मंडी थाना क्षेत्र के गांधी कॉलोनी चौकी इंचार्ज राकेश शर्मा ने महिला से छेड़ छाड़ के आरोप में फरार चल रहे अनिल कुमार को नसीरपुर रोड़ से गिफ्तार किया वही बझेडी फाटक के पास पुलिस चौकिंग के दौरान अलग अलग तीन शातिर किस्म के अपराधी पुलिस के हत्थे ओर चढ़े जिनके कब्जे से तलाशी के दौरान एक तमंचा दो जिन्दा कारतूस व दो चाकू पुलिस ने बरामद किये है पकड़े गए चारों आरोपियों को चौकी इंचार्ज गाँधी कॉलोनी राकेश शर्मा ने लिखा पढ़ी कर जेल भेज दिया है।
महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन
मुजफ्फरनगर। शाहपुर कन्या इण्टर कालेज शाहपुर में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत बालिका सुरक्षा एवं बाल तस्करी विषय पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।जिसमें विद्यालय में उपस्थित सभी छात्राओं ने भाग लिया तथा अपनी सुरक्षा, निडर निर्भीकता और आत्मसम्मान की रक्षा करने की शपथ ग्रहण की। प्रधानाचार्या उषा अस्थाना जी ने सभी छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि वे सदैव सजग रहे और अपने आस पास के माहौल पर नजर बनाए रखे यदि कुछ भी असहज या संदिग्ध लगे तो तुरंत महिला हेल्प नम्बर से सम्पर्क कर सहायता प्राप्त करे।गोष्ठी के सफल आयोजन में रिंकी रानी,आदेश,शिवानी अरोरा व अंजलि आदि का सहयोग रहा।
वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत राष्ट्रीय पोर्टिबिलिटी योजना के अन्तर्गत जनपद मुजफ्फरनगर के अतिरिक्त किसी अन्य जनपद अथवा प्रान्त में खाद्यान्न प्राप्त कर, योजना का लाभ ले सकता है
मुजफ्फरनगर। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वन नेषन वन राषन कार्ड योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अन्तर्गत चयनित समस्त लाभार्थी, राष्ट्रीय पोर्टेबिलिटी योजना का उपयोग करते हुए खाद्यान्न प्राप्त कर सकते है। उक्त योजना के अन्तर्गत विधिक राशन कार्डधारक अपने मूल निवास से सम्बन्धित जनपद अथवा प्रान्त के अतिरिक्त किसी भी अन्य जनपद अथवा प्रान्त से खाद्यान्न प्राप्त कर सकता है। उक्त वन नेशन वन राशन कार्ड योजना जनपद मुजफ्फरनगर में भी प्रभावी है एवं विधिक राशन कार्डधारक जनपद मुजफ्फरनगर के अतिरिक्त किसी अन्य जनपद अथवा प्रान्त से योजना का लाभ प्राप्त करते हुए खाद्यान्न प्राप्त कर सकते है। इसी प्रकार किसी अन्य जनपद अथवा प्रान्त का निवासी वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत जनपद मुजफ्फरनगर में खाद्यान्न प्राप्त कर योजना का लाभ उठा सकता है। उक्त योजना का लाभ प्राप्त करते हुए माह सितम्बर एवं अक्टूबर 2020 में हरियाणा निवासी द्वारा अपने राशन कार्ड संख्या 066003183560 पर ग्राम अलीपुर खुर्द, विकास खण्ड बघरा तहसील सदर के उचित दर विक्रेता श्री रविन्द्र कुमार से निर्धारित यूनिट के अनुसार खाद्यान्न प्राप्त किया गया, इसी प्रकार माह सितम्बर, 2020 में एक अन्य लाभार्थी, जोकि राजस्थान का निवासी है, के द्वारा अपने राशन कार्ड संख्या 107005803555 पर राष्ट्रीय पोर्टेबिलिटी सुविधा का उपभोग करते हुए ग्राम कसौली, विकास खण्ड चरथावल के उचित दर विक्रेता श्री कमलेश से निर्धारित यूनिट के अनुसार खाद्यान्न प्राप्त किया गया। ‘‘वन नेशन वन राशन कार्ड योजना’’ का लाभ प्राप्त करते हुए जनपद मुजफ्फरनगर के 12 निवासियों द्वारा माह अक्टूबर, 2020 में तथा 08 जनपदवासियों द्वारा माह नवम्बर, 2020 में प्रान्त हरियाणा से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ प्राप्त करते हुए गेहूँ व चावल प्राप्त किया गया है।
अतः उपरोक्तानुसार आम जनमानस को सूचित किया जाता है कि वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के अन्तर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित कोई भी विधिक राशन कार्डधारक, जोकि जनपद मुजफ्फरनगर के अतिरिक्त किसी अन्य जनपद अथवा प्रान्त का निवासी हो, जनपद मुजफ्फरनगर में खाद्यान्न प्राप्त कर सकता है। इसी प्रकार जनपद मुजफ्फरनगर का विधिक राशन कार्डधारक, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत राष्ट्रीय पोर्टिबिलिटी योजना के अन्तर्गत जनपद मुजफ्फरनगर के अतिरिक्त किसी अन्य जनपद अथवा प्रान्त में खाद्यान्न प्राप्त कर, योजना का लाभ ले सकता है।
विशाल भंडारे का आयोजन
मुजफ्फरनगर। काली नदी के तट पर स्थित मां श्री त्रिपुरा सुंदरी शक्तिपीठ मंदिर में आयोजित श्री महाकाल बटुक भैरवाष्टमी महोत्सव का विधिवत समापन हो गया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पंडित सचिन शर्मा ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि महाकाल बटुक भैरवाष्टमी महोत्सव में प्रतिदिन दैनिक पूजन, भैरव पूजन, रूद्राभिषेक, हवन यज्ञ के साथ पूर्ण आहूति और महाआरती का आयोजन किया गया। इसके अलावा स्वस्ति वाचन, ध्वजारोहण, मंडल पूजन, वेदी पूजन आदि भी सम्पन्न कराये गये। याज्ञिक आचार्य पं. शिवम शर्मा रहे। भंडारे के आयोजन में आये हुए अतिथियों का स्वागत पंडित कृष्णदत्त, सोनू शाडिल्य, अरूण शर्मा, संजय अग्रवाल आदि ने किया।
डेयरी और सीमेंट एजेंसी से हजारों का सामान चोरी
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में चोरी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन शहर और जनपद में चोरों का आतंक रहता है। रात को सिविल लाइन थानाक्षेत्र के नुमाइश कैम्प में चोरों ने जीने का दरवाजा तोड़कर डेयरी और सीमेंट एजेंसी से हजारों का सामान चोरी कर लिया। यहां चोरी की वारदात कैमरे में कैद हो गई। नुमाइश कैम्प में अशोक डूंगरा क्वीन डेयरी आइसक्रीम पार्लर के नाम से दुकान है। रात चोर छत के रास्ते से दुकान के जीने तक पहुँच गए और दरवाजा तोड़ दिया। चोरों ने डेयरी में रखी २० हजार की नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं चोरों ने वहाँ बैठकर आइसक्रीम खाई और बियर भी पी। इसके बाद चोरों ने बराबर में स्थित अरोरा सीमेंट एजेंसी के ताले तोड़कर हजारों की नकदी चोरी कर ली और फरार हो गए। सुबह चोरी का पता चलने पर मोहल्लेवासियों में रोष फैल गया। सूचना पाकर पहुँची पुलिस ने छानबीन की लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। चोर सीसीटीवी में कैद हो गए।
जन जागरूकता रैली का आयोजन 
बुढ़ाना। मिशन शक्ति सेकण्ड फेज (आज १० दिसंबर से आगामी १६ दिसम्बर २०२० तक) के तहत आज गुरुवार के दिन बाल श्रम, महिला, बाल तस्करी भिक्षावृत्ति जैसे गंभीर एवं संवेदनशील मुद्दों को लेकर बुढ़ाना के सामाजिक वरिष्ठ कार्यकर्ता डॉक्टर राजीव कुमार द्वारा एक जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिसे बुढ़ाना के पुलिस क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी, बुढ़ाना कस्बा इंचार्ज जयवीर सिंह, एंटी रोमियो स्क्वायड बुढ़ाना के प्रभारी देवा सिंह द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जन जागरूकता रैली महर्षि दयानन्द चौक से शुरू होकर चौधरी चरण सिंह तिराहे, तहसील बुढ़ाना, कांधला रोड और खंड विकास कार्यालय के सामने से होकर डीएवी इंटर कॉलेज के प्रांगण में संपन्न हुई। जनजागरूकता रैली में डीएवी इंटर कॉलेज बुढ़ाना के छात्रों ने प्रतिभाग किया। छात्रों ने बैनर, फ्लेक्स व तख्तियों पर लिखे संदेश के माध्यम से सभी को जागरूक करने का प्रयास किया। इस अवसर पर डॉक्टर राजीव कुमार द्वारा पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम, हैंडबिल्स और पैम्फलेट्स के माध्यम से जनजागरूकता की गई। कार्यक्रम में शामिल सभी छात्रों को कोविड-१९ से बचाव के लिए हाथों को सैनिटाइज कराया गया। फेस मास्क वितरित किए गए व सोशल डिस्टनसिंग का पालन किया गया। कार्यक्रम के अंत मे कालेज के प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह ने सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में राकेश सरोहा पीटीआई, जितेंद्र झा प्रवक्ता, शिवराज सिंह और नौशाद सलमानी आदि शामिल रहे।
आज मिलेगी निःशुल्क दवाईयां
मुजफ्फरनगर। नीमा मुजफ्फरनगर की शाखा की एक बैठक डा.सुरेन्द्र सिह रघुवंशी की अध्यक्षता एवं डा.शिमलेस कुमार के संचालन में डा.शिमलेस कुमार के आवास पर सांय 3 बजे सम्पन्न हुई जिसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि नीमा के सभी चिकित्सक/आयुष चिकित्सक दिनांक 11 दिसम्बर 2020 को जनहित में अपनी निःशुल्क सेवाए पूरे जोर शोर से प्रदान करेंगे और भारत सरकार आयुर्वेद के उत्थान व विकास के लिए जो कार्य कर रही है उसके लिए समस्त नीमा और आयुष चिकित्सक व आम जनता मुक्त्कंठ से केन्द्र दिनांक सरकार के कार्यो की पुरजोर से प्रशंसा एवं धन्यवाद ज्ञपित कर रहे है तथा सभी नीमा और आयुष चिकितसक अपनी कलाई,कन्धा तथा चैस्ट पर उक्त सभी नीमा और आयुष चिकित्सक अपनी कलाई,कन्धा तथा चैस्ट पर दिनांक को गुलाबी रीबन बांधेगें और प्रस्ताव में यह भी पासा किया गया कि प्रधानमंत्री भारत सरकार,आयुष मंत्री भारत सरकार,जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को इस सम्बन्ध में रजिस्टर्ड डाक से प्रेषित करेंगे। बैठक में डा.नीता सैनी,डा.प्रमोद कुमार शर्मा,डा.नीरज कश्यप, डा.ओंकार सिह राठी,डा.सत्यवीर सिह सैनी,डा.एस.एस.रघुवंशी,डा.एस.पी.एस.अहलावत, डा.मुकेश चन्द्र सैनी,डा.ब्रजपाल सिह सैनी,डा.महिपाल सिह आदि संगठन से जुडे पदाधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा एवं सम्मान तथा बालिका शिक्षा की शपथ ग्रहण की
मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत रोडवेज के समीप स्थित एस.डी.इंटर कॉलेज मे नारी शिक्षा,सुरक्षा एवं सम्मान तथा बालिका शिक्षा की शपथ ग्रहण की। उल्लेखनीय है कि जिला पुलिस प्रशासन के तत्वाधान मे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जनपदभर मे विभिन्न स्थानो पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी संदर्भ मे आज एस.डी.इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुदीप कुमार ने विद्यालय प्रांगण मे शिक्षको को बालिका सुरक्षा की शपथ दिलाई। जिसमें बालिका सुरक्षा की शपथ ग्रहण की। इस अवसर प प्रधानाचार्य सुदीप कुमार, पंकज ठाकुर,यशपाल सिंह,डा.राहुल कुशवाहा, अशोक सैनी,नरेनद्र कुमार,अनिल शर्मा आदि का पूर्ण सहयोग रहा।
विकास कार्यो में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगीः अंजु अग्रवाल
मुजफ्फरनगर। पालिकाध्यक्ष ने स्टाफ मीटिंग के दौरान बैठक मे मौजूद विभागाध्यक्षो व स्टाफकर्मियो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमति अंजू अग्रवाल ने नगरपालिका स्थित अपने कार्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान बैठक मे मौजूद सभी विभागो के अधिकारियो को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यो के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगा। उन्होने कहा कि सभी अपने कर्तव्य का निष्ठा पूर्वक निर्वहन करें। इस दौरान स्टैनो गोपाल त्यागी,कर अधिकारी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
आनलाइन आवेदन पत्रों को अग्रसारित करने की अन्तिम तिथि 14 दिसम्बरः सीडीओ
मुजफ्फरनगर। मुख्य विकास अधिकारी आलोक यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त जनपद के हाईस्कूल/इंटर कालेज/डिग्री/तकनीकी/व्यवसायिक/अन्य शैक्षिक संस्थानों एवं उनमें अध्ययनरत छात्र/छात्राओं पिछडी जाति पूर्वदशम (कक्षा ९-१०) एवं दशमोत्तर (कक्षा ११-१२ एवं अन्य दशमोत्तर कक्षाएं) छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत पुनः समय सारणी जारी की गयी है। पूर्वदशम छात्रवृत्ति हेतु छात्रों द्वारा आनलाइन आवेदन को सबमिट करने की अंतिम तिथि ०७ दिसम्बर तथा संस्था द्वारा छात्रों से प्राप्त आनलाइन आवेदन पत्रों को अग्रसारित करने की अन्तिम तिथि १४ दिसम्बर २०२० है। उन्होंने बताया कि दशमोत्तर छात्रवृत्ति हेतु छात्रों द्वारा आनलाईन करने की अन्तिम तिथि १५ दिसम्बर, छात्रों द्वारा आनलाइन आवेदन को सबमिट करने की अंतिम तिथि २२ दिसम्बर तथा संस्था द्वारा छात्रों से प्राप्त आनलाइन आवेदन पत्रों को अग्रसारित करने की अन्तिम तिथि २९ दिसम्बर २०२० है।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन पत्र शासन की वेबसाईट ैबीवसंतेपचण्नचण्हवअण्पद पर लॉगिन करके ऑनलाईन आवेदन आवेदन किया जायेगा। आवेदन पत्र मे सही-सही प्रविष्टियों को भरने का उत्तरदायित्व सम्बन्धित छात्र/छात्राओं का होगा। छात्रों द्वारा ऑनलाईन भरे गये आवेदन का फाईनल प्रिन्ट आउट लिया जायेगा। उक्त लिया गया प्रिन्ट आउट आवश्यक अभिलेखों सहित शिक्षण संस्था मे निर्धारित तिथि तक अनिवार्य रूप से छात्र द्वारा जमा किया जायेगा, जिसकी पावती (रसीद) शिक्षण संस्था द्वारा अभ्यार्थी को प्रदान की जायेगी। उन्होने कहा कि इस योजना की विस्तृत जानकारी कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, विकास भवन, मुजफ्फरनगर से प्राप्त की जा सकती है।
नारी शक्ति मिशन अभियान फिल्मी पर्दे पर दिखाया जाएगा
मुजफ्फरनगर। यूपी सरकार के नारी शक्ति मिशन अभियान को बहुत ही खूबसूरत तरीके से फिल्मी पर्दे पर दिखाया जाएगा। ये जानकारी फिल्म प्रोड्यूसर नसीम कुरैशी ने दी। उन्होंने यह भी बताया कि आत्मनिर्भर एक हिंदी शार्ट फिल्म है। जिसकी शूटिंग बुढ़ाना में १२ दिसंबर से शुरू होगी। इस फिल्म की कास्ट लगभग पूरी हो चुकी है। इस फिल्म में रवि दीवाना, चंद्रशेखर राजपूत, आशु सिमारिया, दीपक राजपूत, सारा खान, सुल्ताना मिर्जा, रईसुद्दीन अंसारी, मास्टर केवी, शारदा कुमारी, अख्तर कुरैशी, दिग्विजय सिंह, अकरम बच्चन, मीनाक्षी तेजियान, आंचल सैनी, ललिता कश्यप, राजकुमारी खोबिया, राधिका गुप्ता व अय्यूब भारती आदि हैं। नसीम कुरैशी ने बताया वे अब तक चोरों का राजा, प्रायश्चित व बेरवा बिरान फिल्म बना चुके हैं। आत्मनिर्भर उनकी चौथी फिल्म है। जिसे यूपी के मुख्यमंत्री से रिलीज कराने की योजना है।
फिल्म में एक गाना भी रखा गया है जो इजहार अहमद के द्वारा लिखा गया है। यूकेएफ इंटरटेनमेंट (रजि) के बैनर तले बन रही शार्ट फिल्म के डायरेक्टर जीशान अहमद, प्रोड्यूसर नसीम कुरैशी, को-प्रोड्यूसर ललिता कश्यप, कैमरामैन मोहित केएएसके, कास्टिंग डायरेक्टर दीपक राजपूत, संगीतकार रवि दीवाना, कोरियोग्राफर आंचल सैनी और मैनेजर सूफियान कुरैशी आदि हैं।
बंद के दौरान ट्रैक्टर से स्टंट, बाल बाल बचे एसओ और सीओ
मुजफ्फरनगर। कृषि कानूनों के विरोध में मंगलवार को भारत बंद के दौरान कुछ युवा किसानों ने लालूखेडी बस स्टैंड के पास ट्रैक्टर से स्टंट पर उपद्रव किया। पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किए तो ट्रैक्टर की गति बढ़ा दी, जिससे एसओ तितावी और सीओ फुगाना समेत कुछ पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। इंटरनेट मीडिया पर स्टंटबाजी का वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने छह अज्ञात किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ट्रैक्टर पर एक किसान संगठन का झंडा भी लगा है।
कृषि कानूनों के विरोध में किसान ट्रैक्टर लेकर सड़कों पर उतरे। इसी दौरान तितावी थाना क्षेत्र के लालूखेडी बस स्टैंड के पास कुछ युवा किसानों ने ट्रैक्टर से स्टंट करना शुरू कर दिया। एसओ तितावी कपिल देव ने रोकने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर की गति तेज कर दी। एक स्थान पर ही आगे-पीछे करते हुए पुलिसकर्मियों समेत वहां मौजूद लोगों की जान आफत में डाल दी। सीओ फुगाना राममोहन शर्मा और तितावी एसओ कपिल देव बार-बार रोकने का प्रयास करते दिख रहे हैं। युवक ट्रैक्टर की गति और तेज कर स्टंट करते हुए सभी पुलिसकर्मियों और मौजूद लोगों को तितर-बितर करते रहे। 22 सेकेंड के वीडियो में एसओ तितावी बाद में ट्रैक्टर के पिछले हिस्से पर चढ़ जाते हैं। बताया जाता है कि इसके बाद युवकों ने गति और बढ़ा दी, जिस पर एसओ तितावी ने कूदकर जान बचाई। युवक ट्रैक्टर लेकर भाग निकले।
तितावी क्षेत्र में आईपीसी की धारा १४७, २८९,२९० कि सुसंगत गंभीर धाराओं में ६ अज्ञात युवकों पर मुकदमा दर्ज हुआ है आरोपियों को पकड़ने के लिए क़ई टीमें गठित की गयी है।
दो पक्षों के बीच हुई संघर्ष, एक घायल
खतौली। दो पक्षों के बीच हुई संघर्ष की वारदात में एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर दौड़ी पुलिस ने घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया।
खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसी में सांझ ढलते ही किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। काफी देर तक चले तू-तू मैं-मैं और गाली-गलौच के दौर के बाद मारपीट शुरू हो गई। जिससे दोनों पक्षों के लोग सामने आ गए। दोनों पक्षों में चले लाठी डंडों की मार से एक व्यक्ति घायल हो गया। जिससे अफरातफरी मच गई। इसी बीच किसी ग्रामीण ने गांव भैंसी में हुई मारपीट के मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। जानकारी पाते ही सीओ आशीष प्रताप सिंह पुलिस फोर्स को साथ लेकर गांव में पहुंचे। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए घायल हुए ग्रामीण क़ो उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा हैं कि आपसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई हैं। पुलिस अभी मामले की जांच पडताल में लगी हुई हैं।
जबरदस्त कहानी, अदाकारी, संवाद अदायगी और झकझोरती फ़िल्म है ‘लफड़ा’
मुजफ्फरनगर। बहुप्रतीक्षित फिल्म लफड़ा आखिरकार यूट्यूब पर प्रदर्शित हुई और आते ही उसने दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ कहानी से ऐसा जोड़ा के कई लोग फिल्म देखकर भावुक ही नही हुए बल्कि कई तो रोने भी लगे।
फिल्म को लेकर आ रहे कमेंट में इसे आसानी से देखा समझा जा सकता है। जी हां! लफड़ा फिल्म का हरियाणवी-देहाती फिल्म धाकड़ वर्ल्ड प्रोडक्शन से जुड़े लोगों ने काफी प्रचार प्रसार किया था और कई मंत्रियों ने भी इसके पोस्टर को लांच किया था। यह फिल्म राजलक्ष्मी बैनर तले बनी और यूट्यूब के धाकड़ वर्ल्ड चौनल पर रिलीज की गई। फिल्म में धाकड़ छोरा उत्तर कुमार का हालांकि रोल कम है और वह मेहमान कलाकर के तौर पर दिखाई दिए परंतु फिल्म का ताना बाना उन्ही के इर्द गिर्द है हैं। अब तक प्रोडक्शन देखने वाले मोनू धनकड़ ने बहुत ही शानदार अभिनय किया है। उनके द्वारा की गई पागल की भूमिका बिल्कुल जीवंत है। उनके चेहरे के हाव भाव संवाद से दशक कई बार हिल जाता है। फिल्म में मुजफ्फरनगर के विकास बालियान एक बार फिर अपनी दमदार और धाकड़ पिता की भूमिका में अपने किरदार से न्याय करते नजर आए हैं। राजीव सिरोही ने एक कट्टर मुस्लिम जमालुद्दीन की भूमिका को जबरदस्त तरीके से जिया। उन्होंने जमालुद्दीन के किरदार को इस तरह उभरा के दर्शक सहभ से गए। सुरजीत सिरोही प्रिंसिपल के किरदार में जमे तो वही राजेंद्र कश्यप हमेशा की तरह दर्शकों को गुदगुदाने में कामयाब रहे। वही हीरो के दोस्त की भूमिका में दिखे अमित सहोता ने दिखा दिया कि वह अभिनय की दुनिया में बहुत आगे तक जाएंगे। वही रतन लाल जानू, रवि मलिक, शिवांक बालियान भी फ़िल्म में दिखाई दिये।
ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन की बैठक सम्पन्न
बुढ़ाना। ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन की एक आवश्यक बैठक आज गुरुवार की सुबह बुढ़ाना ब्लाक के गांव जौला में गुलरेज राजपूत (एडवोकेट) के आवास पर सम्पन्न हुई। जिसमें गांव के ही कारी जाबिर को गांव जौला का अध्यक्ष और मौहम्मद मुर्तुजा को प्रचार मंत्री बनाया गया। यहां पर पहुंचे एआईएमआईएम के नेता राशिद अजीम ने नये ग्राम अध्यक्ष कारी जाबिर को गांव की कार्यकारिणी को दस दिन के अंदर गठित करने के निर्देश दिए और कहा कि इस कार्यकारिणी के गठित होते ही उनको अवगत कराया जाये। यहां बुढ़ाना नगर अध्यक्ष रिहान जिया ने कहा कि आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहाद उल मुस्लिमीन को मजबूत बनाने का काम करें क्योंकि आने वाला कल आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहाद उल मुस्लिमीन का ही है। बैठक में कोरोना महामारी के चलते लगातार ८ महीने से स्कूल बंद रहने पर बच्चों के भविष्य को लेकर खूब चिंता व्यक्त की गई। इस संबंध में आगामी शनिवार के दिन उपजिलाधिकारी बुढ़ाना को ज्ञापन देने की बात तय की गई। इस मौके पर चांद सिद्दीकी, महबूब जौला, गुलरेज एडवोकेट, जीशान अहमद, दीपक राजपूत, मौहम्मद शाहबाज व मौहम्मद अहसान आदि उपस्थित रहे। इस बैठक की अध्यक्षता राशिद अजीम व संचालन जीशान ने किया। आगामी बैठक इसी माह में करने का निर्णय लिया गया।
कम नहीं हो रही लापरवाही, भीड़ की बढ़ रही आवाजाही
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस संक्रमण बढ़ता जा रहा है, लेकिन लोगों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही। बाजार तथा सड़कों पर शारीरिक दूरी के नियम तोड़े जा रहे हैं तथा कोविड-19 प्रोटोकोल का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। पुलिस मास्क न लगाने वालों का चालान कर रही है, लेकिन लोग जागरूक नहीं हो रहे। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते जिले में 90 मौत हो चुकी है। हजारों लोगों को कोरोना ने अपना शिकार बनाया है। हालांकि उपचार के बाद अधिकतर लोग स्वस्थ हुए, लेकिन लोगों को संक्रमित होता देख बहुत से लोगों ने सावधानी अपनाने का प्रयास नहीं किया। नतीजतन संक्रमण एक से दूसरे तथा दूसरे से तीसरे में फैलता रहा। आज हालात ये हैं कि स्वास्थ्य विभाग के लाख जागरूक करने के बावजूद सड़क तथा बाजार में लोगों की भारी भीड़ नजर आती है। शहर के भगत सिंह रोड, झांसी रानी रोड, एसडी मार्केट, नई मंडी क्षेत्र, नावल्टी चौक आदि क्षेत्रों में सुबह से लेकर सायं तक भीड़ देखी जा सकती है। भीड़ खरीदारी को निकलती है तो शारीरिक दूरी के सामान्य नियमों का भी पालन नहीं किया जाता। लोग चेहरे पर मास्क लगाना भी गंवारा नहीं करते। भीड़ में मास्क लगाने वालों की संख्या भी काफी सीमित ही रहती है। किसान आंदोलन के दौरान भीड़ ने कोविड-19 प्रोटोकाल का ख्याल तक नहीं किया। इस स्थिति को चिकित्सक काफी गंभीर मानते हैं और आशंका जता रहे हैं कि इससे संक्रमण दर बढ़ सकती है।
मास्क लगाएं तथा शारीरिक दूरी के नियम का पालन करें
सीएमओ डा. प्रवीण कुमार चोपड़ा का कहना है कि कोविड-19 प्रोटोकोल के तहत प्रत्येक स्थिति में शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करना है। एक-दूसरे से कम से कम छह फिट की दूरी बनाए रखना आवश्यक है। कहा कि चेहरे पर मास्क लगाना आवश्यक है। किसी भी चीज को छूने पर साबुन से अच्छी तरह से हाथ धोना तथा सैनिटाइज करना आवश्यक है।

