NIA ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल के 6 सदस्यों के खिलाफ फाइल की चार्जशीट
NIA ने हरियाणा में एक वाहन से मई में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामदगी के मामले में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के 6 संदिग्ध आतंकवादियों के खिलाफ एक आरोपपत्र दाखिल किया है.
NIA के प्रवक्ता ने बताया कि आरोप पत्र में शामिल किए गए आरोपियों में आतंकी संगठन के पाकिस्तान में रहने वाले हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा भी शामिल है, जिसने भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में हथियार भेजे थे.
NIA अधिकारी ने कहा कि मामला शुरूआत में 5 मई को हरियाणा के मधुबन पुलिस थाने में गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था. बाद में,एनआईए ने 24 मई को मामले को फिर से दर्ज किया.
NIA ने कहा कि बरामद किए गए हथियारों की खेप एक कार में विशेष रूप से बनाई गई जगह में छिपा कर तेलंगाना के आदिलाबाद में पहुंचाई जानी थी.
प्रवक्ता ने बताया कि तलाशी के दौरान गुरप्रीत सिंह उर्फ ‘गोपी’, अमनदीप सिंह उर्फ दीपा, परमिंदर सिंह उर्फ पिंडर और भूपिंदर सिंह के पास से दो मैगजीन के साथ एक पिस्तौल, 31 कारतूस, तीन आईईडी और 1.30 लाख रुपये नकद बरामद किये गये थे.अधिकारी का कहना है कि गुरप्रीत, अमनदीप, परमिंदर सिंह, भूपिंदर और राजबीर पंजाब के निवासी हैं, जबकि रिंडा महाराष्ट्र का निवासी है.

