समाचार
दो को अवैध चाकू सहित गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों से दो को अवैध चाकू व छूरे सहित गिरफ्तार किया। थाना मन्सूरपुर पर नियुक्त उ0नि0 श्री शिवकुमार शर्मा मय हमराहिगण द्वारा अभियुक्त आशु पुत्र बेगराज निवासी मिल मन्सूरपुर थाना मन्सूरपुर जनपद मुजफ्फरनगर को रजवाहे की पुलिया से गिरफ्तार किया गया। अभियु्क्त के कब्जे से 01 नाजायज चाकू बरामद किया गया। इसके अलावा थाना मन्सूरपुर पर नियुक्त उ0नि0 बृहमजीत सिंह द्वारा अभियुक्त मनीष पुत्र रमेश निवासी नावला थाना मन्सूरपुर जनपद मुजफ्फरनगर को काली नदी पुल पुरवालियान से गिरफ्तार किया गया। अभियु्क्त के कब्जे से 01 नाजायज छुरा बरामद किया गया।
10 किलो गोमांश सहित दबौचा
भोपा। थाना भोपा पर नियुक्त उ0नि0 सुनील कुमार शर्मा द्वारा अभियुक्त वाजिद पुत्र छोटा निवासी कस्वा भोकरहेडी थाना भोपा जनपद मुजफ्फरनगर को कस्वा भोकरहेडी से गिरफ्तार किया गया। अभियु्क्त के कब्जे से 10 किलोग्राम गौमॉश, 1200 रूपये नकद बरामद किये गये।
मुजफ्फरनगर। थाना भौराकलां पर नियुक्त उ0नि0 हरीश चन्द्र द्वारा वांछित अभियुक्त कोहली उर्फ मोहित पुत्र रामनिवास निवासी ग्राम सिसौली थाना भौराकलां जनपद मुजफ्फरनगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया गया।
सैनिटाईज अभियान चलाया
मुज़फ्फरनगर। कोविड-१९ से बचाव हेतु जनपद में चल रहा है सेनेटजेशन अभियान, लगातार विभिन्न स्थानों को सैनिटाईज किया जा रहा है । एसएसपी अभिषेक यादव के आदेशानुसार अग्निशमन विभाग मुजफ्फरनगर द्वारा आज दिनांक १५.०५.२०२१ को शुक्रताल चौकी, कार्यालय क्षेत्राधिकारी भोपा, मोरना चौकी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना, थाना भोपा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखयाली, चौकी गांधीनगर, विश्वकर्मा चौक, कांधला रोड बुढ़ाना एवं अन्य सरकारी/गैर सरकारी भवन/स्थानों (जनपद मुजफ्फरनगर) को सैनिटाइज़ किया गया। सैनिटाइजेशन का यह कार्य नगर व देहात क्षेत्र,समस्त टाउन एरिया, एवं तहसीलों में निरंतर रूप से किया जा रहा है। मुजफ्फरनगर पुलिस कोरोना वायरस से लडने के लिये हर सम्भव प्रयास में कार्यरत है।
हार्ट क्लिनिक सेंटर पर हुई कार्रवाई, देवेंद्र सैनी, उनके भाई मनीष सैनी व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। डाक्टर देवेन्द्र सैनी के कोविड-19 अस्पताल प्रकरण आज हर किसी की जुबान पर चर्चा का विषय बना हुआ है। बीते दिन कोविड सैंटर प्रकरण मे हैरत की बात यह रही थी कि जिनका मरीज मरा,जिन्हे डाक्टर के भाई द्वारा पिस्टल दिखाने का आरोप है। उक्त लोगो के खिलाफ ही मामला दर्ज हो गया। बहरहाल अब इस प्रकरण मे काफी जददोजहद के बाद आरोपी चिकित्सक स्टाफकर्मी एवं 3-4 अन्य के खिलाफ शहर कोतवाली मे मुकदमा दर्ज हो गया है।
आर्यपुरी मोड स्थित कोविड सैंटर मे मरीज की मौत तथा स्वजन के साथ मारपीट,गालीगलौच व पिस्टल से फायरिंग तथा ईलाज के नाम पर अधिक फीस वसूलने जैसे विभिन्न आरोपों के चलते उक्त कोविड सैंटर अच्छी-खासी चर्चाओ मे आ गया। यह प्रकरण इतना तूल पकड गया कि आमजन की चर्चाओं मे शामिल हो गया। मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, विधायक प्रमोद उटवाल तथा भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला आदि ने पीडित परिवार को मदद का आश्वासन दिया। जिसके चलते शहर कोतवाली पुलिस नगर के दक्षिणी सिविल लाइन निवासी मनोज गुप्ता पुत्र स्व.नरेन्द्र गुप्ता की तहरीर पर आरोपित डा.देवेन्द्र सैनी, स्टाफकर्मी मनीष सैनी व अन्य स्टाफ के खिलाफ धारा 307 व 504 के तहत मुकदमा कायम कर मामले की जांच पडताल शुरू कर दी है। शहर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर मे मनोज गुप्ता ने बताया कि 12 मई 2021 को उसने अपने पिता नरेन्द्र गुप्ता पुत्र स्व.बारूमल को बालाजी चौक स्थित कोविड सैंटर पर बतौर कोविड मरीज भर्ती कराया था। मनोज गुप्ता का आरोप है कि उन्होने भर्ती कराते हुए 2 लाख रूपये काउन्टर पर नकद जमा किए थे और 7000 रूपये विजिट व कम्पलीटि ब्लड टेस्ट के जमा किए। मनोज गुप्ता का कहना है कि 13 मई को करीब 12 बजे अस्पताल से फोन आया कि तुरन्त अस्पताल चले आओ। जहां डाक्टर देवेन्द्र सैनी व उनके भाई मनीष सैनी ने बता कि उसके पिता की तबियत खराब है,बैन्टिलेटर पर लेना पडेगा। और 2 लाख रूपये की मांग की। जिससे वे घबरा गए और पैसो का इन्तजाम कर लाने का कहा। कि इसी बीच करीब 4 बजे उसके पिताजी का निधन हो गया। मनोज गुप्ता का कहना है कि जब उनके बेटे व भतीजे ने उन्हे पिताजी की मौत की सूचना दी तो वे भौचक्के रह गए।मनोज गुप्ता के लडके ने जब डा.साहब व उनके भाई से डेड बॉडी देने व इलाज के बिल,बेड,हैड टिफिट व इलाज की समरी बनाने को कहा। आरोप है कि अचानक वहां उपस्थित डा.साहब व उनके भाई मनीष सैनी झगडे नाराज हो गए। वे लोग जब बेसमेन्ट से बाहर निकलकर बाहर सडक पर आए तो पीछे पीछे 7-8 लोग जिनमे स्टाफ के लोग व डा.देवेन्द्र सैनी का भाई भी था निकलकर आये ओर फिर से उसके लडके की और फायर किया। तब तक वह भी अपने परिवार सहित मौके पर पहुंच गया। इस दौरान अच्छा-खासा हंगामा खडा हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गी,सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिह,सीओ सिटी कुलदीप कुमार आदि मौके पर पहुंचे। कोविड सेंटर प्रकरण मे मंत्री कपिलदेव अग्रवाल,विधायक प्रमोद उटवाल आदि के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली पुलिस ने मनोज गुप्ता पक्ष की और से मिली तहरीर के आधार पर आरोपित डा.देवेन्द्र सैनी, स्टाफ मनीष सैनी व अन्य के खिलाफ धारा 307 व 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच पडताल शुरू की। ?
शाहपुर में भीषण सडक हादसे में फल विक्रेता की मौत, दो गम्भीर घायल
शाहपुर। सडक हादसे मे फल विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे मे कार चालक व एक अन्य युवक भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलो को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। तथा मृतक के परिजनो को हादसे की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के बसी रोड पुलिया के समीप आज दोपहर के वक्त सडक किनारे खडे होकर फल बेच रहे गांव बसीकला निवासी युवक निजाम पुत्र लतीफ की कार की चपेट मे आ जाने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे मे कार चालक सुनील पुत्र दरियावसिह व खतौली निवासी युवक शाहनजर घायल हो गया। उधर से जा रहे ग्रामीणो ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सडक हादसे मे युवक की मौत की खबर से पुलिस मे हडकम्प मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायलो को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाने के साथ मृतक के परिजनो को इसकी सूचना दी। युवक निजाम की मौत की खबर से परिवारजनो मे कोहराम मच गया। परिजन तथा कुछ अन्य ग्रामीण तुरन्त ही घटना स्थल पर पहुंचे। उनके मौके पर पहुंचने से पूर्व ही पुलिस ने घायल सुनील व शाहनजर को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने ग्रामीणो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। ईद जैसे बडे त्यौहार से ठीक अगले दिन युवक की मौत से ग्रामीणो मे शोक छा गया।
उपचार के दौरान मौत
मुजफ्फरनगर। कोरोना से पीडित युवक की हरियाणा के यमुनानगर स्थित एक निजी अस्पताल मे उपचार के दौरान मौत हो गयी। युवक की मौत से परिवारजनो मे कोहराम मच गया। सूत्रो के अनुसार नई मन्डी थाना क्षेत्र की गांधी कालोनी स्थित गली नम्बर 11 निवासी करीब 30 वर्षीय युवक की यमुनानगर मे उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दुखद खबर से परिवारजनो मे शोक छा गया है।
दो पक्षो में हुई मारपीट
मुजफ्फरनगर। दो पक्षो के बीच हुई आपसी कहासुनी मारपीट मे तब्दील हो गई। आपसी झगडे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गई। सूत्रो के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला खालापार मे आज दोपहर के वक्त दो पडौसियो के बीच हुई आपसी कहासुनी गाली-गलौच के बाद मारपीट मे तब्दील हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड को तितर बितर किया तथा मामले की छानबीन शुरू की।
राज्यमंत्री ने कोविड कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कलक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में प्रशासन द्वारा बनाये गए कोविड कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। दोपहर के समय मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने जिला चिकित्सालय स्थित आयुष विभाग का निरीक्षण किया एवं सीएमओ कार्यालय से शासन द्वारा भेजी गयी तीन नई एम्बुलैंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया इसके पश्चात उन्होंने कचहरी स्थित कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान सीडीओ आलोक यादव, एडीएम अमित कुमार, सीएमओ आदि मौजूद रहे।
शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक रूप से मजबूत बनाने के लिए योग जरूरी
मुजफ्फरनगर। कोरोना काल में योग साधना केंद्र बन्द है ऐसे में योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य ने लोगों को शारीरिक ,मानसिक व बौद्धिक रूप से मजबूत बनाने व उनका आत्मबल बढ़ाने के लिए ऑनलाइन योग कक्षा के द्वारा स्वास्थ्य लाभ दे रहे है।
इस कठिन दोर में योगासन,प्राणायाम व ध्यान ही हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर हमें निरोग और स्वस्थ रख सकते हैं।जब शरीर में रोग से लड़ने की क्षमता बनी रहती है तो कोई भी बाहरी विषाणु या वायरस हमें हानि नहीं पहुँचा सकता।यह एक मूलभूत सिद्धांत है कि हमेशा कमजोर प्राणी को ही सताया जाता है ।शक्तिशाली से सभी डरते हैं।योगासन के साथ साथ यदि परिवार में दैनिक यज्ञ किया जाए तो यज्ञ के द्वारा भी बिमारी के ९६प्रतिशत विषाणु नष्ट हो जाते हैं।यज्ञ और योग भारतीय संस्कृति के प्राण है।उन्होंने बताया कि इस कोरोना महामारी से बचाव के लिए सावधानी बहुत जरूरी है।घर में ही रहे ।अत्यधिक आवश्यक हो तभी घर से बाहर निकले और मास्क का प्रयोग करे ।यदि किसी व्यक्ति को लगे कि उसे बुखार ,खांसी या अन्य कोई लक्षण है तो लापरवाही न बरतें तुरंत जांच कराए और डाक्टर से इलाज कराएँ।अक्सर यह देखा गया है कि लोग कोरोना होने पर भी लापरवाही बरतते है और फिर जब बात कब्जे से बाहर हो जाती है तब इलाज कराने के लिए जाते हैं।अगर समय रहते इलाज मिल जाता है तो लोग अधिक संख्या में ठीक भी हो रहे हैं ।इसमें घबराहट की आवश्यकता नहीं है।अतः मेरा सभी नगर वासियो से निवेदन है कि अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए नियमित रूप से यज्ञ और योग करे तथा स्वस्थ रहें और मस्त रहे।उन्होंने बताया कि कोरोना काल में साधक एवं साधिकाएं तो योग कक्षाओ में आने स्वतः ही बन्द हो गये तब मैं और मेरी पत्नी श्रीमती मुनेश देवी व बेटा अंकुर मान तीनों प्रतिदिन नियमित रूप से योगासन,प्राणायाम और ध्यान करते है और तत्पश्चात उत्तम सामग्री और गांय के घी से वैदिक मंत्रों से दैनिक यज्ञ करते है ।ईश्वर कृपा से स्वस्थ है।इसी कड़ी में सभी को लाभान्वित करने के लिए निःशुल्क ऑनलाइन योग कक्षा की शुरुआत मुजफ्फरनगर में की जा रही है।इच्छुक व्यक्ति सम्पर्क करके लाभान्वित हो सकते हैं।
कोविड-19 वैक्सीन लगावाई
मुजफ्फरनगर। कोविड महामारी के बढते प्रभाव एवं जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत आज जनपदभर मे विभिन्न ब्लॉको के 13 वैक्सीनेशन स्थल पर 45 वर्ष अथवा अधिक आयु के व्यक्तियो को कोविड-19 वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार नगर क्षेत्र मे जिला पुरूष चिकित्सालय मे को-वैक्सीन, जिला महिला चिकित्सालय मे कोविशील्ड, सदर क्षेत्र मे सी.एच.सी. मखियाली, मोरना सी.एच.सी., बुढाना क्षेत्र की सी.एच.सी.मोहम्मदपुर रायसिह, शाहपुर सी.एच.सी., शाहपुर की सिसौली सी.एच.सी,बघरा ब्लॉक मे लालूखेडी पी.एच.सी, पुरकाजी एच.डब्लू.सी.छपार, चरथावल सी.एच.सी., चरथावल की बिरालसी सी.एच.सी पर कोविशील्ड की प्रथम एवं द्वितिय डोज लगाई गई। सीएमओ व अन्य स्वास्थ्य अधिकारियो ने कोविड-19 वैक्सीन की व्यवस्थाओ का जायजा लेते हुए निर्देशित किया।
सघन चैकिंग अभियान चलाया
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक यादव महोदय के आदेशानुसार जनपद में लागू लॉकडाउन के अनुपालनार्थ जनपद में सभी अधिकारीगण/कर्म० गणों द्वारा अपने-२ थाना क्षेत्रों में सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अनुपालन में सभी थाना क्षेत्रों में वाहनों से आते-जाते व्यक्तियों को रूकवा कर उनके आने-जाने का कारण पूछते हुए सख्त चेकिंग की जा रही है तथा सभी को हिदायत दी जा रही है कि बिना मेडिकल इमरजेंसी या महत्वपूर्ण कार्य के अलावा अनावशयक बाहर न घूमें तथा कोरोना वायरस के दृष्टिगत जारी गाइड लाइन का पूर्णतः पालन करें अन्यथा आपके विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी। हमारा सुरक्षा का प्रयास ही बचाव का रास्ता है।
लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण ने कहर मचा रखा है। यह संक्रमण, संक्रमित सतह, दरवाजा, वाहन को छूने, एक से दूसरे व्यक्ति में तेजी से फैल रहा है। कोरोना की दूसरी लहर पहले से ज्यादा लोगों को प्रभावित कर रही है। इसे मात देने के लिए लॉकडाउन में बने नियमों का कड़ाई से खुद पालन करना, डबल मास्क लगाना और शारीरिक दूरी बनाने की अधिक जरूरत है। वहीं, कोविड होने पर रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने पर भी ध्यान देने की जरूरत है। कुछ भी समस्या होने पर चिकित्सक की राय भी घर बैठे जरूर लें। जिला अस्पताल में तैनात एमबीबीएस चिकित्सक डा. आरती नंदनवार का कहना है कि घर व बाहर, आपस में शारीरिक दूरी बनाए रखना, मुंह पर डबल मास्क रखना ही काफी नहीं, मास्क को एंटीसैप्टिक गर्म पानी में भिगोने, बाहर से लौटने पर सभी कपड़ों व सामान आदि को सैनिटाइज करने की अधिक जरूरत है। उनका कहना है कि कोरोना संक्रमण में फेफड़े खराब हो जाते हैं, जिससे सांस लेने में परेशानी होती है। ऐसे में बुखार, सूखी खांसी, सांस में दिक्कत होने पर खुद को परिवार से अलग कर लें। अस्पताल और चिकित्सक सीमित हैं, इसका ध्यान रख स्वयं का बचाव पहले से कर के रखें। इस समय चल रही स्थिति में कोरोना से बचने को लाकडाउन का पूरा पालन करें। शारीरिक दूरी बनाकर ही एक-दूसरे से अधिक आवश्यकता पड़ने पर मिलें। नोटों के आदान-प्रदान में सतर्कता बरतें। हाथों को बार-बार २० सेकेंड तक धोएं, मुंह पर हाथ न लगाएं। गंभीर रोगी ही अस्पताल जाएं। सामान्य मरीज फोन पर चिकित्सक की सलाह लें। इन नियमों का पालन करने से ही कोरोना से बचा जा सकता है। ठंडे पानी से परहेज कर लें और गर्म पानी दिन में कई बार पीया जाए।
मंदिर में हवन-पूजन कर विश्व शांति की कामना की
मुजफ्फरनगर। चरथावल के दूधली गांव में कोरोना महामारी से निजात के लिए विश्व हिदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मंदिर में हवन-पूजन कर विश्व शांति की कामना की और पूरे गांव में हवन के धुएं से धूनी दी। दूधली गांव में विश्व हिदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जाहरवीर गोगाजी के मंदिर में विधि-विधान के साथ हवन-पूजन किया। आचार्य रवींद्र कुमार ने बताया कि सनातन धर्म में हवन-पूजन करने से अनेक बीमारियों को दूर किया जा सकता है। हवन के धुएं से वातावरण में फैले कीटाणु नष्ट हो जाते हैं और गंभीर बीमारी से छुटकारा मिलता है। उन्होंने बताया कि प्राचीन काल में भी सभी लोग घर में प्रतिदिन हवन-पूजन करते थे। कलियुग में लोगों की आस्था हवन-पूजन में कम हो रही है, जिसके कारण देश में भयंकर बीमारी पनप रही है। महामारी से बचाव के लिए हवन-पूजन करना चाहिए। इस मौके पर रवींद्र कुमार, सोहनवीर सिंह, आनंद कुमार, मोहित कुमार, विशू, नरेश कुमार, जगपाल, भानू, सोनू कुमार, अमित कुमार, सूरज कुमार, कोशिंद्र, अनुज कुमार, गोरधन, अभिनव सिंह, भगत सिंह, अंकित कुमार, सनी व विक्रांत कुमार आदि का सहयोग रहा।
लापरवाह लोगों को कानून का पाठ पढाया
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक यादव के नक्शे कदम पर चलने वाले शहर कोतवाली क्षेत्र के रोहाना चौकी प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा दिन निकलते ही व शाम ढलते ही रोहाना क्षेत्र क्षेत्र में लॉकडाउन का पालन कराने किसी भी समय अपनी पूरी टीम को लेकर ताबड़तोड़ कार्रवाई के लिए निकल जाते हैं कानून का पाठ पढ़ाते हुए बिगर माक्स बीगर हेलमेट लॉक डाउन का पालन नहीं करते हुए लोगों पर जबरदस्त कार्रवाई वह चालान काटते हैं रोहाना क्षेत्र में आज लगभग दो दर्जन चालान काटे वाहन सीज किए सभी लोगों से अपील की लॉक डाउन का पालन करें बेवजह घर से बाहर ना निकले जो भी बेवजह घर से बाहर निकलेगा उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी रोहाना चौकी प्रभारी अपनी पूरी टीम को लेकर दिन रात सुरक्षा कवच बन कर खड़े हैं सभी से अपील कर रहे हैं कोरोनावायरस जैसी महामारी से बचें दूसरों को भी बचाएं कोई भी लॉक डाउन का पालन नहीं करेगा उस पर जबरदस्त कार्रवाई की जाएगी सुबह सवेरे ही लॉक डाउन का पालन कराने निकल जाता है रोहाना चौकी प्रभारी क्षेत्र में उनकी भूरी भूरी प्रशंसा की जा रही है।
किसान मसीहा बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की 10वीं पुण्यतिथि पर सिसौली में सादगी से हुआ हवन-यज्ञ
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक अध्यक्ष व किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की १०वीं पुण्यतिथि पर आज उन्हें सिसौली में किसान भवन पर टिकैत परिवार ने हवन यज्ञ कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कोरोना महामारी के कारण इस बार किसानों को सिसौली आने से मना कर दिया गया था। उल्लेखनीय है कि चौ. महेंद्र सिंह टिकैत का जन्म ६ अक्टूबर १९३५ को हुआ था व १५ मई २०११ को इस दुनिया को चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने अलविदा कह दिया था।
उत्तर प्रदेश के किसान नेता तथा भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत करीब २५ सालों तक किसानों की समस्याओं के लिए संघर्षरत थे। किसानों के बीच उनकी साख का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनकी एक आवाज पर लाखों किसानों की भीड़ इकठ्ठा हो जाती थी। मुख्यधारा की राजनीति से खुद को अलग रखकर टिकैत ने किसानों के लिए जो किया वो एक मिसाल है।
जिला पंचायत सदस्य ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहाना का निरीक्षण किया
मुजफ्फरनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहाना के डॉक्टरों से जानकारी लेते जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कुमार व रोहाना बीजेपी मंडल अध्यक्ष अशोक धीमान आखलौर ग्राम प्रधान देव भूषण बारीकी से किया निरीक्षण जानकारी से संतुष्ट मिले। नवनियुक्त जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कुमार, बीजेपी रोहाना मंडल अध्यक्ष अशोक धीमान, आखलौर ग्राम प्रधान देव भूषण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहाना में अचानक से पहुंचे तो स्टाफ ने देखते ही हड़कंप मच गया। जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कुमार ने हॉस्पिटल का निरीक्षण किया साफ सफाई की व्यवस्था देखी वहां के स्टाफ से जानकारी ली कितना स्टाफ है यहां पर हॉस्पिटल प्रभारी की इमरजेंसी ड्यूटी चरथावल होने के कारण फार्मेसिस्ट राजेश शर्मा ने जानकारी दी थी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी की ड्यूटी इमरजेंसी कोविड-१९ मे चरथावल लगी हुई है जिसे सभी प्रकार की जानकारी सही पाई गई है और कोरोनावायरस जैसी महामारी से बचने के लिए कहा कि आप भी अपने ध्यान रखें और सभी को सलाह दे की घर से बाहर ना निकले केवल आवश्यक काम के लिए ही घर से बाहर निकले बार बार साबुन से हाथ साफ करें पूरे हॉस्पिटल आस-पास सैनिटाइज कराएं विशेष सफाई का ध्यान रखें बाहर से आए मरीजों को समझाएं।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा लगातार सेवा में अग्रसर
मुजफ्फरनगर। गुरुद्वारा साहिब के सेवादारों द्वारा कोविड पॉजिटिव घरों में,अस्पतालों के बाहर मरीजों को तीमारदार,जरूरतमंदों के लिए लगातार भोजन की व्यवस्था की जा रही है महामारी के इस दौर में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी मुजफ्फरनगर एवं सारा सिख समाज हर तरह से सहयोग करने के लिए आगे आ रहा है एवं गुरुद्वारा साहिब मे अरदास करके जरूरतमंदों तक लंगर की व्यवस्था लगातार जारी है.. गुरुद्वारा प्रधान सरदार गुरचरण सिंह बराड़, महासचिव सरदार देवेंद्र सिंह नागपाल के नेतृत्व में सरदार कप्तान सिंह नागपाल, सरदार जितेंद्र पाल सिंह, सरदार देवेंद्र सिंह, सरदार वरुणजीत सिंह, आदि सभी सेवादारों का लगातार सहयोग से लंगर व्यवस्था बनाने से लेकर पहुंचाने तक का योगदान प्राप्त हो रहा है
डाक्टर कर रहे गरीब लोगों की सेवा
मुजफ्फरनगर। कोरोना आपदा के इस विषम समय में जहाँ तरह-तरह की दिल दहला देने वाली खबरे आ रही हैं, किसी गरीब की समय पर इलाज न मिलने पर जान जा रही है। वहीं पर मुज़फ्फरनगर शहर में एक डॉक्टर ऐसे भी हैं जो इस आपदा के समय में लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं।
डॉ अमित सिंह ने बताया कि जब उन्होंने देखा कि मुज़फ्फरनगर कैमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एवं नामित सदस्य स्वास्थ्य विभाग सुभाष चौहान दिन रात इस आपदा के समय में केमिस्टों के माध्यम से व अपने माध्यम से जनपद वासियों की सेवा में लगे हुए हैं तो क्यों न हमे भी इस आपदा के समय में लोगों की मदद करनी चाहिए। डॉ अमित सिंह ने कहा है कि वह भारत हॉस्पिटल, अलमासपुर पर कोरोना काल में अति गरीब व्यक्ति को बिल्कुल निःशुल्कएवं सामान्य गरीब व्यक्ति का आधी फीस में उपचार करेंगे। डॉ अमित सिंह ने कहा है कि इस कोरोना काल में पुलिस कर्मी एवं पत्रकार भाई अपनी जान की प्रवाह न करते हुए जनता की निरंतर सेवा करने में लगे हुए हैं।इसलिए इन लोगों को इस कोरोना काल में डॉ अमित सिंह निःशुल्क देखेंगे। इस अवसर पर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्षएवं नामित सदस्य स्वास्थ्य विभाग सुभाष चौहान डॉ अमित सिंह का इस अभूतपूर्व सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।एवं जनपद के अन्य लोगों से भी अपील की है कि जिससे जो भी हो सके इस कोरोना महामारी के समय में सहयोग करे।इस अवसर पर अरूण प्रताप सिंह भी भारत हॉस्पिटल पर उपस्थित रहे। डॉ अमित सिंह की इस पहल की जनपद में तारीफ हो रही है। सभी लोगों ने उनकी इस पहल को सराहा है।
जरूरतमंद लोगों की सेवा की
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन रजि के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल एवं नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी के सानिध्य में संगठन के जिला युवा उपाध्यक्ष राहुल गोयल द्वारा आमजन एवं असहाय व्यक्ति की सेवार्थ काढ़े के १०० पैकेट वितरण के लिए सेवा भारती को दिए गए,इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल ने कहा कि इस भयंकर महामारी का हम सब मिलकर ही सामना कर सकते हैं, व्यापार संगठन द्वारा पिछले लॉक डाउन में भी लगातार जरूरतमंद लोगों को सेवा की गई थी एवं अब भी जरूरतमंद लोगों की मदद को संगठन प्रयासरत है इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी पवन वर्मा,तरुण मित्तल, गौरव जैन (आईडिया),अभिलक्ष मित्तल,प्रवीण जैन उपस्थित रहे।
पानीपत खटीमा मार्ग पर हुए सड़क हादसे का वीडियो वायरल, वीडियो बनाने के दौरान हुआ था भीषण हादसा
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें चलती कार में कुछ युवक वीडियो शूट करते हुए दिखाई दे रहे है, लेकिन वीडियो शूट के दौरान अचानक उनकी कार एक ट्रक से टकरा जाती है, जिसमे एक बड़ा हादसा हो जाता है, जिसमें 3 युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
वायरल वीडियो मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के पानीपत खटीमा मार्ग की है, जहाँ शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्विफ्ट कार सवार तीन युवक अरुण, रजत और प्रिंस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि हादसे में दो युवक आकाश और विकास गंभीर रूप से घायल हो जाते है, जिन्हे घटना के बाद सुचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराकर शवों को पोस्मार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी थी। हादसे के शिकार युवकों के परिजन की माने तो पांचों युवक शुक्रवार की शाम को खतौली से दवाई लेकर स्विफ्ट कार द्वारा अपने गांव गुर्जरहेड़ी जा रहे थे, उसी दौरान पानीपत खटीमा मार्ग पर स्थित काजीखेड़ा गाँव के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ओर कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई थी, जिसके बाद ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुट जरूर गई है, लेकिन इस मामले में पुलिस का कोई भी अधिकारी मीडिया से बात करने तक को तैयार नहीं है।

