वैश्विक

तुर्की-श्रीलंका ने बंद किया भारत को प्याज आयात

प्याज अगले साल फरवरी तक लोगों को आंसू देने वाला है। नई फसल तभी तक बाजारों में पहुंच पाएगी। वहीं तुर्की और श्रीलंका ने भारत को झटका देते हुए प्याज के आयात को पूरी तरह से रोक दिया है। इस वजह से इन देशों से भी प्याज की खेप नहीं आ पाएगी। भारत द्वारा प्याज का आयात करने की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमतों में काफी इजाफा हो गया था।

इस वजह के चलते तुर्की ने प्याज के आयात पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। वहीं श्रीलंका ने कागजी कार्यवाही को बढ़ा दिया है, जिससे वहां से प्याज आ नहीं सकेगा। अब केवल अफगानिस्तान से ही देश में प्याज की आपूर्ति हो रही है। मुंबई के प्याज आयातक अजित शाह ने कहा कि विदेश से जो प्याज आ रहा है, उसकी कीमत 55 रुपये किलो है, लेकिन यह घरेलू बाजार में 65 रुपये प्रति किलो की दर से मिल रहा है। नवंबर में हुई बारिश की वजह से खरीफ सीजन में उगने वाली प्याज की फसल भी महाराष्ट्र और पड़ोसी राज्यों में खराब हो गए हैं।  

विदेश से 790 टन प्याज की पहली खेप भारत पहुंच गई है और सरकार ने दिल्ली व आंध्र प्रदेश में इसकी आपूर्ति शुरू हो गई है। उपभोक्ता मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि प्याज के बंदरगाह पर उतरने की लागत 57-60 रुपये किलो आई है। इसी लागत पर राज्यों को इसकी आपूर्ति की जाएगी।

अधिकारी के मुताबिक, दिसंबर के आखिर तक देश में करीब 12 हजार टन प्याज का आयात होने की उम्मीद है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एमएमटीसी ने अभी तक विभिन्न देशों के साथ 49,500 टन प्याज के आयात का अनुबंध किया है। इसमें से 290 टन और 500 टन की दो खेप मुंबई पहुंच चुकी है। इससे घरेलू आपूर्ति में मदद मिलेगी।

अधिकारी ने बताया कि हम राज्य सरकारों को यह प्याज बंदरगाह पर 57-60 रुपये प्रति किलोग्राम की लागत के आधार पर दे रहे हैं। आंध्र प्रदेश और दिल्ली ने प्याज की मांग की थी और दोनों राज्यों ने इसका उठाव भी शुरू कर दिया है। यह प्याज तुर्की, मिस्र और अफगानिस्तान से लाया गया है। गौरतलब है कि देश के कई प्रमुख शहरों में प्याज का खुदरा दाम 100 रुपये किलोग्राम तक पहुंच गया है|

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21260 posts and counting. See all posts by News-Desk