समाचार
बिजली गुल होने से मचा हाहाकार
मुजफ्फरनगर। बिजली गुल होने से शहर के कई मौहल्लो मे लोगो के सामने पानी की समस्या खडी हो गई। लोग पानी के लिए इधर-उधर बर्तन उठाये भटकते रहे। पालिका प्रशासन ने नागरिको की समस्या के दृष्टिगत कई मौहल्लो मे पानी का टेंक भेजा ताकि पानी की किल्लत से बचा जा सके।
नगर के मौहल्ला रामलीला टिल्ला, आबकारी, गउशाला व नयाबांस आदि मौहल्लो मे सुबह के वक्त बिजली गायब होने से बिजली पानी की समस्या बन गई। सुबह के वक्त सभी घरो मे बिजली पानी की जरूरत होती है। ऐसे मे बिजली पानी गायब होने से क्षेत्रिय नागरिको को काफी परेशानी उठानी पडी। पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने मामला संज्ञान मे आते ही उक्त क्षेत्रो मे पानी के टेंक भिजवाए ताकि लोगो की परेशानी दूर हो सके।
बीमारी के चलते ग्रामीण की मौत
मीरापुर। बीमारी के चलते एक ग्रामीण की मौत हो गई। इस दुखद खबर से गांव वालो मे शोक छा गया। जानकारी के अनुसार मीरापुर थाना क्षेत्र के समीपवर्ती गांव मुझेडा सादात निवासी समेदीन पिछले कुछ दिनो से काफी बीमार चल रहा था। जिसका बीमारी के चलते निधन हो गया। इस हादसे से परिजनो व ग्रामीणो मे शोक छा गया।
छपार के गांव दतियाना में शराब के ठेके पर लूट, फायरिंग कर बदमाश फरार, पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के दतियाना गांव में आज देर रात्रि में शराब के ठेके पर लूट की घटना को अंजाम देने का मामला प्रकाश में आया है। लूट का विरोध करने पर सेल्समैन का सिर भी फोड दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जांच में जुट गई। जानकारी के अनुसार थाना छपार क्षेत्र के गांव दतियाना में आज देर रात्रि में एक देसी शराब के ठेके पर सेल्समैन के सिर पर वार कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि रात्रि लगभग 10 बजे कुछ हथियारबंद बदमाशों ने दतियाना में देशी शराब के ठेके पर धावा बोल दिया और सेल्समैन को तमंचा दिखाकर आतंकित करते हुए गल्ले से नकदी लूट ली, जब सेल्समैन ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचे की बट सिर में मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोर मचाने पर बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए एक फायर झोंकने के बाद मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद घायल सेल्समैन ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर छपार पुलिस मौके पर पहुँची और घायल सेल्समैन से घटना की जानकारी ली और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने घायल सेल्समैन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया हैं।
पुलिस ने कई वांछितों को दबौचा
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने अलग अलग स्थानों से कई वांछितों को गिरफ्तार किया। थाना नई मण्डी पर नियुक्त उ0नि0 तपन जयंत द्वारा ें वांछित अभियुक्तों बिट्टू उर्फ शिवम् पुत्र गोपाल सौरभ पुत्र गोपाल निवासीगण ग्राम शेरनगर थाना नई मण्डी जनपद मुजफ्फरनगर को जानसठ फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे से गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना सिविल लाइन पर नियुक्त उ0नि0 शिवराज सिंह तौमर द्वारा वांछित अभियुक्तों राजेश पुत्र काशीराम, अंकित पुत्र राजेश निवासीगण मौहलला केशवपुरी थाना सिविल लाइन जनपद मुजफ्फरनगर को मौहलला केशवपुरी से गिरफ्तार किया। इसके अलावा थाना मन्सूरपुर पर नियुक्त निरीक्षक अपराध विजय बहादुर सिंह द्वारा वांछित अभियुक्तों राजन पुत्र राजपाल, तपसी पुत्र वेदप्रकाश निवासीगण ग्राम बेगराजपुर थाना मन्सुरपुर जनपद मुजफ्फरनगर को बेगराजपुर बस स्टैण्ड से गिरफ्तार किया गया।
शस्त्र सहित गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। थाना शाहपुर पर नियुक्त उ0नि0 वीरेन्द्र सिंह द्वारा वांछित अभियुक्तों बिजेन्द्र, हरेन्द्र पुत्रगण मानसिंह निवासीगण ग्राम शाहजुड्डी थाना शाहुपर जनपद मुजफ्फरनगर को ग्राम कसेरवा से ग्राम शाहजुड्डी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त बिजेन्द उपरोक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर को बरामद किया गया। इसके अलावा थाना भौराकलां पर नियुक्त व0उ0नि0 दिनेश कुमार द्वारा अभियुक्तों अक्षय पुत्र बाबूराम, मोहित पुत्र मनोज निवासीगण ग्राम अलावलपुर माजरा थाना भौरांकला जनपद मुजफ्फरनगर को जगंल सिसौली से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से 01-01 नाजायज चाकू को बरामद किये गये।
नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। थाना तितावी पर नियुक्त उ0नि0 रविन्द्र कसाना द्वारा अभियुक्त नीटू पुत्र सुरेश वाल्मीकि निवासी ग्राम हेदरनगर जलालपुर थाना तितावी जनपद मुजफ्फरनगर को मुकुन्दपुर झाल के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 05 किलो डोडा बरामद किया गया।
शादी समारोह में 25 लोग की जा सकेंगे
मुजफ्फरनगर। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि अपर मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ द्वारा निर्गत शासनादेश संख्या ८६३/२०२१-सीएक्स-३, गृह (गोपन) अनुभाग-३, लखनऊ दिनांक १८ मई २०२१ के अन्तर्गत कोरोना महामारी के संक्रमण की वर्तमान स्थिति के दृष्टिगत शादी समारोहों व अन्य आयोजनों में व्यक्तियों की उपस्थिति की संख्या निर्धारित करते हुए निर्देश जारी किए गए है।
अतः उक्त के अनुपालन में कोरोना महामारी संक्रमण की वर्तमान स्थिति के दृष्टिगत शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार जनपद मुजफ्फरनगर में शादी समारोहों व अन्य आयोजनों में व्यक्तियों की उपस्थिति निम्नवत शर्ता/प्रतिबन्धों के अनुसार रहेगी।
१- बन्द स्थानों अथवा खुले स्थानों पर एक समय में अधिकतम २५ आमंत्रित अतिथियों को मास्क की अनिवार्यता, सामाजिक दूरी, सेनेटाईजर का उपयोग एवं कोविड-१९ प्रोटोकॉल के अनुसार अन्य सावधानियों के साथ अनुमति होगी।
२- आयोजन/समारोह स्थलों पर आमंत्रित अतिथियों के बैठनें की व्यवस्था में सामाजिक दूरी के प्रोटोकाल का पूर्णतः अनुपालन किया जाएगा।
३- आयोजन/समारोह स्थलों पर शौचालयों में साफ-सफाई एवं सेनेटाइजेशन की समुचित व्यवस्था रखी जाएगी।
४- उपरोक्त शर्ता/प्रतिबन्धों के अनुपालन की पूर्ण जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
उपर्युक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इस कार्यालय द्वारा निर्गत पूर्व आदेशों में उल्लिखित अन्य प्रतिबन्ध/छूट यथावत रहेंगे।
बाबा चौधरी हरिकिशन मलिक के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकताः धर्मेन्द्र मलिक
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि गठवाला खाप के बाबा चौधरी हरिकिशन मलिक का निधन केवल मलिक गोत्र के लिए ही नहीं सर्व समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। चौधरी हरिकिशन मलिक का किसान आंदोलन में सहयोग को भुलाया नहीं जा सकता। खाप व्यवस्था को मजबूत करने और किसान आंदोलन को ऊंचाइयों तक ले जाने में उनका अतुलनीय योगदान है। चौधरी टिकैत साहब के समय किसान आंदोलन में अधिकतर किसान पंचायतों की अध्यक्षता चौधरी हरिकिशन मलिक ने ही की थी।
डीएम व एसएसपी ने जिला कारागार का निरीक्षण किया
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे एवं एसएसपी अभिषेक यादव द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। जिला कारागार में कोरोना वायरस (कोविड-१९) से बचाव हेतु की गयी सभी व्यवस्थाओं को चौक किया गया तथा जेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोरोना संक्रमण को लेकर पूरी सजगता बनाए रखें। पुरुष व महिला बैरकों का भी निरीक्षण किया गया तथा बंदियों से बात कर उनकी समस्याओं को सुना तथा निस्तारण हेतु जेल अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। डीएम व एसएसपी ने जिला कारागार में कोविड १९ के तहत सजा वाले बंदियों से मुलाकात की। १५ बंदियों को कोविड प्रोटोकोलो के तहत ०२ महीने की पेरोल पर रिहा किया जा रहा है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए, सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन में यह फैसला लिया गया है।
राजवाहे किनारे मिला युवक का शव
भोपा। राजवाहे के किनारे युवक का शव पडा देख दर्जनो ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणो ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के भोकरहेडी मार्ग पर राजवाहे की पटरी के किनारे करीब 26 वर्षीय युवक का शव लावारिस अवस्था मे पडा देख आसपास के खेतो मे काम कर रहे दर्जनो ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणो ने पुलिस को इसकी सूचना दी। क्षेत्र मे शव पडा होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा वहां मौजूद भीड की मदद से जब मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया तो मृतक की पहचान मोरना निवासी गौतम नामक युवक के रूप मे हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनो को हादसे की जानकारी दी। युवक की मौत की खबर से परिजनो मे कोहराम मच गया। परिजन तथा पडौसी ग्रामीण कुछ ही देर मे मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।
नगर मे सफाई अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। पालिकाध्यक्ष श्रीमति अंजू अग्रवाल के निर्देश पर कोविड-19 के मद्देनजर जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत नगर मे सफाई अभियान चल रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए नालो की सफाई का कार्य भी चल रहा है। इसी संदर्भ मे आज चेयरपर्सन श्रीमति अंजू अग्रवाल के निर्देश पर नगर के रूडकी रोड तथा सर्कूलर रोड आदि पर जेसीबी मशीन द्वारा नालो की सफाई का कार्य चल रहा है। पालिकाध्यक्ष का कहना है कि बरसात से पूर्व ही सभी नाली-नालो मे तलीझाड सफाई अभियान पूर्ण कराने के प्रयास जारी हैं।
श्मशान घाट व कब्रिस्तान के कर्मचारियों को संचालकों को पीपीई किट व सेनेटाइजर वितरित किये
मुजफ्फरनगर में जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे के दिशा निर्देशन में एसडीएम सदर दीपक कुमार द्वारा गांव व शहर क्षेत्र में स्थित श्मशान घाट व कब्रिस्तान में उनके संचालकों को पीपीई किट व सेनेटाइजर वितरित की गई। एसडीएम सदर दीपक कुमार ने बताया कि जब भी कोरोना से हुई मौत का कोई शव श्मशान घाट या कब्रिस्तान में आता है तो जानकारी मिली है कि बिना पीपीई किट पहने हुए उसका अंतिम संस्कार किया जाता है , यह बीमारी को बढ़ावा देता है इसलिए अब जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे के दिशा निर्देशन में कब्रिस्तान व श्मशान घाट संचालकों को पीपीएई दी गई है, अब जो भी अंतिम संस्कार करेगा वह पीपीई किट पहनकर करेगा, जिससे कोरोना की बीमारी ओर संक्रमण ना फेल सके।।
अस्पतालों द्वारा अवैध उगाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगीः कपिल देव
मुजफ्फरनगर। जिले में बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉक्टर कीर्ति गोस्वामी और मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चौहान के बीच हुई बहस बाजी के बाद धरने के ऐलान का समापन हुआ। इस प्रकरण में अहम भूमिका निभाते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने हिन्दू संघर्ष समिति के पदाधिकारियों प्रशासनिक अधिकारियों और मेडिकल कॉलेज के डॉ ठकराल को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर बुलाकर मध्यस्थता की। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अस्पतालों को दिए सख्त निर्देश किसी भी मरीज के तीमारदार से अच्छा व्यवहार रखें व कुछ अस्पतालों द्वारा अवैध उगाई की खबर पर भी संज्ञान लेते हुए मंत्री सख्त हुए । मुजफ्फरनगर में अस्पतालों द्वारा अवैध उगाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान मीटिंग में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह, सीओ सिटी कुलदीप सिंह, हिन्दू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पवार, संरक्षक सुभाष चौहान, अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय महासचिव अरुण प्रताप सिंह, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष देशराज चौहान, अर्चक पुरोहित संघ से पंडित बृज बिहारी अत्री और मेडिकल कॉलेज से डॉ ठकराल मौजूद रहे ।
मुजफ्फरनगर में दो कारों की जोरदार भिड़ंत, एक की मौत, कई घायल
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में आज दोपहर दो कारों के बीच हुई जबरदस्त भिडंत में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कईं अन्य घायल हो गए। घायलों को भोपा के अस्पताल से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक बहादराबाद हरिद्वार निवासी दीपक की मुजफ्फरनगर के गांव छछरपुर में 20 दिन पूर्व शादी हुई थी। गुरुवार सुबह दीपक अपने परिवार की ऋचा, वंदना, दिव्या, मोनिका आदि के साथ कार में सवार होकर छछरपुर जा रहे थे। बताया गया कि कार दीपक चला रहा था। वहीं, भोपा की ओर से कार में सवार होकर जानसठ के गांव मुझेड़ा निवासी समेद्दीन व आदिल बेलड़ा की ओर जा रहे थे। बेलड़ा व भोपा के बीच दोनों कारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें दोनों कारों में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को भोपा सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। दुर्घटना में घायलों को एम्बुलेन्स व पुलिस की डायल 112 द्वारा भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया था, जहां से सभी घायलों को जिला अस्घ्पताल रेफर कर दिया गया। जिसमें जानसठ क्षेत्र के मुझेड़ा निवासी समयदीन की रास्ते मे मौत हो गई। बाकी महिला पुरुष समेत कई लोगों का उपचार किया जा है। कुछ और घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
श्रद्धांजलि अर्पित की
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन रजि की एक वर्चुअल बैठक प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित की गई बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री विजय कश्यप, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुदेशा मलिक, एवं केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के भाई सत्येंद्र बालियान कुटबी प्रधान समेत उन समस्त लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जो कोरोना महामारी के दौरान काल के गर्त में समा गए। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल एवं नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि इस भयंकर महामारी के दौरान न जाने कितने परिवार बर्बाद हो गए और और कितने ही लोग काल के गर्त में समा गए हम केंद्र एवं प्रदेश सरकार से भी मांग करते हैं कि इस महामारी के दौरान जो परिवार के परिवार उजड़ गए हैं उनके बारे में भी कुछ सोचा जाए। वर्चुअल बैठक के दौरान सरदार बलविंदर सिंह,पवन वर्मा,प्रवीण जैन, तरुण मित्तल, शिव कुमार सिंघल, सुनील वर्मा उपस्थित रहे।
तेज बारिश से दो मकान गिरे
मुजफ्फरनगर। बेमौसम बारिश से अलग अलग स्थानो पर दो मकान गिर गए। गनीमत यह रही कि इस हादसे मे कोई हताहत नही हुआ। सूत्रो के अनुसार चरथावल क्षेत्र मे बारिश के कारण मकान की छत गिर जाने से एक युवक व युवती घायल हो गए। जिन्हे ग्रामीणो की मदद से बाहर निकाला। बताया जाता है कि तितावी क्षेत्र मे भी हादसे मे दो व्यक्ति घायल हो गए है। पुलिस ने इसकी जानकारी होने से इन्कार किया है।
फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने सादगी से मनाया जन्मदिन
बुढ़ाना। बीती देर रात बुढ़ाना कस्बे के मौहल्ला मिर्दगान में फल व्यवसायी सलीम कुरैशी के आवास पर मशहूर फिल्म स्टार नवाजुद्दीन सिद्दीकी का ४७वां जन्म दिन उनके मंझले भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी की मौजूदगी में दिल्ली से आई मॉडल अनुपमा सिंह राजपूत ने बड़ी सादगी से केक काटकर मनाया। इस दौरान यहां पर सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए एक दर्जन से भी कम लोग शामिल हुए। इस दौरान फिल्म स्टार नवाजुद्दीन सिद्दीकी के मंझले भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी ने मॉडल अनुपमा सिंह राजपूत का आने वाला पहला पंजाबी सोंग लांच किया। मॉडल अनुपमा सिंह राजपूत ने इस दौरान यहां मीडिया से बात करते हुए बताया कि ये उनका सौभाग्य है कि वे दुनिया के मशहूर फिल्म स्टार नवाजुद्दीन सिद्दीकी की सरजमीं बुढ़ाना आकर उनके सगे मंझले भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी के संग नवाजुद्दीन सिद्दीकी का बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। ये पल हमेशा यादगार रहेगा। यहां इस दौरान डायरेक्टर रिखम सोनी, सोंग के नायक अर्जुन टांक, मॉडल आंचल सिंह राजपूत, चौनल जी न्यूज इंडिया के सहारनपुर मंडल के प्रभारी नसीम कुरैशी, सूफियान कुरैशी, शायान, नवाब सिद्दीकी, शाहिद असलम, दीपक राजपूत, ज़ैद, अफनान कुरैशी मौजूद रहे। सभी ने मॉडल अनुपमा के साथ सेल्फी ली और फोटो खींचे।
239 बंदियों को रिहा किया
मुजफ्फरनगर। श्रीमती सलोनी रस्तोगी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर द्वारा अवगत कराया गया कि कोविड-१९ कोरोना महामारी के चलते संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा स्वतः संज्ञान लिये जाने पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी किये गये दिशा निर्देशों के अनुपालन में राजीव शर्मा, जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर के निर्देशानुसार २०.०५.२०२१ तक जिला कारागार मुजफ्फरनगर में निरूद्ध सात साल से कम अवधि की सजा पाये गये बन्दियों को दो माह तक की अन्तरिम जमानत पर कुल २३९ बन्दियों को रिहा किया जा चुका है। सचिव द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि अन्तरिम जमानत पर रिहा किये गये बन्दी निर्धारित समय सीमा के उपरान्त सम्बन्धित न्यायालय मे आत्म-सम्पर्ण करेगे, ऐसा न किये जाने की दशा में बन्दी द्वारा दिये गये शपथ पत्र के आधर पर उसके विरूद्ध कानूनी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
कोविड संक्रमण से स्वस्थ्य होने के 3 माह बाद लें टीका, धात्री माताएं भी ले सकती हैं टीका
मुजफ्फरनगर। कोविड संक्रमण से ठीक हुए लोगों को अब 3 महीने के बाद टीका दिया जाएगा. वहीं, ऐसे लोग जो टीके का पहला डोज लेने के बाद संक्रमित हुए हैं, उन्हें भी 3 महीने के बाद ही दूसरा डोज लेने की सलाह दी गयी है. कोविड टीकाकरण कार्यों और वैक्सीन के प्रभावों की निगरानी कर रहे नेशनल एक्पर्ट ग्रूप ऑन वैक्सीन एडमिनिस्ट्रेशन फॉर कोविड-19 की सलाह पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव राजेश कुमार ने इस संबंध में पत्र जारी कर जानकारी दी है. टीकाकरण की रणनीति तैयार करने में भी यह एक्पर्ट ग्रूप अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. कोविड आपदा को लेकर लगातार बदलते हालात तथा वैश्विक स्तर पर टीकाकरण से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा अनुभवों को देखते हुए नेशनल एक्सपर्ट ग्रूप ऑन वैक्सीन एडमिनिस्ट्रेशन फॉर कोविड-19 द्वारा यह सलाह दी गयी है.
धात्री माताएं भी ले सकती हैं टीका
स्तनपान कराने वाली यानी धात्री माताओं को कोविड टीकाकरण कराने को लेकर कई तरह की बातें की जा रही थी. सोशल मीडिया पर कोविड का टीका स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए घातक बताया जा रहा था. लेकिन एक्पर्ट ग्रूप के अनुसार सभी धात्री माताएं टीका ले सकती हैं.
गंभीर रूप से बीमार लोग 4 से 8 सप्ताह बाद ले सकते हैं टीका
पत्र में यह कहा गया है कि कोविड संक्रमित रोगियों को यदि एंटी सार्स 2 मोनोक्लोनल एंटीबॉडी दिया गया है तो ऐसे लोग अस्पताल से निकलने के 3 माह बाद टीका ले सकते हैं. साथ ही वैसे सभी लोग जो बीमार है और जिन्हें अस्पताल या आइसीयू देखभाल की जरूरत है, उन्हें कोविड का टीका 4 से 8 सप्ताह बाद तक लगाया जा सकता है.
14 दिन बाद कर सकते हैं रक्तदान
एक्सपर्ट ग्रूप ने कहा है कोई भी स्वस्थ्य व्यक्ति कोविड काल में रक्तदान कर सकता है. ऐसे लोग जिनका टीकाकरण हुआ है वे टीकाकरण के 14 दिन बाद रक्तदान कर सकते हैं. वैसे लोग जो कोविड संक्रमित हुए और फिर उनका आरटीपीसीआर निगेटिव आ गया है तो वे भी 14 दिन बाद रक्तदान कर सकते हैं. एक्सपर्ट ग्रूप ने कहा है स्तनपान कराने वाली महिला भी कोविड 19 टीकाकरण करा सकती है. साथ ही यह भी सलाह दी है कि कोविड टीकाकरण से पूर्व वैक्सीन लेने वाले लोगों के रैपिड एंटीजेन टेस्ट की जरूरत नहीं होती है.
प्रभावी तरीके से अनुपालन का निर्देश
मंत्रालय ने आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को इन सिफारिशों के अनुपालन को प्रभावी तरीके से सुनिश्चित कराने का आदेश दिया है. साथ ही इन सिफारिशों व जानकारियों को कोविड रोकथाम एवं टीकाकरण से संबंधित सेवा देने वाले लोगों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय भाषा का उपयोग करते हुए मीडिया के माध्यम से प्रचार प्रसार का आदेश दिया है. साथ ही सभी स्तर पर टीकाकरण कार्य में लगे लोगों को इस संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण भी मुहैया कराने की बात कही है।

