समाचार
हमला करने पर दबोचा
मुजफ्फनगर। पुलिस ने अध्यापक पर हमला करने के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित की। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते अपराधो पर रोकथाम व अपराधियो की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियान के तहत नई मन्डी कोतवाली पुलिस ने गांव कूकडा निवासी अध्यापक के साथ गाली गलौच करने व मारपीट के आरोपी हिमांशु को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी की।
एक अन्य मामले मे नई मन्डी इंस्पैक्टर दीपक चतुर्वेदी द्वारा क्षेत्र के गश्त व चैकिंग के दौरान बागोवाली निवासी मारपीट के आरोपी अजय, रोहित व राहुल को गिरफ्तार कर लिया। गांव बागोवाली निवासी युवक वेणू पुत्र रणसिह ने मारपीट व झगडे के आरोप मे इन तीनो के खिलाफ नई मन्डी कोतवाली मे मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इन तीनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित की।
बच्ची को परिजनों को सौंपी
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने लापता हुई करीब 6 वर्षीय मासूम बच्ची की तलाश कर उसे परिजनो को सौप दिया। जानकारी के अनुसार शामली निवासी तस्लीम अपनी बेटी करीब 6 वर्षीय अक्शा के साथ मुजफ्फरनगर रिश्तेदारी मे आया हुआ था कि बघरा तांगा स्टैण्ड के समीप जब वह एक दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए रूका कि इसी बीच उसकी बेटी अक्शा अचानक कहीं लापता हो गई। बच्ची के अचानक कहीं गुम हो जाने से घबराये परिजनो ने शामली स्टैण्ड पुलिस चौकी पहुंच कर चौकी प्रभारी को इसकी सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने भागदौड कर लापता हुई बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
तमंचा, कारतूस, नशे की गोलियों सहित पकडा
पुरकाजी। थाना पुरकाजी पुलिस द्वारा दौराने पुलिस मुठभेड के ०१ अवैध मादक पदार्थ तस्कर अभियुक्त को जुए की खाईवाड़ी करते समय गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने नदीम पुत्र जमीर हसन निवासी बिल्लीशाह चौक मोहल्ला झोझगान क़स्बा व थाना पुरकाजी जनपद मुज़फ्फरनगर बताया। जिसके कब्जे से०१ तमंचा मय ०३ जिन्दा कारतूस व ०१ खोखा कारतूस ३१५ बोर, ०१ नाजायज चाकू, ४९० नशीली गोलिया, ५२ ताश के पत्ते आदि बरामद की गयी।
चिकित्सा शिविर 15 को
मुजफ्फरनगर। एसएस दास चैरिटेबल मैमोरियल ट्रस्ट की आवश्यक बैठक ट्रस्ट के मुख्य कार्यालय स्टेट बैंक भवन, नई मंडी में आयोजित की गयी। जिसमें उपस्थित पदाधिकारियों व सदस्यों ने निर्णय लिया कि एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाये। बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार आगामी 15 मार्च दिन रविवार को एक विशाल होम्योपैथिक शिविर स्टेट बैंक भवन, नई मंडी में आयोजित किया जा रहा है। जिसका उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रवीण चौपडा करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला होम्यापैथी चिकित्सा अधिकारी डा. अक्षय कात्यान करेंगे। मुख्य ट्रस्टी संदीप दास एडवोकेट ने बताया कि निःशुल्क चिकित्सा शिविर में लगभग एक दर्जन डाक्टर्स की टीम मरीजों का परीक्षण कर उन्हे निःशुल्क मश्वरा व दवाईया प्रदान करेगी तथा ब्लड शुगर की भी जांच मुफ्त की जायेगी। एक दिवसीय शिविर प्रातः साढे दस बजे से साढे तीन बजे तक कार्यरत रहेगा। मरीजों का रजिस्ट्रेशन मौके पर ही किया जायेगा। मरीजों को पैथोलोजी डिस्काउंट कूपन भी प्रदान किये जायेंगे।
भोकरहेड़ी बना विजेता
मोरना। भोपा क्षेत्र के ग्राम किशनपुर में आयोजित प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में मेजबान किशनपुर की टीम को भोकरहेडी क्लब ने हराकर खिताब को जीत लिया। विजेता टीम को मुख्य अतिथि द्वारा शील्ड प्रदान की गयी। किशनपुर में आयोजित किशनपुर प्रीमियर लीग में क्षेत्र व दूरदराज की टीमों ने भाग लिया। खिलाडियों ने शानदार क्रिकेट का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में भोकरहेडी की टीम ने आसफनगर की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच में भोकरहेडी क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित १६ ओवर्स में ११६ रन बनाए। जिसका पीछा करते हुए मेजबान टीम मात्र ९० रन पर सिमट गयी।
जिला बदर दबोचा
पुरकाजी। जिला बदर हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने नशीली गोलियों समेत पकड मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। एसएसआई मदन सिंह बिष्ठ ने बताया कि चौकी इंचार्ज दरोगा प्रेमपाल सिंह ने कस्बे के जिला बदर किए हिस्ट्रीशीटर सोमपाल उर्फ बंदरू निवासी मोहल्ला झोझगान को जेल भेजा।
उर्स मुबारक की तैयारियां पूरी
मोरना। चार दिवसीय उर्स मुबारक का आयोजन शुक्रवार से आरम्भ हो गा जिसकी तैयारी पूर्ण कर ली गयी है। मोरना के पास ग्राम बिहारगढ स्थित खानकाहे खुशहालिया चिल्लागाह शरीफ के सज्जादानशीं हजरत ख्वाजा जव्वाद अहमद शाह खुशहाली ने जानकारी दी।
तीन घायल
खतौली। रतनपुरी थाना क्षेत्र में सठेडी गांव के समीप गन्ने से भरी ट्राली से कार टकरा गई। हादसे में कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। पानीपत निवासी सोहिल सैंट्रो कार से बिजनौर से इरफान , अजमत के साथ बिजनौर से घर वापस लौट रहा था।
महिला को परिजनों को सौंपा
शाहपुर। गांव कसेरवा से एक दिन पूर्व फरार हुई महिला को स्थानीय पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन द्वारा जनपद सहारनपुर से बरामद करते हुए उसके परिजनों को सौप दिया। गांव कसेरवा से एक महिला अपने एक बच्चे को लेकर फरार हो गई थी। परिजनों को सपुर्द कर दिया।
सुराग नहीं मिला
भोपा। भोपा थाना क्षेत्र के गांव अथांई निवासी सत्तो देवी ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसकी २२ वर्षीय बेटी भावना गत २९ फरवरी से घर से लापता है। सभी संभावित रिश्तेदारियों में तलाश कर लिया है लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शिविर का शुभारंभ
छपार। क्षेत्र के गांव बसेडा में स्थित जनता जनार्दन इंटर कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ प्रबंधक जोरावर सिंह ने किया। बसेडा के आर्य समाज मंदिर में शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्य रुप से रामगुनी वर्मा, अरविंद कुमार, नितिन रहे।
आज होगी बैठक
मुजफ्फरनगर। प्रदेश में महिला उत्पीडन की रोकथाम एवं पीडित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने तथा आवेदक/आवेदिकाओं की सुगमता की दृष्टि से जनपद मुजफ्फरनगर में दिनांक-13 मार्च 2020 को पूर्वाहन 11 बजे गंगा नहर, गेस्ट हाऊस, महावीर चौक, मुजफ्फरनगर में उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष (उप मंत्री स्तर) की अध्यक्षता में महिला उत्पीडन सम्बन्धी प्रकरणों की समीक्षा बैठक करेगी।
बेटी के उत्पीड़न का लगाया आरोप
मुजफ्फरनगर। बेटी के साथ पति व अन्य ससुराल वालो की जा रही प्रताडना तथा किसी अनहोनी की आशंका से त्रस्त परिजनो ने आला अधिकारियो से मामले की छानबीन कराकर ठोस कार्यवाही की गुहार लगाई।
थाना मीरापुर क्षेत्र के गांव सम्भलहेडा निवासी श्रीमति बिल्लो पत्नि शकील ने अपने परिजनो व अन्य ग्रामीणो के साथ कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पहुंच कर डीएम सेल्वा कुमारी जे. के नाम सौपे गए शिकायती पत्र मे आरोप लगाते हुए बताया कि प्रार्थिया की बेटी का विवाह सुहैल पुत्र अहसान निवासी सम्भलहेडा के साथ हुआ था। श्रीमति बिल्लो का आरोप है कि उसकी बेटी के ससुराल वाले उनकी बेटी के साथ को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडित करते है। तथा उसके साथ दुर्रव्यवहार करते है। निकाह के 2 माह के भीतर प्रार्थीया की बेटी से करीब 4 बार मुलाकात हो पाई है। आरोप है कि उसकी बेटी का पति सुहेल व अन्य परिजन उनकी बेटी को परेशान करते हैं। श्रीमति बिल्लो का कहना है कि उसे अपनी बेटी के साथ किसी अनहोनी की आश्ांका का भय सता रहा है। अतः उक्त मामले मे जांच कराकर आरोपी ससुराल वालो के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
पूर्व बार संघ अध्यक्ष के पुत्र का निधन
मुजफ्फरनगर। जिला बार संघ के पूर्व अध्यक्ष राजेश्वर दत्त त्यागी के पुत्र का बीमारी के कारण निधन हो जाने से जनपद मे शोक की लहर दौड गई। अनेक गणमान्य लोगो ने शोक संतप्त परिजनो से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। सैकडो लोगो ने नम अांखो से अंतिम विवाद दी।
जिला बार संघ के कई बार अध्यक्ष रहे एडवोकेट राजेश्वरदत्त त्यागी के बेटे राहुल त्यागी का बीमारी के कारण निधन हो गया। राहुल त्यागी काफी लम्बे समय से बीमार चल रहे थे,तथा वर्तमान मे वे पिछले करीब 10-12 दिन से )षिकेश स्थित एम्स मे भर्ती थे। जहां आज सुबह राहुल त्यागी का निधन हो गया। राहुल त्यागी के निधन से नगर मे शोक छा गया। विभिन्न राजनैतिक,सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओ से जुडे पदाधिकारियों,मीडियाकर्मियो तथा जिला व सिविल बार एसो.से जुडे अधिवक्ताओ ने राजेश्वर दत्त त्यागी के आवास विकास कालोनी स्थित आवास पर पहुंच कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। दोपहर के समय राहुल त्यागी का नई मन्डी शमशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैकडो लोगो ने राहुल त्यागी को अश्रुपूर्ण विदाई दी।
अतिथि व्याख्यान का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ, मुजफ्फरनगर में एक अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया जिसका विषय था -२१ वी सदी में महिलाओ की भूमिका। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली की प्रसिद्ध मनोचिकित्सक मोना शर्मा राना उपस्थित रही। सर्वप्रथम श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ की प्रवक्ता आँचल अग्रवाल ने मुख्य अतिथि मोना शर्मा राना को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। मंच का संचालन भी प्रवक्ता आँचल अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मोना शर्मा राना ने कहा कि हमारे देश में प्राचीन काल से ही नारी को सम्मान देने की परंपरा रही है। भारतीय नारी विद्या, बुद्धि, शौर्य, चरित्र में आदर्श रही है एवं भारत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ अपना परचम लहराया है। देश और समाज के उत्थान मे भी महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया है। महिलाओं की बढ़ती जागरूकता तथा दृढ़ इरादे हमारी आर्थिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक व्यवस्था को सशक्त कर रहे है। महिलाओं को लेकर समाज की मानसिकता को सकारात्मक बनाने के लिए सोच में बदलाव का आना आवश्यक है। उन्होने आगे कहा कि आज भी महिलाओं के साथ हो रहे भेदभाव के अनेको उदाहरण समाज मे हर जगह देखने को मिल रहे है। आज भी भारतीय समाज में अनेको कुरीतियां प्रचलित है जैसे दहेज प्रथा आदि जिस कारण महिलाओं की समाज में पूर्ण भागिता नही हो पा रही है। केवल समाज में महिलाओं की भागीदारी ही उस भेदभाव को समाप्त कर सकती है। उन्होने कहा कि सशक्त राष्ट्र के लिए महिलाओ का सशक्त होना अनिवार्य है।
इसके साथ ही उन्होने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए महिलाओं के सम्मान और समानता के विषय में चर्चा की। लैंगिक असामनता को लेकर भी उन्होने छात्राओं से उनके विचार पूछे और महिलाओं की शिक्षा व मानसिक शक्ति को लेकर अपने विचारो का आदान-प्रदान किया। मुख्य अतिथि ने महिलाओं के सम्मान, इच्छाओं तथा उनकी स्थिति के विषय में समाज की मानसिकता पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के अन्त में विधि विभागाध्यक्षा डा० पूनम शर्मा ने मुख्य अतिथि मोना शर्मा राना को प्रतीक चिन्ह भेंट करतें हुए उनका सम्मान किया। श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य डॉ० रविन्द्र प्रताप सिंह द्वारा मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्री राम कॉलेज ऑफ लॉ के प्रवक्तागण संजीव कुमार, आँचल अग्रवाल, राखी ढिलोर एवं अन्य स्टाफ में मौहम्मद आमिर का सराहनीय योगदान रहा एवं सचिन भी उपस्थित रहें।

