समाचार
महिला का शव फांसी पर लटका मिला
मीरापुर। महिला का शव फांसी पर लटका देख परिजनो मे हडकम्प मच गया। हादसे पर पडौसी भी मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की।
जानकारी के अनुसार थाना मीरापुर के मौहल्ला कोटला निवासी करीब 26 वर्षीय आरती पत्नि गोपाल ने आज सुबह खुद को फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। विवाहिता का शव फांसी पर लटका देख परिजनो मे हडकम्प मच गया। महिला की मौत की खबर मिलते ही गोपाल के पडौसी एवं अन्य मौहल्लावासी मौके पर एकत्रित हो गए। मौहल्लावासियो की सूचना पर पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। महिला की मौत की दुखद खबर से परिजनो मे कोहराम मच गया। विवाहिता के मायके वाले भी मीरापुर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने परिवारजनो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। बताया जाता है कि आरती के पति गोपाल ने बीते दिन ही कस्बे मे सुनार की दुकान का मुहुर्त किया है। मृतका की एक बच्ची भी है। पुलिस ने परिजनो की मौजूदगी मे फांसी पर लटके शव को उतरवा कर पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। पुलिस सूत्रो का कहना है कि पोस्ट मार्टम रिर्पोट व मामले की छानबीन के बाद ही इस सम्बन्ध कुछ कहा जा सकेगा। महिला की मौत से परिजनो मे शोक छाया हुआ है।
भारतीय किसान यूनियन का बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन जारी
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन का बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन अब बेमियादी हो गया है। ऐसे में अधीक्षण अभियंता के कार्यालय पर घेराव प्रदर्शन के लिए किसानों का धरना दूसरे दिन गुरूवार को भी जारी रहा। आज धरने पर किसानों के साथ भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत व अन्य नेता भी पहुंचे। राकेश टिकैत ने कहा कि जब तक किसानों के साथ न्याय नहीं होता, यह आंदोलन चलाया जायेगा। बता दें कि पुरकाजी में भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष मांगेराम त्यागी के खिलाफ बिजली विभाग के द्वारा की गयी कानूनी कार्यवाही के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने २८ अक्टूबर को आंदोलन शुरू किया। इसके तहत बुधवार को जहां भाकियू के जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने किसानों के साथ नुमाईश कैम्प स्थित विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता के कार्यालय का घेराव करते हुए धरना दिया तो वहीं गुरूवार को दूसरे दिन इस अांदोलन का नेतृत्व भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अफसर और कर्मचारी पूरी तरह से निरंकुश हो रहे हैं। बिजली विभाग में उपभोक्ताओं को परेशान करने के अलावा कुछ दूसरा काम नहीं हो रहा है। विभाग में बड़े वित्तीय घोटाले हो रहे हैं, लेकिन कुछ नहीं हो पा रहा है। किसानों का उत्पीड़न करने पर यदि कोई आवाज उठाता है तो उसके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करा दिया जाता है, बकाया बिलों को लेकर किसानों का शोषण करने के लिए उनको कार्यवाही का भय दिखाकर उनको आर्थिक और मानिसक उत्पीड़न किया जा रहा है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता किसी भी ज्यादती के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं और संघर्ष करते रहेंगे। किसी भी कार्यकर्ता के मान सम्मान से खिलवाड़ हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने इस आंदोलन को बेमियादी बनाने का ऐलान करते हुए कहा कि जब तक किसानों के साथ इंसाफ नहीं किया जाता है, विभागीय अफसरों पर कार्यवाही नहीं होती है, तब तक यह आंदोलन जारी रखा जायेगा। आज भाकियू के धरने पर यूनियन कार्यकर्ता और किसान अपने पुराने अंदाज में दिखे। यहां पर भट्टी चढ़ाकर यूनियन कार्यकर्ताओं ने दोपहर का भोजन भी खुद तैयार किया। हुक्का लेकर किसान धरने पर डटे रहे। आज धरने पर मुख्य रूप से भाकियू के मण्डल महासचिव राजू अहलावत, पुरकाजी चेयरमैन जहीर फारूकी के साथ ही सैंकड़ों किसान मौजूद रहे।
कचहरी परिसर में सुरक्षा को मद्देनजर चैकिंग अभियान चलाया
मुज़फ्फरनगर। कचहरी परिसर की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए क्षेत्राधिकारी फुगाना राम मोहन शर्मा द्वारा डॉग स्क्वायड, एलआईयू टीम व पुलिस बल के साथ जनपद में स्थित कचहरी परिसर में सघन चौकिंग अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वॉड व एलआईयू टीम ने स्थानीय पुलिस बल के साथ मुजफ्फरनगर कचहरी परिसर में खडे वाहनों एवं संदिग्ध वस्तुओं की जांच की साथ ही परिसर के आसपास घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा वहां मौजूद व्यक्तियों से अपील की गयी कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दे।
सफाई का कार्य कराया
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका चेयरमैन अंजू अग्रवाल के निर्देश पर आज वार्ड संख्या 15 व 16 श्रीमती कैलासो देवी एवं श्रीमती उमा देवी के वार्ड में दीपक पैलेस के पीछे वाली साइड तथा साबुद्दीन पुर रोड के बगल में संकीर्ण नालों की मैनुअली सफाई कराई गई तथा संख्या 19 में प्रियांशु जैन सभासद के वार्ड में मंडी श्मशान घाट से लेकर बाबूराम गेट साइड में मैनुअली सफाई का कार्य कराया गया। मदीना चौक से कब्रिस्तान साइड के डिवाइडर की घास कटवा कर पूरी तरह सफाई कराई गई। इसके वार्ड संख्या 3, वार्ड संख्या 46 में श्रीमती सरिता उर्फ सादिया सभासद के वार्ड में जेसीबी मशीन के माध्यम से नालों की तली झाड़ सफाई कराई गई। वार्ड संख्या 13 में अरविंद धनगर सभासद के वार्ड आनंदपुरी क्षेत्र तथा कच्ची सड़क पर मैनुअली सैनिटाइजर का कार्य कराया गया।
पुलिस ने कई वांछितों को गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। थाना को0नगर पर उ0नि0 राजेन्द्र प्रसाद वशिष्ठ द्वारा गैंगेस्टर अधि0 में वॉछित अभियुक्त मोहर्रम अली पुत्र रहमत अली नि0 मिमलाना रोड थाना को0नगर मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना नई मण्डी पर उ0नि0 धर्मवीर कर्दम द्वारा वॉछित अभियुक्त आरिफ पुत्र मौ0 हुसैन, अजीत पुत्र मोबीन खान, अरमान पुत्र मौ0 साजिद नि0गण खालापार थाना कोतवालीनगर मु0नगर को अभि0गण के मस्कन से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना सिविल लाइन पर व0उ0नि0 बचन सिंह अत्री द्वारा वॉछित अभियुक्त विक्की शर्मा पुत्र स्व0 पवन शर्मा, कार्तिक पुत्र देवेन्द्र, सागर पुत्र ऋषिपाल, हरिओम उर्फ हनी पुत्र ऋषिपाल नि0गण काशीराम आवास विकास कालोनी थाना सिविल लाइन मु0नगर को थाना क्षेत्र सिविल लाइन के भिन्न-भिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना छपार पर उ0नि0 हरिराज सिंह द्वारा वॉछित अभियुक्त अफजाल पुत्र सगीर अहमद नि0 ग्राम दधेडू कलां थाना चरथावल मु0नगर को ग्राम दधेडूकलां अडडे से गिरफ्तार किया गया।वहीं थाना खतौली पर उ0नि0 नितिन कुमार द्वारा वारण्टी अभियुक्त अमर सिंह पुत्र बचन सिंह नि0 विशनपुरी थाना खतौली मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया गया। थाना खतौली पर उ0नि0 राधेश्याम यादव द्वारा वारण्टी अभियुक्त जान मौहम्मद पुत्र यामीन नि0 आलू मिल सददीकनगर थाना खतौली मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया गया।वहीं थाना भोपा पर उ0नि0 वीर सिंह द्वारा वॉछित अभियुक्त गगन कुमार उर्फ विनय कुमार पुत्र नरेन्द्र नि0 ग्राम बरूकी थाना भोपा मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया गया।
अवैध शराब के साथ किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना मन्सूरपुर पर नियुक्त उ0नि0 यूनूस खान द्वारा अभियुक्त अमरेश पुत्र सेवाराम नि0 ग्राम व थाना मन्सूरपुर मु0नगर को सिखेडा रोड रजवाहे की पुलिया से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 20 पव्वे स्पेशल प्रीमियम व्हीस्की बरामद किया गया।
खतौली। थाना खतौली पर नियुक्त उ0नि0 नितिन कुमार द्वारा अभियुक्त अरशद पुत्र अब्दुल हक नि0 डोकिया का पुल मनीहार वाली गली भूमिया का पुल लिसाडी गेट मेरठ को मेरठ बार्डर बडी नहर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 02 जिन्दा कारतूस 12 बोर बरामद किया गया।
एक करोड़ रुपये मुआवजा की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
पुरकाजी। बजरंग दल द्वारा जिला संयोजक पीयूष राणा के नेतृत्व में फरीदाबाद में हुई निकिता की हत्या को लेकर थाना पुरकाजी के बाहर जोरदार नारो के साथ प्रदर्शन किया गया। फाँसी की मांग एवं परिवार को १ करोड़ रुपये मुवावजा व लव जिहाद पर जल्द से जल्द कानून बनाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम थाना प्रभारी पुरकाजी जितेंद्र यादव को ज्ञापन सोपा गया। इस मौके पर भाजपा नेता वीरेन्द्र सिंह, प्रखंड संयोजक अंकुर शर्मा, नगर संयोजक विपिन वर्मा, प्रखंड छात्र प्रमुख अंकित पाल, नीरज सैनी, अरुण मित्तल,आर्यन पाल, अजय तोमर, आदित्य पाल,आकाश प्रजापति, अनुज कुमार, नीरज पाल, सुमित शर्मा,अक्षय, मोहित,दिनेश, नितिन, गुरप्रीत उपाध्याय, सौरभ भटियान आदि कार्यकर्ता रहे।
सर्राफा व्यापारियो का जाना हाल –पैदल गश्त किया
बुढाना। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते कोतवाली प्रभारी मगनवीर सिंह गिल के नेतृत्व मे पुलिस ने आगामी त्यौहारों के मददेनजर कस्बे के सदर बाजार, बडा बाजार और छोटा बाजार सहित अन्य स्थानो पर व्यापारियो के पास जाकर उनका हालचाल पूछा और मेन रोड पर पैदल गश्त किया। पुलिस ने इस दौरान बिना मास्क घूम रहे व्यक्तियो के विरूद्व भी मास्क अभियान चलाकर मास्क पहनने के लिए सख्त निर्देश दिए। इस दौरान इंस्पैक्टर मगनवीर सिह गिल के साथ भारी पुलिस ुफोर्स मौजूद रहा। वहीं दूसरी और बुढाना कोतवाली पुलिस ने एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के अनुपालन मे जनपद मे चलाए गए वांछित अपराधियो की धरपकड अभियान के अंतर्गत इंस्पैक्टर मगनवीर सिह गिल द्वारा गठित टीम मे शामिल सब इंस्पैक्टर धीरज सिह,का.जय भगवान, का.अंकित ने चैकिंग के दौरान एक वांछित अल्लाफ पुत्र वकील निवासी मंडवाडा बुढाना को पकड लिया। जिसके कब्जे से पुलिस ने 1 तमंचा,एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी अल्लाफ से पूछताछ कर उसके जेल भेज दिया।
कोविड-19 के प्रभाव से बचाव के विषय मे जानकारी दी
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के बाद स्कूल/कॉलेज खुलने पर छात्र-छात्राओ को कोविड-19 के प्रभाव से बचाव के विषय मे जानकारी दी गई। आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवकुमार यादव ने छात्रो को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी छात्र/छात्राएं मास्क व सैनेटाइज का प्रयोग करें तथा सोशल डिस्टेसिंग का पूरा ख्याल रखें। विद्यालय प्रधानाचार्य एवं पीटीई राजीव शर्मा ने छात्रो को कोरोना वायरस के प्रभाव से बचाव के लिए पूरी हिरायत बरतने की बात कही। विद्यालय प्रबन्ध समिति के निर्देशो के चलते कोरोना वायरस के प्रभाव को निष्फल करने के लिए अपनाए जाने वाले सभी उपायो का विशेष ख्याल रखने के निर्देश दिए।
भाजपा की नितियों से अवगत कराया
मुजफ्फरनगर। बेहड़ा सादात मण्डल में अयोजित केंदीय प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश पिछडा वर्ग आयोग सदस्य जगदीश पाँचाल द्वारा कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी की रीति नीतियों से अवगत कराते हुऐ बताया कि अन्य पार्टियों की अपेक्षा इस पार्टी के कार्यकर्ता की अलग से पहचान होनी चाहिये। केन्द्र व राज्य सरकारों द्वारा श्रमिकों के लाभार्थ, किसान बंधुओं के हितार्थ, व्यापारियों के हित मे बहुत सारी जनहित योजनाये लागू की हैं और इन सारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता को मिलता भी दिखाई दे रहा है। बिजली की उपलब्धता ,समाज मे फैला जो डर पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में था उसको जड़ से समाप्त कर दिया गया है। चोर बदमाश लोग थानों में आकर आत्मसमर्पण करने आते रहते है।कानून का ऐसा राज्य केवल मोदीजी व योगी जी के कारण ही सम्भव है।वरना तो नेता का अर्थ पिछले समय मे गुंडे लोगों को सपोर्ट करना गरीबों के हितों की उपेक्षा करना ही उन लोगोँ का काम था अब परिवर्तित हो कर नेताओं का काम जनता के बीच रह कर जनता की समस्याओं का निराकरण करना हो गया है। यह परिवर्तन योगी जी मोदी जी की प्रेरणा से ही मिल सका है।
योद्धाओं का सम्मान किया
मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जरोदा कर्म योद्धा 2020 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सामाजिक संस्था राजनीतिक एवं पत्रकारिता से जुड़े सच्चे योद्धाओं का सम्मान किया गया। उत्तर प्रदेश योगा एसोसिएशन के तत्वाधान में आज कर्म योद्धा 2020 सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें समाज सेवा राजनीतिक सेवा से जुड़े कर्मियों को सम्मानित किया गया कार्यक्रम का संचालन होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल के प्रबंधक परवेन्द्र दहीया द्वारा किया गया। इस दौरान समाजसेवी देवराज पंवार, कुशपूरी, बीना शर्मा, समाजसेवी निधीषराज गर्ग, विकास बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर, नादिर राणा, सत्य प्रकाश रेशू सहित कई गणमान्य समाजसेवी एवं राजनीतिज्ञ मौजूद रहे।
मास्क एवं सैनेटाइज का प्रयोग करें
मुजफ्फरनगर। भारतीय विकास पार्टी की एक बैठक पार्टी के महासचिव किशनलाल कश्यप के निवासी मौहल्ला अबुपुरा पचदरा पर आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता कोषाध्यक्ष नितिन शर्मा ने की संचालन पार्टी सलाहकार समद खान ने किया।
भारतीय विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कश्यप ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पांचवा अनलॉक डाउन खोलने पर हार्दिक अभिनन्दन एवं शुभकानायें दी। श्री कश्यप ने कहा कि बैठक के दौरान समस्त देशवासियो से अपील की कि कोरोना वायरस के प्रभाव को निष्फल करने के लिए मास्क एवं सैनेटाइज का प्रयोग करें। सोशल डिस्टेंसिग के माध्यम से सभी त्यौहार मनाये जाने की अपील की गई। बैठक के दौरान राजन कश्यप,विवेक मित्तल, असलम खान, नवीन कश्यप,दुर्गेश, शिवांशु, प्रहलाद,नरेश आदि मौजूद रहे।
शातिर बदमाश गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। कुख्यात सुशील मूंछ गैंग का सक्रिय सदस्य पुलिसिय कार्यवाही से भयभीत हो जमानत तुडवा कर जेल चला गया। एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल एवं एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते अपराधो पर रोकथाम व अपराधियो के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस व बदमाशो के बीच हुई मुठभेड मे कई शातिर बदमाश असलाह सहित गिरफ्तार किये जा चुके हैं। जनपद मे पुलिस के खिलाफ चल रहे अभियान विशेष के चलते कुख्यात सुशील मूंछ गैंग के सक्रिय सदस्य टॉप-10 के हिस्ट्री शीटर खतौली निवासी रोहित उर्फ शेटटी पुत्र स्व.प्रकाश चन्द ने पुलिसिय कार्यवाही से भयभीत होकर अपनी जमानत तुडवा कर जेल पहुंच गया। एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के अनुपालन मे पुलिस द्वारा सघन चैकिंग/तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा विभिन्न मामलो मे वांछित/शामिल अभियुक्तो की गिरफ्तारी के लिए भी जोरो शोरों से अभियान चला रखा है।
तृतीय सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित
मुजफ्फरनगर। एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में बी०एस०सी० (सी०एस०) तृतीय सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित हुआ। जिसमें प्रथम स्थान पर आने वाले अबदुल्लाह ने ६६.६ प्रतिशत अंक प्राप्त किये, द्वितीय स्थान सोनू ने ६४.२ प्रतिशत व तृतीय स्थान पर आने वाले अनामिका ने ६३ प्रतिशत अंक प्राप्त किये। छात्र/छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता एवं बी०एस०सी० (सी०एस०) विभाग के सभी शिक्षकगणों को देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, कठिन प्रयास. शिक्षकगणों द्वारा दिये गये मार्गदर्शन एवं उच्चतम ज्ञान ही सफलता का रहस्य है। इसी कम मे छात्र/छात्राओं ने ऑनलाईन के माध्यम से बताया कि हमारे कॉलेज में उच्च शिक्षित शिक्षक है, जो समय-समय पर हमारा मार्गदर्शन करते रहते है। कॉलेज प्राचार्य डा० संदीप मित्तल एवं विभागाध्यक्ष डा० संजीव तायल ने तीनो छात्र/छात्राओं को भविष्य में निरन्तर आगे बढ़ने का आर्शीवाद दिया। प्राचार्य डा० संदीप मित्तल ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों की मेहनत व शिक्षको का सही मार्ग दर्शन ही बच्चों का भविष्य उज्जवल बनाता हैं। उन्होने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारे कॉलेज का परीक्षाफल इस वर्ष भी पिछले वर्ष की ही तरह बहुत अच्छा रहा व उन्होने बी०एस०सी० (सी०एस०) विभाग के विभागाध्यक्ष व सभी शिक्षकगणों को बधाई दी। विभागाध्यक्ष डा० संजीव तायल ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारे कॉलेज में छात्र/छात्राओं के लिये प्लेसमेंट के मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था है तथा बी०एस०सी० (सी०एस०) के अधिकतर छात्र/छात्रायें विभिन्न बहुराष्ट्रीय कम्पनियों में कार्यरत है। जिनका प्लेसमेंन्ट कॉलेज के मार्गदर्शन एवं सहभागिता के माध्यम से हुआ है तथा समय-समय पर विभिन्न कम्पनियों की इंडस्ट्रियल विजिट करायी जाती है, जिससे छात्र/छात्राओं में आत्मविश्वास की भावना बनती है व उन्हे अपने बारे में भविष्य के निर्णय लेने के लिये आसानी हो जाती है, इसके अलावा छात्र/छात्रायें अपने बी०एस०सी० (सी०एस०) के अन्तिम वर्ष में अलग-अलग कम्पनियों में ट्रेंनिग करते है, जिसकी व्यवस्था भी कॉलेज के माध्यम से करायी जाती है। इस अवसर पर पाठ्यक्रम प्रभारी मि० तरूण शर्मा ने कहा कि हमारे कॉलेज में छात्र/छात्राओं के लिये समय-समय पर सेमिनार एवं वर्कशॉप का आयोजन होता रहता है तथा ऑनलाईन कक्षाओं के माध्यम से भी छात्र/छात्राओं को निरन्तर अध्ययन कराया जा रहा है। डा० आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर बी०एस०सी० (सी०एस०) विभाग के वैभव वत्स, रोबिन गर्ग, चाँदना दीक्षित, प्रतीक गर्ग, नवनीत चौहान, मोहित गोयल, श्वेता, राहुल शर्मा, रोबिन मलिक, प्रशान्त गुप्ता, विनिता चौधरी, शशांक भारद्वाज व सतीश आदि शिक्षकगण व स्टॉफ ने प्रतिभाशाली छात्र/छात्राओं को बधाई व आर्शीवाद दिया।
बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना के अन्तर्गत जागरूक
मुजफ्फरनगर। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में 31 अक्टूबर पूर्वाहन 11 बजे से विकास खण्ड चरथावल के ग्राम लुहारी में बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना के अन्तर्गत जन-जागरुकता के विभन्न कार्यकमों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं में पात्र लाभार्थियों के चयन हेतु कैम्प का आयोजन, स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चिकित्सा शिविर का आयोजन एवं हीमोग्लोबिन की जांच, नुक्कड नाटक के द्वारा विभिन्न मुद्दो के प्रति जन-जागरुकता, ग्राम पंचायत में निवासरत बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाना, ग्राम पंचायत में नवजात बालिकाओं को पोषण सामग्री एवं बेबी किट का वितरण, ग्राम पंचायत में बालिकाओं के नाम पर वृक्षारोपण कार्यक्रम,ग्राम पंचायत में गुड्डी-गुड्डा बोर्ड की स्थापना, ग्राम पंचायत में स्कूल से ड्रॉपआउट किशोरियों का चिन्हिकरण एवं उनकी शिक्षा हेतु प्रोत्साहन, विभिन्न प्रकार के महिला/बालिका मुद्दो एवं कानूनों के प्रति जागरुकता/क्षमता संवर्धन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण/स्टीकर लगाने का कार्य, ग्राम पंचायत में बेटियों के नाम पर 10 घरों के द्वार पर नेम प्लेट लगाना तथा ग्रामवासियों को इसके लिए प्रोत्साहित करना, हस्ताक्षर अभियान तथा ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन किया जायेगा।
जिलाधिकारी के आदेशानुसार आयोजित होने वाले उपरोक्त कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित कराकर आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के आयोजन में कोविड-19 कोरोना संबंधी गाइडलाईन/ दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाये तथा सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क संबंधी नियमों का भी विशेष ध्यान रखा जाये।

