अलाव व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अलाव व्यवस्थाओं का लिया पालिकाध्यक्ष जायजा-अंसारी रोड पर जलभराव की समस्या भी जानी
मुजफ्फरनगर। पालिकाध्यक्ष ने नगर में अनेक स्थानों पर भ्रमण कर अलाव व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि दिन प्रतिदिन बढ़ती सर्दी व ठिठुरन के कारण पालिका प्रशासन द्वारा नागरिको ंको सर्दी से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर के विभिन्न स्थानों व चौराहों के समीप अलाव की व्यवस्था की गयी है। जिसके चलते बीती रात्रि पालिकाध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल ने विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर अलाव व्यवस्था का जायजा लिया इस दौरान उन्होंने मीनाक्षी चौक, शिवचौक के समीप रेलवे रोड तथा माल गोदाम रोड आदि अनेक स्थानों पर भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया व इस दौरान मौजूद पालिका अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
वहीं दूसरी ओर चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने अंसारी रोड पर जलभराव की समस्या को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान अंसारी रोड के व्यापारियों ने अवगत कराया कि सीवर व सडक निर्माण कार्य के कारण अंसारी रोड पर कुछ जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है जिस कारण व्यापारियों को काफी परेशानी हो रही है तथा जलभराव की समस्या के कारण उनकी दुकानदारी पर भी प्रभाव पड रहा है। पालिकाध्यक्ष ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करा दिया जायेगा। इस दौरान उनके साथ समाजसेवी इं. अशोक अग्रवाल, स्टेनो गोपाल त्यागी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. राठी आदि अधिकारी व सभासद मौजूद रहे।
