मधुमक्खियों के हमले से खेत पर गए किशोर की मौत
खतौली। माता पिता के साथ खेत पर गए किशोर पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसको चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
किशोर की मौत से परिवार में मातम पसर गया। खतौली क्षेत्र के गांव मीरापुर खुर्द निवासी पुष्पेंद्र अपनी पत्नी तथा बेटे आदित्य (13) के साथ खेत पर गया था। खेत में गन्ने की पूली से पत्ति हटाते समय आदित्य पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया।
आदित्य चिल्लाया, लेकिन वहां से भाग नहीं सका। उसके शरीर पर मधुमक्खी चिपकी थीं, जिस कारण माता पिता भी पास आने में घबरा गए और शोर मचाने लगे।
इसके बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान भी मौके पर इकट्ठा हो गए। किसानों ने पत्ती जलाकर धुआं किया और मधुमक्खियों को भगाया, मगर तब तक आदित्य की हालत गंभीर हो गई थी।
इसके बाद आदित्य को लेकर परिजन निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे, वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
बाद में मृतक किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। खतौली कोतवाल संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कराई है।
