वैश्विक

बडी नटवरलाल: 25 स्कूलों में फर्जी नौकरी करने के मामले में अनामिका शुक्ला गिरफ्तार

कासगंज (श्यामा चरण पँवार की रिपोर्ट)। उत्तर प्रदेश के 25 जिलों में एक साथ ड्यूटी करने वाली साइंस टीचर अनामिका शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कासगंज पुलिस ने यह गिरफ्तारी शनिवार को की है।

दरअसल, अनामिका शुक्ला कासगंज के कस्तूरबा विद्यालय फरीदपुर में पूर्णकालिक रूप से सेवाएं दे रही थीं। शुक्रवार को बीएसए ने शिक्षिका के वेतन आहरण पर रोक लगाते हुए नोटिस जारी किया था।

जिसके बाद वो अपना इस्तीफा देने बीएसए दफ्तर के बाहर पहुंची, जहां से पुलिस ने उन्हें पकड़ा है। फिलहाल पुलिस अनामिका शुक्ला से पूछताछ कर रही है।

अनामिका शुक्ला को व्हाट्सएप पर मिला था नोटिस
साइंस की टीचर अनामिका शुक्ला का नाम इन दिनों खासा चर्चाओं में है। इसकी वजह है कि वो एक नहीं, बल्कि 25 स्कूलों में एक साथ ड्यूटी कर रही है। यही नहीं, वो 13 महीने की करीब 1 करोड़ की तनख्वाह भी ले चुकी है।

साइंस टीचर के इस कारनामे से हर कोई हैरान और परेशान है। वहीं, ऐसा मामला सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले में उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए थे।

जिसके बाद कासगंज जिले में भी अनामिका शुक्ला नाम की शिक्षिका की तलाश की गई तो कस्तूरबा विद्यालय में यह शिक्षिका पाई गई। एक दिन पूर्व शुक्रवार को बीएसए ने शिक्षिका के वेतन आहरण पर रोक लगाते हुए नोटिस जारी किया और व्हाट्सएप पर भेजा गया था।

सोरों पुलिस ने किया गिरफ्तार
शुक्रवार की शाम शिक्षिका ने इस नोटिस को देखा तो शनिवार सुबह को वो अपना इस्तीफा देने बीएसए दफ्तर के बाहर पहुंची। अपने साथ आए एक युवक के माध्यम से उसने इस्तीफा की प्रति बीएसए को भेजी।

जब युवक से शिक्षिका के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि अनामिका शुक्ला बाहर सड़क पर खड़ी हैं। इस पर बीएसए अंजली अग्रवाल ने सोरों पुलिस को मामले की जानकारी दी और कार्यालय के स्टाफ के माध्यम से घेराबंदी कर ली।

पुलिस ने तुरंत आकर शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया और सोरों कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी रिपुदमन सिंह ने बताया कि शिक्षिका अनामिका शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

इससे पूर्व महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरण आनंद ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया था कि मैनपुरी की निवासी अनामिका शुक्ला नामक टीचर की पोस्टिंग प्रयागराज, अंबेडकरनगर, अलीगढ़, सहारनपुर, बागपत सहित 25 जिलों के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) स्कूलों में पाई गई है। इन स्कूलों में टीचर्स की नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर होती है और हर महीने 30 हजार रुपए की तनख्वाह रहती है।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21209 posts and counting. See all posts by News-Desk

One thought on “बडी नटवरलाल: 25 स्कूलों में फर्जी नौकरी करने के मामले में अनामिका शुक्ला गिरफ्तार

  • Awesome contents. Thank you for publishing this awesome article.

    Reply

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eight − 5 =