नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति जेएम बोलसोनारो ने 15 समझौतों पर हस्ताक्षर किए
नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति जेएम बोलसोनारो ने वार्ता की। दोनों देशों ने रक्षा, व्यापार व निवेश, वाणिज्य, कृषि, साइबर सुरक्षा, तेल व गैस, पशुपालन और जैव ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने को 15 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। वार्ता का मुख्य फोकस द्विपक्षीय व्यापार और निवेश बढ़ाने पर रहा क्योंकि दोनों ही देश इस समय वैश्विक आर्थिक मंदी से जूझ रहे हैं।
भारत और ब्राजील ने सामरिक संबंधों को बढ़ावा देने को एक कार्ययोजना पेश की। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ लड़ने को लेकर प्रतिबद्धता जताई। बैठक के बाद संयुक्त बयान जारी करते हुए पीएम मोदी ने कहा, बोलसोनेरो के दौरे ने भारत और ब्राजील के द्विपक्षीय संबंधों का नया अध्याय शुरू किया है।
भारत की आर्थिक वृद्धि में ब्राजील महत्वपूर्ण साझेदार है। दोनों देश विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर एकमत हैं। हमें विश्वास है कि इससे हमारे संबंध और मजबूत होंगे। 2023 दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों का प्लेटिनम जुबली वर्ष होगा। हमने सामरिक साझेदारी को सुदृढ़ करने को लेकर बड़ी कार्ययोजना तैयार की है।भारत और ब्राजील के बीच जैव ऊर्जा, पशुपालन, स्वास्थ्य, पारंपरिक औषधि, विज्ञान व प्रौद्योगिकी और संस्कृति जैसे विविध क्षेत्रों में हमारा सहयोग तेजी से आगे बढ़ेगा। हमने तय किया है कि हम सुरक्षा परिषद, संयुक्त राष्ट्र व अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में जरूरी सुधार के प्रयास करेंगे। हम रक्षा औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने के नए तरीकों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। रक्षा सहयोग में हम व्यापक दृष्टिकोण आधारित सहयोग चाहते हैं।’
राष्ट्रपति ब्राजील जेएम बोलसोनारो ‘हमने कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। हमारे इतिहास में हमने सबसे ज्यादा रिकॉर्ड हस्ताक्षर कर निश्चिततौर पर भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत किया है। दोनों देशों की अर्थव्यवस्था प्रासंगिक है। भारत और ब्राजील मिलकर इसमें शानदार प्रगति करेंगे।
जैव ऊर्जा में शोध को बढ़ावा देने को भारत में शीर्ष संस्थान स्थापित करने, तेल व प्राकृतिक गैस क्षेत्र, आपराधिक मामलों में आपसी कानूनी सहयोग, स्वास्थ्य एवं औषधि क्षेत्र में सहयोग, पारंपरिक औषधि व्यवस्था एवं होम्योपैथी क्षेत्र, 2020 से 2024 तक सांस्कृतिक आदान प्रदान कार्यक्रम, सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग, साइबर सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग, वैज्ञानिक एवं प्रौद्योगिकी सहयोग, भूगर्भ एवं खनिज संसाधन क्षेत्र में सहयोग, इंवेस्ट इंडिया और ब्राजील के कारोबार व निवेश प्रोत्साहन एजेंसी के बीच समझौता, पशुपालन व डेयरी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर भारत और ब्राजील ने हस्ताक्षर किए।

Awesome post! Keep up the great work! 🙂