मिस्टर मोदी, आएं और हमारी बात सुनें: डेरेक ओ ब्रायन
तृणमूल सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने विपक्षी नेताओं के भाषण की क्लिप को पोस्ट करते हुए पीएम मोदी को विपक्ष की बात सुनने की चुनौती दी है।तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने रविवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर तीन मिनट का एक वीडियो पोस्ट किया।
इस वीडियो को पोस्ट करते हुए डेरेक ओ ब्रायन ने लिखा कि मिस्टर मोदी, आएं और हमारी बात सुनें। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, शिवसेना, राजद सहित कई विपक्षी दलों को टैग किया गया है। साथ ही इस वीडियो में विपक्षी दलों के सांसदों के भाषण को भी शामिल किया गया है।
https://twitter.com/derekobrienmp/status/1424208633127071749?ref_src=twsrc%5Etfw
विपक्षी सांसदों के हंगामे के चलते संसद का मानसून सत्र अबतक काफी हंगामेदार रहा है। विपक्षी सांसद पेगासस जासूसी के मुद्दे पर चर्चा करना चाहते हैं लेकिन सरकार इसके लिए तैयार नहीं है। साथ ही विपक्षी सांसद कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर भी अड़े हुए हैं। इसको लेकर विपक्ष के दोनों सदनों में रोज हंगामा हो रहा है। हालांकि सरकार इन हंगामे के बीच भी बिल पास करा रही है।
संसद के मानसून सत्र के पहले 13 दिनों में लोकसभा और राज्यसभा में 25 बिल पारित हो चुके हैं। इनमें से कई बिल बिना बहस के ही पास हो गए। विपक्षी सांसदों ने बिना बहस के बिल पास करने का भी विरोध किया। तेजी से बिल पास करने को लेकर तृणमूल सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने भाजपा सरकार पर निशाना भी साधा। डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि बीते दिनों में मोदी-शाह ने काफी तेजी दिखाई और हर बिल पर सात मिनट का औसत समय लगाते हुए करीब 12 विधेयक पारित कर दिए। कानून बना रहे हैं या पापड़ी-चाट! डेरेक ओ ब्रायन के इस बयान पर पीएम मोदी ने भी अपनी नाराजगी जताई थी।
